स्वास्थ्य मंत्री बोले- कोरोना इलाज के लिए चिह्नित निजी अस्पतालों के कर्मियों को भी मिलेगा 50 लाख का बीमा
कोरोना इलाज के लिए जिला प्रशासन द्वारा चिह्नित प्राइवेट अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों को भी प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 50 लाख का बीमा कवर मिलेगा। यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने दी। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ प्राइवेट अस्पतालों के उन डॉक्टर, नर्स, पैरा मेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मियों को मिलेगा, जिनकी असामयिक मृत्यु काेराेना मरीजों के उपचार के दौरान होगी। इसका लाभ जिला प्रशासन द्वारा चिह्नित प्राइवेट अस्पतालों को ही मिलेगा। राज्य में 120 प्राइवेट अस्पतालाें को कोरोना इलाज करने के लिए चिह्नित किए गए हैं। मंत्री ने कहा कि कोरोना काल में केंद्र की इस महत्वाकांक्षी बीमा योजना से प्राइवेट सेक्टर में कार्यरत चिकित्साकर्मियों का न सिर्फ आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि उनका मनोबल भी ऊंचा होगा।
प्लाज्मा डोनर को प्रोत्साहन राशि के लिए कैबिनेट से जल्द ली जाएगी मंजूरी
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि काेराेना विजेताओं द्वारा प्लाज्मा दान को ज्यादा से ज्यादा प्रोत्साहित करने के लिए प्रति प्लाज्मा दाता प्रोत्साहन राशि देने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निर्देश दिया है। स्वास्थ्य विभाग इसकी प्रक्रिया निर्धारित कर सरकार को भेज रहा है। जल्द इसकी कैबिनेट से स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इससे उनका उत्साहवर्धन होगा और प्लाज्मा देने वालों की संख्या बढ़ने के अलावा जरूरतमंद मरीजों को इसका लाभ भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही पटना के जयप्रभा अस्पताल और भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में प्लाज्मा लेने का काम शुरू हो जाएगा। मंत्री ने बताया कि अब कोरोना की प्रखंड स्तर पर भी अस्पतालों में निशुल्क जांच की व्यवस्था की गई है।
जल्द एक लाख सैंपल की जांच का लक्ष्य पा लेंगे : स्वास्थ्य सचिव
स्वास्थ्य सचिव लोकेश कुमार सिंह ने कहा कि जल्द ही हम कोरोना के एक लाख सैंपल प्रतिदिन जांच का लक्ष्य प्राप्त कर लेंगे। इस दिशा में विभाग टीम वर्क के साथ तेजी से काम कर रहा है। राज्य में जांच की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले 24 घंटे में राज्य में रिकॉर्ड 92414 सैंपल की जांच हुई है। यह संख्या मंगलवार की तुलना में 9 हजार अधिक है। मंगलवार को भी 83344 कोरोना सैंपल की जांच की गई थी। संक्रमण की दर भी कम हो रही है। बुधवार को स्वास्थ्य सचिव वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई प्रेस काॅन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटे में 3029 लोग स्वस्थ हुए, जबकि 3741 संक्रमण के नए मामले आए हैं। राज्य की रिकवरी दर में भी मंगलवार की तुलना में सुधार हुआ है, यह दर अभी 66.33% है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/health-minister-said-the-personnel-of-private-hospitals-identified-for-corona-treatment-will-also-get-insurance-of-50-lakhs-127612739.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/08/13/orig_78_1597275478.jpg
0 Response to "स्वास्थ्य मंत्री बोले- कोरोना इलाज के लिए चिह्नित निजी अस्पतालों के कर्मियों को भी मिलेगा 50 लाख का बीमा"
Post a Comment