पांच करोड़ से महिला कॉलेज व प्राइमरी स्कूलों को बनाया जाएगा स्मार्ट
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का लाभ सरकारी स्कूलों को भी मिलना है। शहर के साथ साथ सरकारी स्कूल भी स्मार्ट होंगे। निजी स्कूलों की तर्ज पर स्मार्ट क्लास रूम के अलावा आला दर्जे की सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही शिक्षा के स्तर में भी सुधार होगा। स्मार्ट स्कूल के तौर पर शहर के एबीडी (एरिया बेस्ड डेवलपमेंट) एरिया में आने वाले स्कूलों को विकसित किया जायेगा। इन स्कूलों में न केवल एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी बल्कि ब्लैक बोर्ड की जगह इलेक्ट्रॉनिक बोर्ड पर शिक्षक पढ़ायेंगे। एबीडी एरिया में आने वाले सभी सरकारी स्कूलों में एक स्मार्ट क्लास की व्यवस्था होगी।
फर्स्ट फेज में महिला कॉलेज और 9 स्कूल
पहले चरण में नालंदा महिला कॉलेज के अलावे 9 प्राथमिक विद्यालयों के डेवलपमेंट के लिए डीपीआर तैयार कर टेंडर प्रकाशित करने की तैयारी चल रही है। इस स्मार्ट क्लास में एलईडी स्क्रीन व इलेक्ट्रॉनिक ब्लैक बोर्ड लगाया जायेगा। पढ़ाई का प्रसारण सर्वर के माध्यम से शहर के बाकी स्कूलों में भी होगा। स्मार्ट क्लास में कंप्यूटर और इंटरनेट कनेक्शन की सुविधा भी होगी। स्मार्ट स्कूलों में शौचालय, आरओ के पानी के अलावा खेल ग्राउंड, बच्चों और शिक्षकों के बैठने के व्यवस्था को और भी बेहतर किया जाएगा। विधान सभा चुनाव की घोषणा के पूर्व सभी प्रक्रियाएं पूरी करने की कोशिश की जा रही है। ताकि आचार संहिता लगने के बाद भी डेवलपमेंट का काम प्रभावित न हो। नगर आयुक्त अंशुल अग्रवाल ने बताया कि डीपीआर तैयार करने का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। कुछ संशोधन की आवश्यकता है जिसे पूरा करने के बाद बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा ।
जरूरत देखते हुए डीपीआर तैयार हो रही
नगर आयुक्त ने बताया कि इस योजना के तहत नालंदा महिला कॉलेज का विकास किया जाना है। कॉलेज के आधारभूत संरचनाओं के डेवलपमेंट पर 1 करोड़ 25 लाख रुपए खर्च होंगे। डीपीआर तैयार किया जा रहा है। कॉलेज की आवश्यकताओं को देखते हुए ही कार्य योजना तैयार की जा रही है। पीएमसी के अधिकारियों को कॉलेज के प्राचार्य से मिलकर विकास की रूप रेखा तैयार करने का निर्देश दिया गया है। वर्तमान संरचनाओं को डेवलप करने के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर नए भवन का भी निर्माण कराया जाएगा।
इन स्कूलों का होगा डेवलपमेंट| प्राथमिक विद्यालय,प्रखण्ड कॉलोनी, नव प्राथमिक विद्यालय,बैगनाबाद,सुंदरगढ़, नव प्राथमिक विद्यालय शिवपुरी, प्राथमिक विद्यालय रेलवे कॉलोनी, उर्दू कन्या प्राथमिक विद्यालय,कागजी मोहल्ला, नव प्राथमिक विद्यालय गढ़पर देवीस्थान, प्राथमिक विद्यालय देवीसराय, प्राथमिक विद्यालय बड़ी पहाड़ी, कन्या प्राथमिक विद्यालय गढ़पर
नौ प्राथमिक विद्यालयों का किया जाएगा जीर्णोद्धार
शहर के 9 प्राथमिक विद्यालयों को भी डेवलप करने की योजना है। इन 9 विद्यालयों पर 3 करोड़ 50 लाख खर्च किया जाएगा। हालांकि पूर्व में 31 विद्यालयों को डेवलप करने की योजना तैयार की गई थी । लेकिन एबीडी क्षेत्र की बाध्यता को लेकर 9 प्राथमिक विद्यालयों को ही डेवलप किया जाना है। नगर आयुक्त ने बताया कि स्मार्ट सिटी के तहत विकास कार्य के लिए कई गाईड लाईन जारी किया गया है । जिसे फॉलो करना है । यही कारण है कि वर्तमान में 9 विद्यालय के डेवलपमेंट के लिए ही डीपीआर तैयार किया जा रहा है।
प्राथमिकता के आधार पर होगा काम
स्मार्ट सिटी के सीईओ सह नगर आयुक्त ने बताया कि 4 स्कूलों में प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा। जिन स्कूलों की स्थिति ज्यादा दयनीय होगी उसका जीर्णोद्धार पहले किया जाएगा। इस स्कूलों में भवन की मरम्मत के साथ-साथ दरवाजा, खिड़की एवं शौचालय को भी डेवलप किया जाएगा। रंगरोगन कर बाहरी लुक को आकर्षक बनाने के साथ-साथ अंदर पूरे स्कूल में टाईल्स लगाया जाएगा। बिजली व्यवस्था के तहत अंडरग्राउंड वायरिंग के साथ-साथ एलईडी बल्ब व ट्यूब लगाए जाएंगे। पेयजल व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए सभी स्कूलों में आरओ सिस्टम के साथ-साथ वाटर कुलर भी लगाया जाएगा। ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छ पानी भी उपलब्ध हो सके।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/bihar-sharif/news/five-crore-women-colleges-and-primary-schools-will-be-made-smart-127610079.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/08/12/1_1597187427.jpg
0 Response to "पांच करोड़ से महिला कॉलेज व प्राइमरी स्कूलों को बनाया जाएगा स्मार्ट"
Post a Comment