ताश खेलने में आपस में चली गोली, युवक जख्मी; पीठ फंसी हुई है गोली
हुसैनाबाद के जुड़वा मजार के पास साेमवार रात 10.30 बजे ताश खेलने के दौरान आपस में गोली चल गई, जिसमें फिरोज नामक एक युवक जख्मी हो गया। जख्मी फिरोज को रात में परिजनों ने मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया है। गोली उसके पीठ फंसी हुई है।
घटना की जानकारी पाकर सिटी एएसपी पूरन झा, बबरगंज थानेदार पवन कुमार सिंह ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली और जांच की। फिलहाल फिरोज गोली मारने वाले का नाम नहीं बता रहा है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर सर्च भी किया, लेकिन वहां कोई खोखा या आपत्तिजनक सामान नहीं मिला।
फिरोज मुंबई में कोट-पैंट बनाने का काम करता है और लॉकडाउन के कारण पिछले 5 महीनों से हुसैनाबाद के बंधु मोदी लेन में रह रहा है। परिजनों ने बताया कि शाम में फिरोज मोहल्ले में घूम रहा था और कुछ दोस्तों के साथ मजार के नजदीक नीम पेड़ के पास बैठकर ताश खेल रहा था। इसी दौरान आपस में गोली चल गई। क्योंकि गोली चलाने वाला फिरोज का दोस्त है। इस कारण वह पुलिस को उसका नाम नहीं बता रहा है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के इरादे से गोली नहीं चलाई गई है। फिरोज का कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड भी बबरगंज थाने में नहीं है। परिजनों का कहना है कि रविवार को फिरोज के ससुराल में शादी थी। शादी में थकान होने के कारण परिवार वाले जल्दी ही सो गए थे। तभी किसी ने सूचना दी कि फिरोज झाड़ियों में जख्मी हालत में पड़ा हुआ है और उसे गोली लगी है। वारदात से पहले फिरोज बाइक की चाबी खोजने अपने घर भी आया था।
जुए में हार-जीत के दौरान गोली चलने का शक
उधर, पुलिस यह जांच कर रही है कि फिरोज और उसके साथी जुआ तो नहीं खेल रहे थे। पुलिस को शक है कि जुए में हार-जीत के दौरान विवाद हुआ होगा और इस कारण फिरोज को गोली लगी है। पुलिस ताश खेलने में शामिल फिरोज के दोस्तों की भी तलाश कर रही है, ताकि घटना के बारे में सही सही जानकारी मिल सके।
गैंगवार के लिए चर्चित रहा है हुसैनाबाद का इलाका
हुसैनाबाद का इलाका पुराने गैंगवार के लिए जाना जाता है। फेकू मियां की हत्या के बाद उसके बेटे टिंकू, इम्तियाज, इजहार और उसके विरोधियों में कई बार गैंगवार में गोलीबारी और बमबाजी हो चुकी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोली से जख्मी फिरोज किसी गुट से जुड़ा हुआ तो नहीं है। हाल के दिनों में पुलिस ने इलाके से 12 बम के साथ मकान कब्जा करने आए बदमाशों को गिरफ्तार किया था।
इसके अलावा दोनों पक्षों के बीच कुछ माह पहले हुई गोलीबारी और बमबाजी के मामले में पुलिस ने अपने बयान पर दोनों पक्षों पर केस दर्ज किया था। टिंकू मियां ने कोलकाता में अपना ठिकाना बना रखा है और वही से वह शहर के दक्षिणी इलाके में गैंग को ऑपरेट करता है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/bhagalpur/news/shot-playing-in-playing-cards-young-man-injured-bullet-is-stuck-in-the-back-127720472.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/09/15/1_1600127094.jpg
0 Response to "ताश खेलने में आपस में चली गोली, युवक जख्मी; पीठ फंसी हुई है गोली"
Post a Comment