Popular Posts

जाम से कराह उठा शहर, वाहनों की लगी रही कतार एक किलोमीटर की दूरी तय करने में लग गए घंटों

जाम से कराह उठा शहर, वाहनों की लगी रही कतार एक किलोमीटर की दूरी तय करने में लग गए घंटों

बरबीघा शहर दूसरे दिन भी पूरी तरह जाम रहा लेकिन प्रशासन से लेकर प्रतिनिधि तक संवेदनहीन बने रहे। शहर के हटिया मोड़ पर रविवार को जहां बालू लदा ट्रक गड्ढे में फंस जाने के कारण दिन भर सड़क पर जाम से वाहन रेंगते रहे वहीं, सोमवार को पुनः गिट्टी लदा हुआ ओवरलोडेड ट्रक उसी जगह पर फंस जाने के कारण स्थिति यथावत बनी हुई है। जाम का आलम यह है कि सड़क पूरी तरह से वन वे हो चुका है और गाड़ियां सरकती हुई हिचकोले खाते वहां से पार कर रही हैं। वहींं एक किलोमीटर की दूरी तय करने में वाहनों को घंटों लग गए।
शहर पिछले दो दिनों से जहां जाम की समस्या से लगातार जूझ रहा है वहीं, प्रशासन से लेकर प्रतिनिधि तक संवेदनहीन दिख रहे हैं जिसका खामियाजा शहरवासियों के साथ-साथ शहर से गुजरने वाले बाहरी लोगों को भी भुगतना पड़ रहा है। स्थानीय प्रतिनिधि और अन्य स्थानीय नेता इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए जिम्मेदार पुलिस प्रशासन नाम की चीज भी पिछले दो दिनों में कहीं नहीं दिखी। जानलेवा गड्ढों का आलम यह है कि उसमे प्रत्येक दिन दर्जन भर से ऊपर मोटरसाइकिल सवार गिर जाते हैं। दुपहिया वाहन चालकों ने बताया कि अगर कुछ दिन और सड़क की हालत यथावत रहे तो निर्माण होने से पूर्व कई लोग मौत की गाल में समा जाएंगे।

स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश
पिछले 3 वर्षों से धूल फांकते हुए गड्ढों वाले सड़क का सामना कर रहे स्थानीय लोगों में इस बार आक्रोश व्याप्त है। लोग अब मुख्य सड़क को छोड़कर वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेकर बाजार आ जा रहे हैं। ज्यादा परेशानी बरबीघा के उत्तर में बसे गांव माउर, मिर्जापुर, सर्वा, मालदह, नागडीह, खोजगाछी, बभनबीघा, ख़लीलचक, मालिलचक, सामस, कुतुबचक सहित 50 से अधिक गांव के लोगों को हो रहा है। इन गांव वालों का प्रमुख बाजार बरबीघा होने के कारण ये लोग अपने दिनचर्या से जुड़े सामानों की खरीदारी करने के लिए बाजार आते हैं और उन्हें घंटो जाम का सामना करना पड़ता है।

3 किलोमीटर सड़क की पिछले तीन वर्षों से है जर्जर स्थिति
नगर परिषद क्षेत्र के श्री कृष्णा चौक से लेकर गगंटी मोड़ तक लगभग 3 किलोमीटर एनएच 82 पिछले 3 वर्षों से जर्जर हाल में है। वहीं, बरसात के समय में जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। जिसके कारण छोटे-बड़े वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन इसको लेकर अभी तक किसी जन प्रतिनिधि के द्वारा उचित पहल नहीं किए जाने के कारण अभी तक सड़क मरम्मत का कार्य नहीं हो पाया है। जिसके कारण हटिया मोड़ से लेकर गंगटी मोड़ तक 3 किलोमीटर लंबी सड़क अपने हालात पर आंसू बहा रहा है।
तीन साल से रोड बनाने का दिखा रहे सपना
वहीं, बरबीघा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न मोहल्ले के लोग अब इस रास्ते से कन्नी काटते हुए किसी लूप रास्ते का प्रयोग करके बरबीघा से बाहर का काम निपटा रहे हैं। खासकर जिला मुख्यालय में ड्यूटी करने वाले कामगार जो अपने निजी वाहन से कार्यालय जाते हैं उन्हें काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीण मुकेश कुमार चुन्नू, पिंटू पासवान, गुड्डू सिंह सहित शहर वासियों ने कहा पिछले 3 वर्षों से लोगों को रोड बनाने का सपना दिखाया जा रहा है लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका। उन लोगों ने कहा कि इससे पूर्व अपने जीवन में ऐसी जर्जर सड़क की हालत बरबीघा में कभी नहीं देखी। वर्तमान सरकार के विकास के दावे पूरी तरह से बरसात के पानी में बह चुका है और आने वाले समय में इसका खामियाजा सरकार के प्रतिनिधियों को भुगतना पड़ेगा। पक्ष से लेकर विपक्ष तक के नेता इस मामले पर चुप हैं जो दर्शाता है कि अब बरबीघा नेता विहीन हो चुका है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
The city groaned with traffic, queues of vehicles took hours to cover a distance of one kilometer


from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/shekhapura/news/the-city-groaned-with-traffic-queues-of-vehicles-took-hours-to-cover-a-distance-of-one-kilometer-127461907.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/06/30/111_1593470954.jpg

0 Response to "जाम से कराह उठा शहर, वाहनों की लगी रही कतार एक किलोमीटर की दूरी तय करने में लग गए घंटों"

Post a Comment