Popular Posts

जयप्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल कंकड़बाग में आज से मिलेगी ओपीडी और टेली मेडिसिन की सुविधा

जयप्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल कंकड़बाग में आज से मिलेगी ओपीडी और टेली मेडिसिन की सुविधा

जयप्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, कंकड़बाग में शनिवार से ओपीडी और टेली मेडिसिन की सुविधा मिलने लगेगी। शुक्रवार शाम अस्पताल का उद‌्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। उन्होंने विभागों और वार्डों को देखा। अस्पताल के सीईओ डाॅ.पंकज साहनी ने उनको अस्पताल के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उनको सम्मानित भी किया।

इस दौरान वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिए ख्यात चिकित्सक डाॅ. नरेश त्रेहान भी जुड़े हुए थे। मुख्यमंत्री द्वारा लोक-निजी भागीदारी के तहत इस अस्पताल का 5 मई 2016 को कार्यारंभ किया गया था। इसके 25 प्रतिशत बेड सीजीएचएस की तय दरों पर गरीब मरीजों के लिए आरक्षित रहेंगे। मौके पर उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, मुख्यमंत्री के परामर्शी अंजनी कुमार सिंह, विधायक अरुण कुमार सिन्हा आदि मौजूद थे।

नेफ्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी और इंटरनल मेडिसिन के ओपीडी की अभी सुविधा
मेदांता के सीईओ पंकज साहनी और जयप्रभा मेदांता अस्पताल के एसोसिएट मेडिकल अफसर डॉ. रविशंकर सिंह ने बताया कि शनिवार से नेफ्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी और इंटरनल मेडिसिन की ओपीडी शुरू हो जाएगी और टेली मेडिसिन की सुविधा भी बहाल हो जाएगी। टेली मेडिसिन के जरिए मेदांता के विशेषज्ञ सलाह के लिए उपलब्ध होंगे।

ओपीडी का शुल्क 500 रुपए से 1000 रुपए हाेगा। विभाग और विशेषज्ञ डॉक्टर पर शुल्क निर्भर करेगा। इंडोर की सारी चिकित्सकीय सुविधाएं अगले साल मार्च तक बहाल हो जाएंगी। पहले चरण में 300 बेड की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद 500 बेड की होगी। कोरोना की वजह से सुविधाएं बहाल करने में देर हो रही है।

डॉ. नरेश त्रेहान बाेले- घर के पास ही इलाज की सुविधा देना उद्देश्य

अमेरिका में 20 साल रहने के बाद भारत लौटा तो एक ही इच्छा थी कि कैसे देश के लोगों तक विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधा पहुंचाई जाए। मरीजाें का घर के पास ही इलाज हो जाए। खासकर चिकित्सा के क्षेत्र में पिछड़े राज्यों में। एस्काॅर्ट के बाद गुरुग्राम में मेदांता हॉस्पिटल शुरू करने के बाद उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्यप्रदेश, बिहार आदि राज्यों में मेदांता हॉस्पिटल खोलने की योजना बनी ताकि मरीज को विदेश तो दूर, राज्य से बाहर इलाज के लिए नहीं जाना पड़े। जटिल और गंभीर बीमारियों का इलाज अपने राज्य में ही हो जाए।

गुरुग्राम के बाद इंदौर, रांची, लखनऊ और अब पटना में जयप्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन शुक्रवार को हो गया। बिहार के मरीजों को यहां विश्वस्तरीय चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह कहना है मेदांता-द मेडिसिटी के चेयरमैन और सीएमडी डॉ. नरेश त्रेहान का। वे फोन पर दैनिक भास्कर से बातचीत कर रहे थे। डॉ. त्रेहान देश के चर्चित वरीय कार्डियोवास्कुलर और कार्डियोथोरेसिक सर्जन भी हैं।

ट्रांसप्लांट की भी सुविधा
उन्होंने कहा कि यहां भी वाे सारी विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी, जो गुरुग्राम के मेदांता में मिलती हैं। कैंसर, न्यूरो, हार्ट की गंभीर बीमारियों का इलाज होगा। ट्रांसप्लांट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना काफी कारगर साबित होगी। इसे काफी सोच-समझकर बनाया गया है ताकि हर व्यक्ति को हेल्थ केयर की सुविधा मिले।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
अस्पताल के उद्‌घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत।


from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/opd-and-tele-medicine-facility-to-be-opened-from-today-at-jayaprabha-medanta-super-specialty-hospital-kankarbagh-127732548.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/09/19/orig_50_1600472373.jpg

0 Response to "जयप्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल कंकड़बाग में आज से मिलेगी ओपीडी और टेली मेडिसिन की सुविधा"

Post a Comment