Popular Posts

सुशांत केस: बिहार सरकार की सिफारिश केंद्र ने मंजूर की, सीबीआई को सौंप दी जांच

सुशांत केस: बिहार सरकार की सिफारिश केंद्र ने मंजूर की, सीबीआई को सौंप दी जांच

सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती द्वारा दायर अर्जी पर बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने इस दौरान जांच को लेकर बिहार और मुंबई पुलिस में टकराव पर नाराजगी जताई है। जस्टिस ऋषिकेष रॉय की पीठ ने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक गिफ्टेड और प्रतिभाशाली कलाकार चला गया। असामान्य हालात में उनकी मौत हुई। जांच के बाद सच्चाई सामने आनी चाहिए।’

सुनवाई में केंद्र सरकार ने बताया कि बिहार सरकार का अनुरोध स्वीकार कर लिया गया है और मामले की जांच अब सीबीआई करेगी। इसी के साथ शीर्ष अदालत ने रिया की केस को पटना से मुंबई ट्रांसफर किए जाने की मांग पर महाराष्ट्र, बिहार, केंद्र और सुशांत के परिजन से तीन दिन के भीतर जवाब मांग लिया। अब सुनवाई अगले हफ्ते होगी। सुप्रीम कोर्ट ने बिहार पुलिस द्वारा पूछताछ न किए जाने की रिया की मांग पर अंतरिम राहत देनेे से मना कर दिया है। उधर, शाम होते-होते कार्मिक विभाग ने सीबीआई जांच की अधिसूचना भी जारी कर दी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुशांत प्रकरण की जांच सीबीआई से कराने के अनुरोध को स्वीकार करने के लिए केंद्र सरकार को धन्यवाद दिया है। राज्य सरकार ने केंद्र को इस बाबत मंगलवार को प्रस्ताव भेजा था। सीएम ने उम्मीद जताई कि सीबीआई बेहतर तरीके से जांच करेगी।

बिहार के एसपी को क्वारेंटाइन करने पर महाराष्ट्र सरकार को फटकार

कोर्ट में केंद्र की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता, रिया के वकील श्याम दिवान, सुशांत के पिता की ओर से वकील विकास सिंह, महाराष्ट्र सरकार के वकील आर बसंत और बिहार सरकार की ओर से वकील मुकुल रोहतगी ने दलीलें दीं। विकास सिंह ने आरोप लगाया कि मुंबई पुलिस बिहार पुलिस का जांच में सहयोग नहीं कर रही है। एसपी को जबरन क्वारेंटाइन करा दिया।

इस पर जस्टिस रॉय ने महाराष्ट्र सरकार को फटकार लगाते हुए कहा, पटना में दर्ज एफआईआर के तथ्य उनकी जांच का हिस्सा है या नहीं? जांच करने गए एसपी को क्वारेंटाइन करने जैसी बातें अच्छा संकेत नहीं देती। एक ही मामले की जांच दो राज्यों की पुलिस करे। यह ठीक नहीं है। महाराष्ट्र सरकार पूरा ब्योरा पेश करे। उधर, बॉम्बे हाईकोर्ट ने सीबीआई जांच की मांग वाली याचिका पर शुक्रवार तक टाल दी।

डीजीपी बोले- आईपीएस को क्वारेंटाइन से मुक्त कराने के लिए अब काेर्ट जाएगी बिहार पुलिस
सुशांत केस की जांच करने मुंबई गए आईपीएस विनय तिवारी को क्वारेंटाइन से मुक्त कराने के लिए बिहार पुलिस काेर्ट जाएगी। डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने कहा कि हम इस मुद्दे पर अब महाधिवक्ता से राय ले रहे हैं। गुरुवार को बैठक बुलाई गई है। उसके बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा। गौरतलब है कि बीएमसी ने आईपीएस को 14 दिन के क्वारेंटाइन से मुक्त करने से मना कर दिया है। पटना के जोनल आईजी संजय सिंह ने बीएमसी के चीफ को पत्र लिखकर विरोध जताया था।

मुंबई के डीसीपी का दावा- सुशांत के जीजा ने मुझसे कहा था कि रिया पर दबाव डालो
मुंबई पुलिस के डीसीपी दाहिया ने दावा किया- सुशांत के आईपीएस जीजा ओपी सिंह ने रिया पर दबाव बनाने को कहा था। कहा था कि सुशांत के परिवार को लगता है कि रिया उन्हें वश में कर रही है। सिंह, रिया को सुशांत से अलग करना चाहते थे। सुशांत के पिता की ओर से 25 फरवरी को भेजे गए ह्वाट्सएप मैसेज पर दहिया बाेले- हमने सुशांत के पिता से लिखित शिकायत मांगी, जो उन्होंने नहीं दी। वह ‘मिरांडा’ नाम के शख्स को पुलिस कस्टडी में भिजवाना चाहते थे। वहीं, सुशांत की पूर्व गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे ने सीबीआई जांच मंजूर होने पर कहा कि जिस पल का इंतजार था, वह आ गया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Sushant case: Center approves Bihar government's recommendation, handed over investigation to CBI


from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/sushant-case-center-approves-bihar-governments-recommendation-handed-over-investigation-to-cbi-127589740.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/08/06/sushant-web_1596669733.jpg

0 Response to "सुशांत केस: बिहार सरकार की सिफारिश केंद्र ने मंजूर की, सीबीआई को सौंप दी जांच"

Post a Comment