धनतेरस पर 60 करोड़ का कारोबार, बर्तन और सोने-चांदी के गहनों की रही डिमांड
धनतेरस के अवसर पर गुरुवार को बाजार में खूब धन की वर्षा हुई, जिले में करीब 60 करोड़ का कारोबार हुआ। कोरोना काल होने के बावजूद बाजार पर कोई असर नहीं दिखा। लोग सुबह से देर शाम तक बाजारों में जमे रहे। खासकर महिलाओं ने आभूषणों व बर्तनों की खूब खरीदारी की। चांदी व सोने के सिक्कों की भी खासी मांग रही। बर्तन, सर्राफा, मूर्तियों आदि की दुकानें भरी रही। वहीं, ऑटो मोबाइल बाजार भी खूब गुलजार रहा। शहर के लाल बाजार, मीना बाजार सहित अन्य बाजारों में काफी चहल-पहल रही।
ऐसी मान्यता है कि धनतेरस पर खरीदारी करना काफी शुभ होता है। शहर सहित हर छोटी-बड़ी बर्तन, मूर्ति व आभूषणों की दुकानों पर कारोबारी काफी व्यस्त दिखे। बाजार में सबसे अधिक बिक्री बर्तनों की हुई। वहीं दूसरे नंबर पर सर्राफा व्यवसाय दिखा। अधिकतर लोगों ने अपने-अपने जरूरत के हिसाब से कुकर, टिफीन, बाल्टी, गिलास, लोटा, चम्मच, डिनर सेट, टी सेट, भगौना, ड्रम खरीदा। छोटे बर्तनों में सर्वाधिक बिक्री पीतल के पूजा सामग्रियों की रही। लोगों ने दीपदान, लोटिया, घंटी आदि की खरीदारी की।
लाल बाजार, मीना बाजार में सुबह से ही खरीदारी के लिए उमड़ने लगी थी भीड़
बर्तन बाजार का कारोबार रहा अच्छा आभूषणों की भी जमकर हुई बिक्री
बर्तन व्यवसायी राजेश सोनी ने बताया कि धनतेरस पर बाजार ठीक रहा। स्वर्ण व्यवसायी संघ के उपाध्यक्ष सह नंदकिशोर ज्वेलर्स के प्रोपराइटर संजय कुमार ने बताया कि वर्ष 2019 के अपेक्षा बाजार काफी कम रहा। शाम 3 बजे तक मात्र 30 फीसदी ही व्यवसाय हो सका है। वहीं तनिष्क शो-रूम में भीड़ दिखी। प्रोपराइटर मनोज कुमार गाेयनका ने बताया कि सुबह से ही व्यवसाय काफी बेहतर चल रहा है। सर्राफा व्यवसायी अमरनाथ ने बताया कि धनतेरस पर चांदी के सिक्के, लक्ष्मी गणेश की मूर्तियां, गिन्नी, नेकलेस, झुमका की बिक्री सर्वाधिक रही। इलेक्ट्रानिक्स के विक्रेता रमन कुमार ने बताया कि चाइनीज झालरों सहित अन्य रोशनी के सामान की ज्यादा बिक्री रही।
पिछले वर्ष की अपेक्षा जिले में 30 फीसदी अधिक हुई बाइकों की बिक्री
समीर होंडा के प्रोपराइटर डॉ. अभिताभ चौधरी ने बताया कि कोरोना का कारोबार पर असर नहीं रहा। पिछले वर्ष की तुलना में 30 फीसदी ज्यादा बाइकें बिकी हैं। वही माडर्न ऑटो एजेंसी व मां हीरो के प्रोपराइटर मनोज कुमार गोयनका ने बताया कि इस वर्ष पिछले वर्ष के अपेक्षा 30 फीसदी ज्यादा बाइक बिकी हैं। रिषभ इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर ने बताया कि उन्होंने स्वराज कंपनी की 15 ट्रैक्टर की बिक्री हुई है। जबकि गुरुवार को ही ओपनिंग हुई है।
बाजार व एनएच पर लगा रहा जाम, वाहन जांच में जुटी रही पुलिस
धनतेरस को लेकर शहर में जाम ही जाम रहा। पूरी तरह ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई रही। बाजार के अलावे एनएच- 727 स्टेशन चौक, हरिवाटिका चौक सहित अन्य जगहों पर जाम लगा रहा। लोग परेशान रहे। पुलिस व्यवस्था संभालने की जगह शहर के अतिव्यस्त मुहर्रम चौक पर वाहन जांच में लगी रही।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/muzaffarpur/bettiah/news/60-crore-business-utensils-and-gold-silver-jewelery-demand-on-dhanteras-127908573.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/11/12/12bettiah-01_1605199135.jpg
0 Response to "धनतेरस पर 60 करोड़ का कारोबार, बर्तन और सोने-चांदी के गहनों की रही डिमांड"
Post a Comment