50 हजार रुपए के लिए रेखा की हत्या बाइक के लिए सुगंधी देवी काे मार डाला
रमपुरवा का मामला : 19 अगस्त की रात की घटना, मायके वालों को बाद में मिली सूचना, शव जलाकर मिटा दिए सबूत
कुमारबाग थाना क्षेत्र के रमपुरवा गांव में एक 28 वर्षीय विवाहिता की हत्या कर दी गई है। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य लाश को जला दिया गया। मामले में बथवरिया थाना के बीबी बनकटवा निवासी मृतका के पिता बद्री शाह ने एसपी को एक आवेदन दिया है। आवेदन के आलोक में सदर एसडीपीओ मुकुल परिमल पांडेय ने कुमारबाग थानाध्यक्ष को मामले में अग्रेतर कार्रवाई करने का आदेश दिया है। कुमारबाग पुलिस ने मामले का अनुसंधान शुरू कर दिया है। मृतका के पिता बद्री साह ने एसपी को दिए गए आवेदन में बताया है कि उनकी पुत्री रेखा देवी की शादी 28 जून 2012 को कुमार बाग थाना क्षेत्र के रमपुरवा गांव निवासी लड्डू शाह से हुई। उनकी पुत्री शादी के दूसरे रोज विदा होकर अपने ससुराल पहुंची। शादी में उपहार आदि दिया गया।
दोनों के दांपत्य जीवन में दो पुत्री तथा एक पुत्र का जन्म हुआ। परंतु ससुराल वालों के द्वारा उसी समय से विवाहिता को प्रताड़ित किया जाने लगा। महिला पर हमेशा ही दहेज के लिए दबाव बनाया जाने लगा। मृतका के पिता ने बताया है कि 20 अगस्त को सुबह के करीब 6 बजे फोन आया कि रेखा देवी को मार कर दफनाने जा रहे हैं। मायके वाले रमपुरवा पहुंचे तब तक ससुराल वालों के द्वारा शव को जला दिया गया था। ससुराल वालों के द्वारा वहां पर पहुंचे मायके वालों को मारपीट कर धमकी भी दी गई।
थानाध्यक्ष पर मृतका के पिता की फरियाद नहीं सुनने का आराेप
एसपी को दिए गए आवेदन में मृतका के पिता बद्री शाह ने आरोप लगाया है कि घटना की जानकारी देने जब वे लोग कुमारबाग थाना पहुंचे तो थानाध्यक्ष के द्वारा उनकी बात नहीं सुनी गई। तब जाकर पीड़ित के परिजन एसपी के यहां पहुंचे। मामले में कुमारबाग थानाध्यक्ष सुजीत कुमार दास ने कहा कि मृतका के मायके वाले थाना पहुंचे थे। उनसे आवेदन की मांग की गई तो उनके द्वारा आवेदन बाहर से लिखकर लाने की बात कही गई। दुबारा वे लोग थाना नहीं पहुंचे। वरीय पदाधिकारी के यहां दिए गए आवेदन के आलोक में प्राथमिकी की कार्रवाई की जाएगी तथा दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।
रेखा ने ससुराल वालों को दहेज देने में असमर्थता जताई थी
मृतका के पिता ने पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया है कि ससुराल वालों के द्वारा हमेशा ही महिला से दहेज की मांग की जाती थी। लड्डू शाह, पासपत शाह, रामाकांत शाह, पिंकी देवी एक राय होकर दहेज में एक बाइक तथा व्यवसाय के लिए 50 हजार रुपए नगदी की मांग कर रहे थे। रेखा देवी के द्वारा दहेज देने में असमर्थता जताया जा रहा था।
कुंडिलपुर का मामला : ससुराल वालों ने सुगंधी को गला दबाकर मार डाला, पुलिस के पहुंचने से पहले हुए फरार
शिकारपुर थाना के कुंडिलपुर गांव में एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई है। मृतक महिला की पहचान कुंडिलपुर गांव निवासी त्रिफल यादव की पत्नी सुगंधी देवी के रूप में किया गया है। घटना गुरुवार की देर रात्रि की बताई जाती है। सूचना पर शिकारपुर पुलिस रात्रि में ही घटनास्थल पर पहुंचकर विवाहिता के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेज दिया है। हालांकि पुलिस के पहुंचने के पहले ही विवाहिता के ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए थे।
इस संबंध में मृतक महिला की मां सहोदरा थाना क्षेत्र के धनौजी कटराव गांव निवासी शारदा देवी ने शिकारपुर थाना में एक एफआईआर दर्ज कराई है। जिसमें मृतका के पति त्रिफल यादव, ससुर रामबालक यादव, सास इंदू देवी समेत ससुराल के सात लोगों को आरोपित किया है। एफआईआर में मृतक महिला की मां ने बताया है कि वह अपनी बेटी सुगंधी की शादी तीन वर्ष पहले कुंडिलपुर गांव निवासी त्रिफल यादव के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुराल वालों द्वारा बाइक की मांग की जा रही थी। जब उसकी पुत्री ने बाइक देने से मना कर दिया तो उसको प्रताड़ित करने का सिलसिला शुरू हुआ। जिसको लेकर उसका पति एवं ससुराल के लोग कई बार उसकी पिटाई भी कर के घर से निकाल दिए थे। जिसको पंचायती के माध्यम से सुलझाया गया था।
बच्चा नहीं होने पर बांझ बोल कर करते थे प्रताड़ित
एफआईआर में मृतका की मां ने बताया है कि शादी के तीन साल बाद भी जब उसकी पुत्री मां नहीं बनीं तो उसका पति एवं ससुराल के लोग बांझ कहकर प्रताड़ित करने लगे। गुरुवार की रात भी बाइक एवं बांझ का ताना ससुराल वाले दे रहे थे। जब उसकी पुत्री ने इसका विरोध किया तो उसका गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद सभी आरोपित घर में लाश छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर वे लोग जब अपनी बेटी के ससुराल पहुंचे तो घर में शव पड़ा था। घर के सभी लोग गायब थे। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई है।
पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
शिकारपुर थानाध्यक्ष केके गुप्ता ने बताया कि सूचना पर रात्रि में ही घटनास्थल पर पहुंचकर महिला की शव को अपने कब्जे में ले लिया गया है। शव देखने से प्रतीत हो रहा था कि उसकी हत्या गला दबाकर की गई है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/muzaffarpur/bettiah/news/killing-rekha-for-50-thousand-rupees-killed-sugandhi-devi-for-bike-127637457.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/08/21/
0 Response to "50 हजार रुपए के लिए रेखा की हत्या बाइक के लिए सुगंधी देवी काे मार डाला"
Post a Comment