फिर मुख्यमंत्री बनने पर बोले नीतीश- मेरा कोई क्लेम नहीं, एनडीए तय करेगा; इधर, पूरा एनडीए एकसुर-नीतीश ही होंगे हमारे सीएम
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि अबकी विधानसभा चुनाव में कुछ लोगों को कन्फ्यूजन फैलाने बहुत सफलता मिली। वे कामयाब भी हुए। गुरुवार को नीतीश, जदयू के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक करने के बाद मीडिया से मुखातिब थे। फिर सीएम बनने से जुड़े सवाल पर नीतीश ने कहा-’इस बारे में मेरा कोई क्लेम नहीं है। यह तो एनडीए तय करेगा। मैं एनडीए के साथ हूं।’
यहां बता दें कि एनडीए के घटक दल हम और वीआईपी नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने के सवाल पर एकसुर हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तो बुधवार को ही दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में आयोजित बिहार विजय उत्सव में ऐलान कर दिया है कि बिहार में नीतीश ही हमारे सीएम होंगे। प्रधानमंत्री कहा कि नीतीश जी के नेतृत्व में बिहार में विकास के काम को आगे बढ़ाया जाएगा।
नीतीश कुमार ने यह स्पष्ट भी किया कि एनडीए के पास पूर्ण बहुमत है, लिहाजा सरकार को ठीक से चलाने में कोई मुश्किल नहीं है। उनसे पूछा गया कि आपने इस चुनाव को अपना अंतिम चुनाव बताया है? उन्होंने इसे नकारा। कहा-मैं हर चुनाव के अंत में कहता हूं कि अंत भला तो सब भला। हालांकि, मेरी कभी कोई व्यक्तिगत ख्वाहिश नहीं रही है। मगर काम करना पड़ेगा, तो पूरी मजबूती से करेंगे। लोजपा पर कार्रवाई से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में भाजपा को निर्णय करना है।
अंतिम चुनाव पर बोले-मैं हर चुनाव के अंत में कहता हूं कि अंत भला तो सब भला
नीतीश कुमार से पूछा गया कि क्या आपके फिर से मुख्यमंत्री बनने को लेकर कोई संशय है? उन्होंने कहा-यह तो एनडीए की मीटिंग में तय होगा। एक बात बिल्कुल समझ लीजिए कि मैंने इसके लिए कभी दावा नहीं किया। हमने सिर्फ काम किया। मुझसे व्यक्तिगत रूप से पूछिएगा तो मैं यही कहूंगा कि मेरा कोई क्लेम नहीं है। इस बारे में एनडीए का निर्णय मान्य होगा। मैं एनडीए के साथ हूं।
इस सवाल के जवाब में कि ‘आखिर लोगों ने आपकी पार्टी को उम्मीद के अनुसार वोट क्यों नहीं दिया’, नीतीश ने कहा-जब काम करने वाले को ऐसे अपमानित किया जाएगा, तो ऐसा करने वाले लोग अपनी स्थिति के बारे में खुद सोचें। लोकतंत्र में जनता मालिक है।
हम उसकी सोच व निर्णय के बारे में क्या बोल सकते हैं? चुनाव में बहुत भ्रम फैलाया गया और लोग भ्रमित भी हुए, तो इसमें हम क्या कर सकते हैं? हम तो अपनी बात लगातार कहते रहे। लोग जानते नहीं हैं कि उनके गांव-इलाके में विकास का कितना काम हुआ है? प्रदेश का कोई भी इलाका या तबका, विकास से अछूता है? सबकुछ तो दिख रहा है।
आज एनडीए की बैठक: अभी नई सरकार की तिथि तय नहीं: सीएम
एनडीए के घटक दलों की बैठक शुक्रवार को हो सकती है। इसमें भावी सरकार की रूपरेखा पर विमर्श संभावित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई सरकार बनने की तारीख अभी तय नहीं हुई है। घटक दलों के लोग एकसाथ बैठक करेंगे। ऐसे सभी लोगों से मुलाकात हो चुकी है। जब इस्तीफा करने जाएंगे, हाउस को विघटित करेंगे, इसके बाद ही नई सरकार बनेगी।
राज्यपाल को सौंपी चुने गए विधायकों की सूची
बिहार विधानसभा चुनाव का परिणाम घोषित होने के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एचआर श्रीनिवास ने गुरुवार को राज्यपाल फागू चौहान को नवनिर्वाचित विधायकों की सूची सौंपी। इसके साथ ही 25 सितंबर से प्रभावी आदर्श आचार संहिता भी समाप्त हो गई। इसी के साथ निर्वाचन कार्य में लगे अफसरों के ट्रांसफर-पोस्टिंग पर रोक हट गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/then-on-becoming-the-chief-minister-nitish-said-i-dont-have-any-claim-nda-will-decide-here-our-cm-will-be-the-entire-nda-accurate-nitish-127911275.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/11/13/45_1605222467.jpg
0 Response to "फिर मुख्यमंत्री बनने पर बोले नीतीश- मेरा कोई क्लेम नहीं, एनडीए तय करेगा; इधर, पूरा एनडीए एकसुर-नीतीश ही होंगे हमारे सीएम"
Post a Comment