जुआ व शराब पार्टी के नाम पर युवक को घर से बुला सिर में गोली मारकर की हत्या
विष्णुपद थाना के ब्राहमणी घाट डुमरिया मंदिर के समीप एक युवक की गोली मारकर अपराधियों ने हत्या कर दी। गोली इस तरह से सिर में सटाकर मारी गई, कि वह आर-पार हो गया। इस वारदात के पीछे कई पहलू छुपे होने की संभावना है। विष्णुपद थाना की पुलिस विभिन्न बिंदुओं से मामले की छानबीन करते हुए घटना करने वाले अपराधी के संदर्भ में साक्ष्य एकत्रित कर रही थी। फिलहाल पुलिस ने इस घटनाक्रम में मृतक के चार दोस्तों से पूछताछ जारी रखी है।
पूछताछ में इनका बार-बार बयान बदले जाने से पुलिस भी हैरान है, हालांकि इनके खिलाफ सख्ती दिखाते हुए सच को सामने लाने की कोशिश की जा रही थी। इस कांड में एक चिन्हित अपराधी मुकेश शर्मा बताया गया है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है। मृतक की पहचान ब्राहमणी घाट के ही रहने वाले उपेन्द्र मिश्रा के रूप में की गई है। मृतक की उम्र महज 20 साल की बताई गई है। परिजनों के मुताबिक उपेन्द्र रात में अपने घर पर था। इस बीच सोमवार की रात में उसके कुछ दोस्त आए और पार्टी करने के नाम पर उसे साथ लेकर चले गए थे।
दोस्तों ने पुलिस को बताया है कि ब्राहमणी घाट स्थित फल्गु नदी डुमरिया मंदिर के पास जमकर चार दोस्तों और उपेन्द्र ने जुआ खेला। इसके बाद सभी ने शराब भी पी। नशे में होने के कारण मंदिर के समीप ही सभी सो गए थे। इसी बीच मध्य रात्रि में गोली चलने की आवाज हुई तो दोस्त जगे। देखा कि उपेन्द्र मिश्रा के सिर और नाक से खून बह रहा है। इस बीच पता चला कि उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
घर नजदीक होने के बावजूद सुबह में शव को लेकर आए
घटना के बाद रात भर चारों दोस्तों ने न तो पुलिस को घटना की जानकारी दी और न ही परिजनों को। अहले सुबह के चार बजे के बाद वे उपेन्द्र के शव को लेकर उसके घर पर पहुंच गए। घटना देख परिजनों के बीच चीत्कार मच गया। इस बीच दोस्तों को परिवार के लोगों ने रोका और मौके पर तुरंत विष्णुपद थाना की पुलिस को बुला लिया। सूचना मिलने के बाद विष्णुपद थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं शव लेकर आए दोस्तों से मौके पर पूछताछ शुरू कर दी। दोस्तों का कहना था, कि मुकेश शर्मा ने उपेन्द्र की हत्या की है, फिर कह रहे थे-हमने देखा ही नहीं। पुलिस के मुताबिक इनके द्वारा यह भी कहा जा रहा, कि मुकेश शर्मा ने ही उपेन्द्र मिश्रा को बुलाने का कहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने कहा- साजिश के तहत की गई है हत्या
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि साजिश के तहत हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। बताया कि दोस्तों ने लाइनर का काम किया और साजिश के तहत रात मे उपेन्द्र को घर से पार्टी करने के नाम पर ब्राहमणी घाट ले गए। वहां पार्टी के बाद सभी जानबूझकर सो गए और इस बीच सोए हालत में हत्या की घटना को आराम से अंजाम दे दिया गया। पीड़ित परिवार वालों ने दोस्तों और मुकेश शर्मा की मिलीभगत से उपेन्द्र की हत्या कर देने की आरोप लगाते हुए इसकी पूरी आशंका जताई है। फिलहाल फरार हुए मुकेश शर्मा को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम छापेमारी कर रही थी। पुलिस के मुताबिक परिजनों के बयान के आधार पर फिलहाल कार्रवाई हो रही है।
बड़े भाई पर 4 माह पहले 3 गोलियां दागी थी, एक गर्दन में लगी थी, एक भाई फौजी भी
परिजनों की शिकायत है, कि पुलिस की लापरवाही के कारण इस तरह की घटना हुई। चार माह पहले उपेन्द्र के भाई बासुकीनाथ मिश्रा को मुकेश शर्मा ने गोली मारी थी। किन्तु इस घटना को लेकर पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नतीजतन उसका मनोबल बढ़ता गया और बीती रात को इस तरह की घटना को अंजाम दे दिया गया। इस घटना को लेकर मुकेश शर्मा के खिलाफ विष्णुपद थाना में केस दर्ज है। घटना का कारण पुरानी रंजिश थी, जिसे लेकर ही बासुकीनाथ मिश्रा के बाद उपेन्द्र को निशाना बनाया गया। मृतक के बड़े भाई अमरनाथ मिश्रा आईटीबीपी में हैं। वे अफगानिस्तान में भी अपने देश की ओर से आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में योगदान दे चुके हैं। किन्तु उनके अपने परिवार का यह हाल है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/gaya/news/in-the-name-of-gambling-and-liquor-party-a-young-man-was-called-from-home-and-shot-dead-in-the-head-127586270.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/08/05/
0 Response to "जुआ व शराब पार्टी के नाम पर युवक को घर से बुला सिर में गोली मारकर की हत्या"
Post a Comment