थाना घेरकर पत्थर फेंकती रही भीड़, थानाध्यक्ष व पेट्रोलिंग टीम सस्पेंड हुई तब थमा आक्रोश
कोचस स्टेट बैंक की शाखा में पेट्रोल पंप मालिक रामाशंकर सिंह के साथ पैसे जमा करने गए उनके बेटे 30 वर्षीय राहुल को अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। यह घटना सोमवार को लगभग बारह बजे स्टेट बैंक से थोड़ी दूरी पर उस समय घटी। जब पिता पुत्र रुपयों भरा थैला लेकर बैंक में जाने के लिए अपनी कार से नीचे उतरे ही थे। तभी पीछे से दो अपाची मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधी आ धमके। एक ने राहुल से रुपयों का थैला छिनने का प्रयास किया।
जब उसने विरोध किया तो उसके सीने में अपनी पिस्टल की गोली उतार दी। गोली मारकर रुपयों का थैला लेकर अपराधी भाग ही रहे थे कि बगल के वेल्डिंग दुकान के मालिक दीपक कुमार ने अपने लोहे की राड से अपराधी को मारा तो रुपयों का थैला उसके हाथ से गिरा, परंतु चलते-चलते अपराधी ने दीपक को भी गोली मार दी। जो गोली उसके पैर में जा लगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गोली से घायल राहुल और दीपक को कोचस पीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया।
जाम छुड़ाने पहुंचे इंस्पेक्टर को खदेड़ा, कई थानों की बुलाई गई थी पुलिस
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने पहले तो पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। फिर राहुल के शव को लेकर कोचस महात्मा गांधी चौक पर रखने के बाद एनएच 30 और सासाराम चाैसा स्टेट हाइवे को जाम कर दिया। जब वहां इंस्पेक्टर सुबोध कुमार स्थानीय पुलिस के साथ पहुंचे तो उन्हें खदेड़ लिया। फिर करगहर थानाध्यक्ष सुशांत मंडल सहित आस पास के थाने से पुलिस कर्मियों को बुलाया गया।
फिर भी भीड़ नहीं मानी। आगे बढ़ते हुए कोचस थाना का घेराव कर पथराव शुरू कर दिया। जिस पथराव में करगहर थानाध्यक्ष सुशांत मंडल, कोचस थानाध्यक्ष राकेश कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर सुबोध कुमार, एसआई मनोज कुमार, रामावधेश राम सहित एक दर्जन पुलिस कर्मी घायल हो गए।
आक्रोशित भीड़ ने कई बार थाने पर पथराव किया, मानने को नहीं थे तैयार
आक्रोशित भीड़ थाने से लेकर पुलिस कर्मियों पर कई बार पथराव की। छह घंटे तक एनएच 30 और सासाराम चौसा स्टेट हाइवे को जाम रखा। कोचस बाजार पूरी तरह बंद रहा। अंत में शाम को रोहतास एसपी सत्यवीर सिंह के कार्रवाई और आश्वासन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम लाया जा सका। भीड़ का आक्रोश थम नहीं रहा था।
तब कुछ स्थानीय जन प्रतिनिधि आगे आए और रोहतास एसपी से मिलकर आक्रोशित लोगों के मांगों को पूरा करने का आग्रह किया। इन मांगाें के आधार पर रोहतास एसपी ने तत्काल कोचस थानाध्यक्ष राकेश कुमार सहित पुलिस सहायक निरीक्षक बालमुकुंद पासवान और गश्ती टीम को सामूहिक रूप से निलंबित कर दिया।
वेल्डर की दिलेरी से बच गए लाखों रुपए, पैर में लगी है गोली
इस घटना में राहुल से रुपयों का थैला लेकर भाग रहे अपराधी को जैसे ही बगल के वेल्डिंग दुकान के मालिक दीपक नेे देखा तो अपने लोहे के राड से अपराधी पर हमला बोल दिया। राड लगने से चोट खाए अपराधी ने दीपक पर भी गोली चला दी।
गोली चलाते समय दोनों हाथ से पिस्टल थामने के कारण रुपयों भरा थैला वहीं पर गिर गया। उसके बाद गोली चलाने वाला अपराधी किसी तरह भागकर अपने सहयोगी की बाइक पर चढ़ा और वहां से निकल गया। नीचे गिरे थैले को स्थानीय लोगों ने पेट्राेल पंप मालिक के हवाले किया।
चार बहनों का अकेला भाई था राहुल
पेट्राेल पंप मालिक रामाशंकर सिंह का पुत्र राहुल अपने मां बाप का इकलौता बेटा था। जो अपनी चार बड़ी बहनों के बीच सबसे छाेटा था। राहुल को भी दो छोटी बेटियां हैं। घटना के बाद रामाशंकर सिंह अपनी आंखों के सामने गोली खाकर मौत की नींद सो चुके बेटे की याद में अभी भी विक्षिप्तों की तरह चिल्ला उठते हैं। जो बोलते हैं अब इन पैसों और व्यवसाय का क्या मतलब।
जिसके कारण मेरा इकलौता बेटा चला गया। मेरे लिए अब यह दुनिया बेमानी सी है। घटना की जानकारी के बाद राहुल की चारो बहनें भी कोचस पहुंच चुकी थी। पत्नी पहले से ही पति के शव को देखकर बेहोश हुई है। जाे अब तक होश में नहीं आई। मां का रो रोकर बुरा हाल है। इस घटना के बाद पूरे कोचस में मातम का माहौल है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/kochs/news/crowd-kept-throwing-stones-surrounded-by-police-station-police-station-and-patrolling-team-suspended-128014447.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/12/15/0_1607987462.jpg
0 Response to "थाना घेरकर पत्थर फेंकती रही भीड़, थानाध्यक्ष व पेट्रोलिंग टीम सस्पेंड हुई तब थमा आक्रोश"
Post a Comment