14 निजी अस्पतालों में कोरोना मरीजों के लिए 292 बेड रिजर्व, डीएम बोले- शुल्क की अधिकतम सीमा होगी तय
शहर के 14 निजी अस्पतालों में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के इलाज के लिए 292 आइसोलेशन बेड रिजर्व किए गए हैं। मरीज अपनी इच्छा के अनुसार इलाज कराने के लिए अस्पताल का चयन कर सकते हैं। गुरुवार को डीएम कुमार रवि ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निजी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के प्रबंधक के साथ बैठक की।
इस दौरान अस्पताल के प्रबंधकों से लागत खर्च पर संक्रमित लोगों का इलाज करने और मुनाफा नहीं लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आपदा का समय है। इसमें सभी का सहयोग जरूरी है। वहीं, कोरोना मरीजों के लिए आरक्षित बेड का संचालन व प्रबंधन निजी अस्पताल और निजी मेडिकल कॉलेज के प्रबंधक को अपने स्तर से करने का निर्देश दिया है।
आईसीयू व वेंटिलेटर का लिया हिसाब
डीएम ने कहा कि मरीजों के इलाज में होने वाले खर्च की अधिकतम सीमा जल्द तय होगी। इसके लिए विभिन्न स्तरों पर विमर्श किया जा रहा है। इलाज पर होने वाले खर्च की अधिकतम सीमा तय कर जल्द ही निजी अस्पतालों को जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक के दौरान निजी अस्पतालों में आईसीयू, वेंटिलेटर, बेड आदि की व्यवस्था की समीक्षा हुई।
पर्यटक सूचना केंद्र भवन के आइसोलेशन वार्ड को कोविड अस्पताल में बदलने की तैयारी
पटना सिटी| कंगन घाट पर स्थित पर्यटक सूचना केंद्र भवन में चल रहे आइसोलेशन वार्ड को 180 बेड के कोविड अस्पताल में बदलने की तैयारी आरंभ हो गई है। बेड, ऑक्सीजन, वेटिंलर, डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती सहित अन्य तैयारी लगभग पूरी हो गई है। एसडीओ राजेश रौशन ने बताया कि 180 बेड के कोविड अस्पताल में 50 बेड पर ऑक्सजीन की व्यवस्था होगी। इधर गुरु गोविंद सिंह अस्पताल को भी कोविड अस्पताल से जोड़ने की तैयारी हो रही है।
होटल पाटलिपुत्र अशोक में कोविड अस्पताल शुरू
होटल पाटलिपुत्र अशोक में कोविड अस्पताल की सुविधा गुरुवार से बहाल हो गई है। यहां 160 बेड हैं। 75 बेड पर ऑक्सीजन की व्यवस्था है। डॉक्टर और पारा मेडिकल स्टाफ भी तैनात कर दिए गए हैं। पटना जिला के कोरोना के नोडल अफसर डॉ. एसपी विनायक ने बताया कि यहां फिलहाल मरीजों के लिए ऑक्सीजन की व्यवस्था है। वेंटिलेटर की व्यवस्था नहीं है। मरीज यदि आते हैं तो भर्ती किए जाएंगे। 24 घंटे डॉक्टरों की ड्यूटी लगा दी गई है।
जीएम ने कहा-रेलवे अस्पतालों में रेलकर्मियों का ही इलाज
पूर्व मध्य रेलवे के जीएम ललित चंद्र त्रिवेदी ने कहा कि रेलवे के कोविड अस्पतालों में फिलहाल संक्रमित रेलकर्मियों का ही इलाज होगा। वह गुरुवार को ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रेलवे द्वारा तैयार आइसोलेशन कोच आमलोगों के इलाज के लिए उपलब्ध होंगे। चिकित्सक और मेडिकल स्टाफ राज्य सरकार की तरफ से तैनात किए जाएंगे। इलाज में किसी तरह की बाधा नहीं आए इसको लेकर राज्य सरकार और रेलवे अधिकारियों की एक समिति बनाई गई है, जो रेलवे और राज्य द्वारा किए जाने वाले कार्यों को रेखांकित करते हुए स्पष्ट करेगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/292-beds-reserve-for-corona-patients-in-14-private-hospitals-dm-said-fixed-maximum-limit-of-fee-127569315.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/07/31/hospital_1596148631.jpg
0 Response to "14 निजी अस्पतालों में कोरोना मरीजों के लिए 292 बेड रिजर्व, डीएम बोले- शुल्क की अधिकतम सीमा होगी तय"
Post a Comment