पुलिस की जांच में रोमन व सिंटू शक के दायरे में, हो सकती है गिरफ्तारी
नवगछिया के राजेंद्र कॉलोन के विशाय टोला निवासी सुनीता देवी उर्फ संजू देवी की हत्या की गुत्थी परत दर परत खुलती जा रही है। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि रविवार को सुनीता उर्फ संजू देवी अपने घर से यह कहकर निकली थी कि वह स्टेशन रोड निवासी रोमन के यहां जा रही है। उससे पैसे लेने है। वहीं इस हत्याकांड में विशाय टोला के पिंटू पासवान का नाम भी प्रमुखता से सामने आ रहा है।
सूत्रों की मानें तो सिंटू डेढ़ साल से उसके घर आता-जाता था। मृतका के देवर रामकृष्ण पासवान ने कहा है कि सिंटू के साथ उनकी भाभी का गलत संबंध था। वह बार-बार संजू को फोन करता था। परिजनों ने यह भी बताया कि छठ के दिन संजू के पति बाहर गए थे तो उसके साथ सिंटू पासवान ने मारपीट की थी।
बच्चों ने बताया कि मारपीट किस बात पर हुई थी इसकी जानकारी तो उन्हें नहीं है। पुलिस रोमन और सिंटू को संदिग्ध मान रही है। वहीं अब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में रोष है। हालांकि पुलिस का दावा है कि जल्द ही वह हत्यारों तक पहुंचेगी। थाना अध्यक्ष अमर विश्वास ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। जल्द ही हत्या में संलिप्त लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।
चुनाव बाद नवगछिया में आपराधिक घटनाएं बढ़ीं
युवा राजद के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने नवगछिया की महिला की हत्या और नारायणपुर के मधुरापुर बाजार में दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों द्वारा स्वर्ण व्यवसायी अनंत पोद्दार से मारपीट कर चार लाख रंगदारी मांगे जाने पर कहा कि चुनाव के बाद नवगछिया में हत्या, लूट, बलात्कार, अपहरण और रंगदारी की घटनाएं चरम पर हैं।
पुलिस जिले के लोग भय के साये में जीने पर मजबूर हैं। इससे कानून व्यवस्था की पोल खुल गई है। आजाद हिंद मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव बुधवार को संजू देवी के परिजनों मुलाकात कर ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि नवगछिया में एक के बाद एक हो रहे आपराधिक वारदात चिंता का विषय है। उन्होंने हत्यारों की गिरफ्तार और परिजनों को मुआवजा देने की मांग प्रशासन से की है। चेतावनी दी कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे।
8 दिन में हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो होगा आंदोलन
भाकपा माले के जिला सचिव बिंदेश्वरी मंडल, प्रखंड सचिव रामदेव सिंह, इंकलाबी नौजवान सभा के राज्य सह सचिव गौरीशंकर राय, प्रखंड कमेटी सदस्य रवि मिश्रा, वकील मंडल बुधवार को परिजनों से मिले और पूरे मामले की जानकारी ली। जिला सचिव विंदेश्वरी मंडल ने कहा कि नवगछिया में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ चुका है। नीतीश सरकार अपराध रोकने में पूरी तरह से विफल है। अगर आठ दिन में हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होगी तो पार्टी कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे। माले नेताओं ने परिजनों को 10 लाख रुपए मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की भी मांग की है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/bhagalpur/navagchhiya/news/roman-and-sintu-suspects-under-police-investigation-may-arrest-127974091.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/12/03/capture_1606952894.jpg
0 Response to "पुलिस की जांच में रोमन व सिंटू शक के दायरे में, हो सकती है गिरफ्तारी"
Post a Comment