भरी पंचायत में पंच की हत्या
जदिया पंचायत के वार्ड संख्या 2 में बकरी के फसल चर जाने को लेकर शुक्रवार की रात हो रही पंचायती में ही दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान बीच-बचाव करने गए एक बुजुर्ग पंच की लोहे की खंती से प्रहार कर हत्या कर दी गई। घटना में दो और व्यक्ति जख्मी हो गए। घटना को लेकर आक्रोशित लोगों ने शनिवार की सुबह मृतक के शव को जदिया बाजार स्थित मीरगंज-छातापुर स्टेट हाइवे 91 पथ पर रखकर सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। आधा घंटा तक चले हंगामा के दौरान मीरगंज-छातापुर स्टेट हाइवे पर वाहनों का परिचालन बाधित रहा। जाम की सूचना पर पुलिस बल के साथ पहुंचे जदिया थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम को हटाया।
साथ ही लोगों को दोषियों के खिलाफ अविलंब कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जिसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेजा दिया। जानकारी के अनुसार स्थानीय बूचन राय व दिनेश राय के बीच बकरी द्वारा धान की फसल चर जाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद को लेकर रात में पंचायत बुलाई गई। पंच के सामने ही दोनों पक्षों में गाली-गलौज तथा मारपीट शुरू हो गई। बीच-बचाव करने गए स्थानीय बेचन राय पर होमगार्ड के जवान दिनेश राय ने लोहे की खंती से पर प्रहार कर दिया। साथ ही लाठी व डंडे से बूचन राय उनके पुत्र सुरेंद्र राय पर भी प्रहार कर जख्मी कर दिया।
होमगार्ड जवान के साथ ही 6 पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज
मृतक के पुत्र अशोक राय ने दिनेश राय, पत्नी प्रमिला देवी, पुत्र संतोष राय, कारी राय, मंजेश राय तथा पिलो राय को नामजद आरोपी बनाया है। जदिया थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर घटना के मुख्य आरोपी होमगार्ड दिनेश राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
रात को पंचायत में मौजूद पंच के सामने किया प्रहार
मृतक के पुत्र अशोक राय ने बताया कि बूचन राय व दिनेश राय के बीच बकरी द्वारा धान की फसल चर जाने को लेकर विवाद हो गया। पंचायत में मामले को बढ़ता देख बेचन राय बीच-बचाव करने लगा। इसी क्रम दिनेश राय ने लोहे की खंती से मेरे पिता के कनपट्टी पर प्रहार कर दिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/bhagalpur/supaul/news/panch-killed-in-bhari-panchayat-127620769.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/08/16/1_1597596487.jpg
0 Response to "भरी पंचायत में पंच की हत्या"
Post a Comment