वोटर लिस्ट से खुद नाम नहीं हटा सकेंगे पदाधिकारी, चुनाव आयोग ने दिया निर्देश
चुनाव आयोग ने कहा है कि चुनावी वर्ष में कोई भी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सुओ मोटो वोटर लिस्ट से किसी वोटर का नाम नहीं हटाएंगे। नाम हटाने की प्रक्रिया तभी अपनाई जाएगी जब कोई आवेदक फॉर्म 7 या फॉर्म 6 में आवेदन करता है। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को वोटर लिस्ट के मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एचआर श्रीनिवास, सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी, रिटर्निंग ऑफिसर और अन्य पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की।
बैठक के दौरान अधिकारियों को वोटर लिस्ट से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया गया। अधिकारियों को यह बताया गया कि वोटर लिस्ट की छपाई कैसे होगी। उसे चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों को कैसे दिया जाएगा। आयोग की तरफ से वरीय प्रधान सचिव एनएन बुटोलिया, सचिव अजय कुमार झा व अन्य अधिकारी मौजूद थे। बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आयोग ने कहा कि प्रेस नोट जारी होने के बाद वोटर लिस्ट में किसी प्रकार का विलोपन और संशोधन नहीं होगा।
प्रचार पर आयोग को सुझाव देने की समय सीमा समाप्त
कोरोना संक्रमण के इस दौर में बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार अभियान और सभाएं कैसे हों, इस पर चुनाव आयोग को सुझाव देने की समय सीमा शुक्रवार को समाप्त हो गई। आयोग ने सभी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से 31 जुलाई तक सुझाव देने के लिए कहा था। दलों ने अपने सुझाव आयोग को सौंप दिए हैं।
पुराने स्टैंड पर कायम है जदयू
बिहार में विधानसभा चुनाव कराने को लेकर जदयू अपने पुराने स्टैंड पर कायम है। पार्टी ने चुनाव आयोग से एक ही चरण में चुनाव कराने की मांग की है। राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी ने कहा कि हम लोगों ने पहले ही आयोग के सामने अपनी राय जाहिर कर दी है।
भाजपा चुनाव के पक्ष में, तैयारी भी
भाजपा चुनाव के पक्ष में है। वह चुनाव के लिए तैयार भी है। पार्टी कोरोना संक्रमण को लेकर निर्धारित मापदंडों और तय मानकों के आधार पर चुनाव चाहती है। जब कभी भी चुनाव होगा पार्टी उसमें सहभागी होगी। ऐसे वह चुनाव को लेकर चुनाव आयोग के हर निर्णय के साथ है।
लोजपा नहीं चाहती विधानसभा चुनाव
लोजपा को विधानसभा के चुनाव पर आपत्ति है। उसने साफ कह दिया है कि कोरोना काल में वह बिहार के अंदर चुनाव नहीं चाहती है। पार्टी के प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक ने चुनाव आयोग को पार्टी के इस पक्ष से अवगत करा दिया है। आयोग को 12 बिंदुओं पर सुझाव दिया है।
राजद ने की मांग- पेपर बैलट से हो चुनाव
राजद ने कोविड-19 के संक्रमण को देखते हुए ईवीएम की जगह पेपर बैलट से चुनाव कराने का सुझाव दिया है। राजद के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखा है। रालोसपा ने वर्चुअल की जगह परंपरागत तरीके से चुनाव प्रचार की अनुमति देने की चुनाव आयोग से अपील की है। वामदलों ने चुनाव आयोग से कहा है कि वर्चुअल नहीं परंपरागत तरीके से चुनाव प्रचार हो।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/officials-will-not-be-able-to-remove-names-from-voter-list-election-commission-gave-instructions-127572873.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/08/01/orig_0521electioncommission_1596235669.jpg
0 Response to "वोटर लिस्ट से खुद नाम नहीं हटा सकेंगे पदाधिकारी, चुनाव आयोग ने दिया निर्देश"
Post a Comment