5000 बेड बढ़ाएंगे, पटना के ज्ञान भवन में बनेगा 100 बेड का कोरोना अस्पताल, बिहार में 1625 और पटना में 306 नए कोरोना मरीज
राज्य में कोविड-19 से संक्रमित मरीजों के इलाज करने वाले अस्पतालों में बेड की संख्या तेजी से बढ़ाई जाएगी। फिलहाल कोविड-19 अस्पतालों में ट्रीटमेंट बेड की संख्या लगभग 8000 है। इसमें 5000 बेड की बढ़ोतरी का लक्ष्य रखा गया है। अगले कुछ दिनों में कोविड-19 डेडीकेटेड अस्पतालों में 1100 बेड की बढ़ोतरी हो जाएगी। यह जानकारी आईपीआरडी सचिव अनुपम कुमार और स्वास्थ्य सचिव लोकेश कुमार सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई प्रेस कांफ्रेंस में दी।
जिलाधिकारियों को कोरोना मरीजों के लिए निजी अस्पतालों में भी बेड की संख्या बढ़ाने को कहा गया है। आईपीआरडी सचिव ने कहा कि सैंपल टेस्ट की क्षमता बढ़ाने के लिए तेजी से कार्रवाई हो रही है। सभी अनुमंडल अस्पतालों में एंटीजन टेस्ट की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। जिला से लेकर अनुमंडल तक में 1 लाख किट्स फील्ड में भेजे गए हैं ताकि लोग ऑन डिमांड जांच करा सके। पटना के ज्ञान भवन में 100 बेड का डेडीकेटेड कोविड-19 अस्पताल बनाने का फैसला लिया गया है। वहां ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर और ऑक्सीजन सिलिंडर के साथ संक्रमित मरीजों के लिए तमाम स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।
आईपीआरडी सचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले दिनों कोविड-19 डेडीकेटेड अस्पतालों, कोविड-19 केयर सेंटर और आइसोलेशन सेंटर में बेड की संख्या बढ़ाने का आदेश दिया था। मुख्यमंत्री ने अधिक से अधिक जांच के लिए सैंपल टेस्ट की संख्या भी बढ़ाने का आदेश दिया था। गुरुवार को मुख्य सचिव दीपक कुमार ने मुख्यमंत्री के आदेशों पर जिलों में हो रही कार्रवाई की समीक्षा की।
निजी अस्पतालों में तय दरों पर ही इलाज
आईपीआरडी सचिव ने कहा कि मुख्यालय व अनुमंडल स्तर पर निजी अस्पतालों में कोरोना मरीजों के इलाज की दर तय की जाएगी ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। जिलों को हिदायत दे दी गई है कि कहीं से भी मरीजों से ज्यादा फीस लिए जाने की शिकायत नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा प्राइवेट हस्पिटल्स में कोविड-19 के इलाज व बेड की व्यवस्था के लिए सभी जिलाधिकारियों को जवाबदेही सौंपी गई है ताकि लोगों को किसी प्रकार की समस्या नहीं हो।
24 घंटे से पहले आ जाएगी सैंपल टेस्ट की रिपोर्ट
कुछ जगहों से सैम्पल रिपोर्ट मिलने में देर होने की शिकायत आई है। निर्णय लिया गया है कि स्वास्थ्य विभाग ऐसी व्यवस्था करेगा कि किसी भी सैम्पल की टेस्ट रिपोर्ट में 24 घंटे से ज्यादा समय नही लगे।
कोविड केयर सेंटर : 40 हजार बेड की तैयारी
यहां बढ़ेगी बेड की संख्या
- गुरु गोविन्द सिंह अस्पताल (पटना सिटी) को एनएमसीएच के साथ संबद्ध करके 100 बेड की व्यवस्था होगी।
- मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 400 और बेड बढ़ाने का फैसला लिया गया, वहां 100 बेड उपलब्ध है।
- ईएसआई अस्पताल (बिहटा) में 100 बेड की व्यवस्था की जा रही है, वहां और 300 बेड बढ़ाए जाएंगे।
कोरोना मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाएं
- कोविड केयर सेंटर के लिए 40,000 बेड्स का स्थान चयनित, फिलहाल लगभग 20000 बेड तैयार है।
- हल्के और मध्यम लक्षण वाले मरीजों को रखने के लिए डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर्स में 4000 बेड उपलब्ध।
- 9 मेडिकल कालेजों और एम्स में गंभीर मरीजों के लिए ऑक्सीजन के साथ 3500 बेड उपलब्ध।
बिहार में 1625 और पटना में 306 नए कोरोना मरीज
राज्य में गुरुवार को भी 1625 और पटना में 306 नए संक्रमितों की पहचान की गई। राज्य में कुल मरीज 31691 हो गई। पिछले 24 घंटे में 1083 संक्रमित कोरोना काे मात देने में सफल रहे हैं। कुछ ठीक होने वाले 20959 हो गए। अभी राज्य की रिकवरी दर 66.14 फीसदी है। राज्य में कोरोना से 6 और लोगों की जान चली गई। भागलपुर में तीन,बिहारशरीफ और अरवल मे एक-एक ने दम तोड़ दिया।
बिंदी यादव की मौत : गया जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन बिंदी यादव की पीएमसीएच में कोरोना से मौत हो गई। उनकी पत्नी मनोरमा देवी विधान पार्षद हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/will-increase-5000-beds-100-bed-corona-hospital-to-be-built-in-gyan-bhawan-of-patna-1625-in-bihar-and-306-new-corona-patients-in-patna-127545979.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/07/24/orig_86_1595545590.jpg
0 Response to "5000 बेड बढ़ाएंगे, पटना के ज्ञान भवन में बनेगा 100 बेड का कोरोना अस्पताल, बिहार में 1625 और पटना में 306 नए कोरोना मरीज"
Post a Comment