पूर्व बार संघ अध्यक्ष, गल्ला व्यापारी और युवक की सागर मेडिकल कॉलेज में मौत
जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से सागर मेडिकल कॉलेज रैफर हुए कोरोना संक्रमित तीन मरीजों की गुरुवार की सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। इसमें बार संघ अध्यक्ष और गल्ला व्यापारी को बुधवार की सुबह कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद बुधवार की देर शाम ही सागर मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया था, जबकि पहाड़ गांव के युवक का इलाज पहले से ही सागर में चल रहा था। वहीं जिले में 28 नए काेराेना संक्रमित मरीज पाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल स्थित ट्रू नॉट मशीन की जांच रिपोर्ट में बुधवार की सुबह शहर में सन सिटी कॉलोनी के 60 वर्षीय पूर्व बार संघ अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। इसके साथ ही सटई रोड के 57 वर्षीय गल्ला व्यापारी विनोद अग्रवाल कोरोना संक्रमित पाए गए। दोनों को जिला प्रशासन ने इलाज के लिए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया।
सांस लेने में परेशानी होने पर बुधवार की शाम को ही ड्यूटी डॉक्टर ने व्यापारी और एडवोकेट को 108 वाहन की सहायता से सागर मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया।
सागर में इलाज के दौरान गुरुवार की सुबह दोनों की मौत हो गई। इसके साथ ही पहाड़गांव के 36 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। सीएमएचओ डॉ. विजय पथौरिया ने बताया कि गुरुवार को जिले के तीन लोगों की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। तीनों मृतकों के शव को कोविड नियमों के तहत किट में पैक कर स्थानीय मुक्तिधाम में प्रशासन की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया है।
स्वस्थ होने पर 10 मरीज हुए डिस्चार्ज
सागर मेडिकल कॉलेज सहित जिले के चार कोविड केयर सेंटरों से स्वस्थ होने पर गुरुवार की सुबह 10 मरीजों को डिस्चार्ज किया गाय।
जिसमें सागर मेडिकल कॉलेज से एक, महोबा रोड कोविड केयर सेंटर से 2, ढड़ारी कोविड सेंटर से 3, बड़ामलहरा कोविड सेंटर से 3 और लवकुशनगर कोविड सेंटर से एक मरीज को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया।
किडनी समस्या के चलते 36 वर्षीय युवक की गई जान
ईशानगर क्षेत्र में पहाड़गांव का 36 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह तीन दिन पहले कोरोना संक्रमित पाया गया। पॉजिटिव पाए जाने के बाद युवक को जिला अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड भर्ती किया गया। युवक को पहले से किडनी की बीमारी के चलते वार्ड के प्रभारी डॉक्टर ने उसे सागर मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया।
यहां पर दो दिन तक इलाज चलने के बाद बुधवार की देर रात उसकी मौत हो गई। स्वास्थ विभाग ने बताया कि पहाड़ गांव का यह युवक पिछले कुछ सालों से डायलिसिस पर होने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। इसलिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद उसे तत्काल ही मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया गया था।
9 पॉजिटिव हरपालपुर के
सागर कोरोना लैब की जांच रिपोर्ट में गुरुवार की शाम जिले के 22 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। जिसमें सबसे अधिक 9 लोग हरपालपुर कस्बे के हैं, इसके साथ ही नौगांव नगर में 6, बड़ामलहरा क्षेत्र में घवारा कस्बे के 3 और गढ़ीमलहरा के 2 और ईशानगर में 2 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए।
इसके साथ ही शहर में पंजाब बैंक, बसारी गेट, सन सिटी, सटई रोड, दूधनाथ कॉलोनी सहित अन्य स्थानाें के 6 व्यक्ति पॉजिटिव पाए गए। इनमें बच्चे, युवक, युवतियां और वृद्ध शामिल हैं। हरपालपुर, नौगांव और गढ़ीमलहरा के कोरोना संक्रमितों को नौगांव कोविड केयर सेंटर में, ईशानगर के मरीजों को ढड़ारी और घुवारा के मरीजों को बड़ामलहरा कोविड सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
नौगांव ब्लॉक में एक साथ 17 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद नौगांव तहसीलदार बीपी सिंह, बीएमओ डॉ. रविंद्र पटेल, टीआई केके खनेजा, सदर पटवारी हरिनारायण शर्मा, स्वच्छता निरीक्षक संदीप राजपूत सहित स्वास्थ्य विभाग ने मौके पर पहुंचकर सभी को इलाज के लिए कोविड सेंटर पहुंचाया।
एक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
पिछले दिनों शहर के बद्री प्रसाद साहू को सर्दी, खांसी और जुकाम के साथ बुखार आने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में सैंपल कराते हुए कोरोना संक्रमण की जांच कराई।
इस जांच में वह निगेटिव पाया गया। इसके बाद परिजन उसे नागपुर अस्पताल ले गए और वहां पर जांच कराई, इसमें भी वह कोरोना संक्रमित नहीं पाया गया। इसके बाद परिजन उसे सागर मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने पहुंचे।
जिसकी गुरुवार की दोपहर इलाज के दौरान मौत हो गई। इस व्यक्ति की मृत्यु के पहले लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट नहीं आई है, इसलिए मामला संदिग्ध बना हुआ है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/bhagalpur/chhatapur/news/former-bar-association-president-galla-businessman-and-youth-died-in-sagar-medical-college-127683912.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/09/04/
0 Response to "पूर्व बार संघ अध्यक्ष, गल्ला व्यापारी और युवक की सागर मेडिकल कॉलेज में मौत"
Post a Comment