सुख-समृद्धि के लिए बहुरा चौथ पर हुई विशेष पूजा
संतान की सलामती और समृद्धि की कामना के लिए बहुरा चौथ व्रत भाद्रपद मास के कृष्णपक्ष चतुर्थी को पूरे जिले में मनाया गया। महिलाएं दिनभर उपवास रहकर शिव, पार्वती, गणेशजी के साथ बहुला गाय की प्रतिमा बनाकर फूल, भांग, बेलपत्र, दूब व विभिन्न प्रकार की सामग्रियों से पूजा-अर्चना की। चन्द्रोदय के बाद शिव-पार्वती व गणेशजी की पूजा कर चंद्रमा को उजले फूल व दूध से अर्घ्य देकर पुत्र की दीर्घायु की कामना की गई। बालिकाओं और युवतियों ने बहुला का व्रत किया। व्रती बालिकाएं नदी, तालाब, सरोवर, पोखरे पर दोपहर में गीत गाते पहुंचीं।
बाल धोया स्नान किया। मंदिरों में पहुंच फल फूल से बहुला का पूजन किया। शहर के कई स्थानों पर महिलाओं व युवतियों को पूजा अर्चना करते देखा गया। काठ के पीढ़े पर पहाड़,गाय-बछड़ा और ब्याघ्र का मिट्टी की आकृति बना पूजन कर कथा श्रवण किया। बहुला की कथा में गाय का वात्सल्य और धर्म कर्म परायणता का मार्मिक प्रसंग आया है। जंगल से चरौरी कर लौटते समय एक गाय ब्याघ्र के पल्ले पड़ जाती है। व्याघ्र के उसे मार कर खा जाने को उद्यत होने पर गाय उससे निवेदन करती है कि दिन भर से मैं जंगल में हूं और घर पर मेरा छोटा बछड़ा राह देख रहा होगा।
मैं उसे दूध पिलाकर दुलार कर आपके पास लौटती हूं तो आप मुझे आहार बना लेना। बाघ तो पहले विश्वास नहीं होता कि यह लौटेगी, लेकिन फिर वह अनुमति दे देता है। गाय घर जाती है बछड़े को दूध पिला दुलार-पुचकार कर उसे पूरी घटना बताती है और बाघ के पास वापस आ जाती है। गाय के इस धर्मपरायणता व सच्चाई से बाघ प्रभावित होता है और उसे अभयदान देता है। सौभाग्यवती महिलाओं ने चौथ व्रत रखा और रात्रि में चंद्रदर्शन कर भगवान गणेश का विविध खाद्य पदार्थ व फल फूल से पूजन अर्चन कर सौभाग्य सामग्री दान किया। चंद्रमा को अर्घ्य निवेदित कर प्रसाद ग्रहण किया और सुख, संपत्ति, सौभाग्य की कामना की।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/siwan/news/special-worship-performed-on-bahura-chauth-for-happiness-and-prosperity-127594503.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/08/07/12_1596821088.jpg
0 Response to "सुख-समृद्धि के लिए बहुरा चौथ पर हुई विशेष पूजा"
Post a Comment