12 मरीजों ने कोरोना को दी मात, डिस्चार्ज 11 की जांच रिपोर्ट फिर आई पॉजिटिव
बुधवार को जिले के कोरोना के 12 मरीजों ने बीमारी को मात देते हुए जिंदगी की जीत हासिल की। इन सभी मरीजों की फाइनल रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। डॉक्टरों ने सभी को 15 दिनों तक होम क्वारेंटाइन में रहने का निर्देश दिया है। एक साथ 12 मरीजों के डिस्चार्ज होते ही जिले में डिस्चार्ज होने वाले कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। अभी जिले में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 109 हैं, जिसमें से 88 इलाजरत है। बताया गया कि 25 मई को 64 सैंपल टेस्ट को पटना भेजी गई थी। जिसमें 23 पुराने कोरोना पॉजिटिव मरीजों का फाॅलोअप सैंपल था।
बुधवार को आई फॉलोअप रिपोर्ट में से 11 मरीजों की रिपोर्ट फिर पॉजिटिव आई, जबकि 12 मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार महतो व अन्य पदाधिकारियों ने सदर अस्पताल स्थित जीएनएम नर्सिंग स्कूल प्रांगण से 12 निगेटिव आये मरीजों को जरूरी सामानों के साथ बसों में बैठाकर उनके घर भेज दिया। अब वह सभी मरीज होम क्वारेंटाइन में रहेंगे।
घर में भी सोशल डिस्टेंस करेंगे फॉलो
डिस्चार्ज मरीजों के घर भेजते समय सीएस डॉ. सुधीर कुमार महतो ने कहा कि वह अपने घरों में अपने आप को अलग रखेंगे। उनके हर इस्तेमाल करने वाली चीज को अलग रखना होगा। किसी प्रकार की परेशानी होने पर वह स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर सकते हैं। इस दौरान सभी 12 लोगों को होम क्वारेंटाइन में इस्तेमाल के लिए सभी जरूरी सामान दिया गया। जिन 12 कोरोना मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गयी, उनके आंखों में खुशी के आंसू छलक उठे। उनका कहना था कि इस कठिन घड़ी में हिम्मत नहीं हारनी चाहिए।
64 संदिग्धों की रिपोर्ट का इंतजार
बांका जिले के 109 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। वहीं 21 मरीज कोरोना से जंग जीत कर अपने घर जा चुके हैं। कुछ दिन होम क्वारेंटाइन में रह कर वह फिर से अपनी सामान्य लाइफ जी सकेंगे। जितने भी लोग बांका जिले के कोरोना से संक्रमित हुए हैं, वह सभी प्रवासी लोग हैं, जो विभिन्न राज्यों से अपने घर वापस आये हैं। सभी कोरोना पॉजिटिव मरीजों को लकड़ीकोला स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में बने आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। यहां अब भी 64 लोगों का रिपोर्ट आना बांकी है।
12 मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सभी को होम क्वारेंटाइन में भेजा गया है। कुछ पुराने मरीजों की जांच रिपोर्ट गुरुवार को भी आने की संभावना है। सभी लोगों को होम क्वारेंटाइन में किस प्रकार रहना है, उसके बारे में बताया गया है। कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के इलाज के लिए पूरा स्वास्थ्य विभाग प्रयासरत है।-डॉ. सुधीर कुमार महतो,सिविल सर्जन, बांका
क्वारेंटाइन अवधि पूरा कर चुके 130 प्रवासी भेजे गए घर
क्षेत्र में संचालित दो क्वारेंटाइन सेंटरों से क्वारेंटाइन अवधि पूरा करने वाले 130 प्रवासियों को घर भेज दिया गया। इसकी जानकारी देते हुए डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि गांधी उच्च विद्यालय सबलपुर स्थित क्वारेंटाइन सेंटर से 110 प्रवासियों को निर्धारित क्वारेंटाइन अवधि पूरा करने के बाद घर भेजा गया है। वहीं एसएस हाई स्कूल पंजवारा सेंटर से 20 प्रवासियों को घर जाने की अनुमति दी गई है। सभी प्रवासियों को अपने घरों में 7 दिन तक होम क्वारेंटाइन के नियमों का पालन करने का भी निर्देश दिया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/bhagalpur/banka/news/12-patients-beat-corona-discharge-11-test-report-again-positive-127347952.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/05/28/orig_010_1590622438.jpg
0 Response to "12 मरीजों ने कोरोना को दी मात, डिस्चार्ज 11 की जांच रिपोर्ट फिर आई पॉजिटिव"
Post a Comment