आज से खुलेगा पट, एक बार में 100 श्रद्धालुओं का होगा प्रवेश
लंबे इंतजार के बाद आज से बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर का पट खुलेगा। सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति के सचिव सह एसडीओ नीरज कुमार और डीएसपी अजय नारायण ने शनिवार की रात सिंहेश्वर मंदिर पहुंच कर विधि- व्यवस्था का निरीक्षण और आंकलन किया। उन्होंने मंदिर खोलने से पहले आने वाले संभावित समस्याओं को देखा तथा मंदिर खोलने से पहले मंदिर की अच्छी तरह साफ सफाई करने की बात कही। मंदिर परिसर में प्रत्येक दिन तीन बार सैनिटाइजिंग का कार्य किया जाएगा।
अधिकारी द्वय ने इसके साथ ही गर्भगृह के दोनों गेट पर लगे अरघा का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मियों को हिदायत देते हुए कहा वैश्विक महामारी कोरोना अभी समाप्त नहीं हुई है। इसलिए किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि दो कर्मियों को अरघा के पास तैनात किया जाएगा। मंदिर प्रवेश द्वार पर दो कर्मियों को रेलिंग के प्रवेश पर ही थर्मल स्कैनर और सैनिटाइजर लेकर हमेशा मुस्तैद से रहना है। मंदिर में एक बार में 100 से ज्यादा श्रद्धालुओं का प्रवेश नहीं होगा। उनके निकलने के बाद ही फिर लोगों को प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश से पहले सभी श्रृद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग के साथ ही हाथ को सैनिटाइजर से साफ करना होगा। अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए मंदिर नियंत्रण कक्ष के बगल वाले मुख्य प्रवेश द्वार और बाइपास पार्किंग गेट को ही खोलने का आदेश दिया।
सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए लगाई जाएंगी दुकानें
मंदिर परिसर में यत्र- तत्र फैले फूल वाले को भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए कतारबद्ध तरीके से दुकानों को लगाने का निर्देश दिया गया है। बिना मास्क के मंदिर आने वाले श्रृद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। वहीं मास्क नहीं पहनने पर जुर्माना भी भरना होगा। बिना मास्क लगाए दुकानदारों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शिवगंगा में अधिक पानी, सीढ़ी पर अत्यधिक फिसलन और कमल के फूल का फैलाव के कारण तत्काल शिवगंगा को श्रद्धालुओं के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है। रविवार की सुबह कुछ स्थानीय लोगों ने मंदिर खुलने को लेकर मंदिर की साफ सफाई भी की। मौके पर सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति के प्रबंधक मनोज ठाकुर, सदस्य विजेंद्र ठाकुर, संजीव ठाकुर, सरोज सिंह, विधि लिपिक बाल किशोर यादव, धर्मशाला प्रभारी अमरनाथ ठाकुर, लालबाबा पंडा, सत्येंद्र ठाकुर, कौशलेंद्र ठाकुर व सुरेश ठाकुर भी थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/bhagalpur/singheswar/news/pat-will-open-from-today-100-devotees-will-enter-at-one-time-127736957.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/09/20/3_1600619999.jpg
0 Response to "आज से खुलेगा पट, एक बार में 100 श्रद्धालुओं का होगा प्रवेश"
Post a Comment