देश की भक्ति और सेवा में बापू के योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता : मंजू देवी
बापू की 151वीं और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की 117वीं जयंती जिले में सादगी के साथ मनाई गई। इस दौरान विभिन्न संस्थानों में देश की दोनों महान विभूतियों को नमन कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। जिला परिषद के डाक बंगला स्थित गांधी पार्क में जिला परिषद अध्यक्ष मंजू देवी, उपविकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी विनोद कुमार सिंह, मुरलीगंज नगर परिषद के मुख्य पार्षद श्वेत कमल बौआ, जिप उपाध्यक्ष रघुनंदन दास, सदस्य रीना कुमारी, नूतन देवी, समाजसेवी डॉ. विनीत कुमार आर्यन, नाजिर अमित कुमार सिंह, लेखपाल रमेश कुमार, बंदोबस्त सहायक ब्रह्मदेव पासवान व अन्य अन्य ने बापू की प्रतिमा पर माल्यापर्ण किया। इस दौरान जिप अध्यक्ष मंजू देवी ने कहा कि बापू के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। देश भक्ति और देश के विकास में बापू के योगदान को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है। मुरलीगंज के मुख्य पार्षद श्वेत कमल बौअा ने कहा कि महात्मा गांधी के जीवन आदर्श देश ही नहीं विदेशों में भी सम्माननीय हैं।
शंकरपुर में भी मनाई गई गांधी जयंती
शंकरपुर | जिरवा मधेली पंचायत सरकार भवन में मुखिया संजय कुमार शाह की अध्यक्षता में बापू की जयंती मनाई गई। इस दौरान उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया गया। मुखिया संजय शाह ने कहा कि दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जन्मदिवस गांधी जयंती के रूप में मनाया जाता है। महात्मा गांधी द्वारा अहिंसा आंदोलन आंदोलन चलाया गया था, इसलिए विश्व स्तर पर उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए इस दिन को विश्व अहिंसा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। मौके पर सरपंच दिनेश शर्मा, उपसरपंच अर्जुन यादव, उपमुखिया अभिनंदन कुमार, श्रीनारायण, रामचरित्र साह व सुभाष यादव सहित अन्य भी मौजूद थे।
आलमनगर में बापू के मार्ग पर चलने का आह्वान
आलमनगर । खापुर में बापू और शास्त्री जी की जयंती मनाई गई। इस दौरान उनके बताए मार्ग पर चलने की बात कही गई। मौके पर अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष ऋतुराज, जदयू कार्यकर्ता जोगिंदर राय, पंचायत अध्यक्ष कपिलदेव शर्मा, सुधीर मंडल, सीताराम मंडल, सरपंच सुधीर सिंह, राजेंद्र सिंह, संजीत सिंह, लूरी शर्मा, अर्जुन शर्मा, सुभाष मिस्त्री, मयंक शेखर सिंह व बेचन ऋषिदेव सहित अन्य भी मौजूद थे।
चित्रांकन में विश्वजीत व भाषण में लक्की रहे अव्वल
मधेपुरा | गांधी एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर हाॅली क्राॅस स्कूल में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र सम्मिलित हुए। समस्त शिक्षकों और छात्रों ने बापू और शास्त्री जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया। इस अवसर पर कक्षा प्रथम एवं द्वितीय के लिए ऑनलाइन पौधरोपण एवं सफाई अभियान चलाया गया। वहीं वर्ग तृतीय से पंचम तक चित्राकंन प्रतियोगिता (आॅनलाइन) कराई गई। जिसमें प्रथम विश्वजीत, द्वितीय अजब एवं तृतीय स्थान पर गंगा ज्योति एवं वर्ग छह से आठ के छात्रों की भाषण प्रतियोगिता (आॅनलाइन) में प्रथम लक्की राज, वर्ग आठ, द्वितीय सृष्टी सिंह, वर्ग छह, तृतीय स्थान ओम झा को मिला।
‘बापू कहते थे कि नशा शैतान का आविष्कार है’
सिंहेश्वर | गांधी पार्क में बापू की जयंती के अवसर पर कई संगठनों ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर विश्व नशा उन्मूलन कल्याण मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत गंगा दास तांती ने कहा कि गांधी जी कहते थे कि नशा शैतान का आविष्कार है। यह शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और बौद्धिक विकास को बर्बाद करता है। गांधी जी ने कहा था यदि मुझे एक दिन के लिए इस देश का शासक बना दिया जाए, तो सबसे पहले मैं बिना मुआवजा चुकाए देश की सभी शराब की दुकानों को बंद करवा दूंगा। बापू की जयंती के अवसर पर वरिष्ठ नागरिक सेवा संगठन के अध्यक्ष दुर्गा नंद विश्वास ने कहा महात्मा गांधी, अहिंसा, शालीनता और समाज के हर वर्ग के उत्थान पर गहरी सोच के कारण देश के ही नहीं विश्व के बापू कहलाए। मंदिर न्यास समिति के सदस्य विजय कुमार सिंह ने कहा कि गांधी जी के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने की जरूरत है। भारत कुम्हार संघ के अध्यक्ष सीताराम पंडित ने कहा कि देश दो प्रमुख व्यक्ति मोहन दास करमचंद गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती है। इस अवसर पर मनोज ठाकुर, जयनारायण पंडित, विनोद कुमार दास, विजय भगत, पप्पू सिंह, मुन्ना सिंह, नारायण पंडित, सोनू, कृष्ण सिंह व संजू पंडित सहित अन्य भी मौजूद थे।
हमें गांधी की जीवनशैली को अपनाने की जरूरत
मधेपुरा | महात्मा गांधी ने सत्य एवं अहिंसा का जो मार्ग दिखाया है, उस पर चलकर ही दुनिया का कल्याण हो सकता है। गांधी प्रेरणा के स्रोत हैं। उनके विचार भूतकाल में प्रासंगिक थे, वर्तमान में प्रासंगिक हैं और भविष्य में भी प्रासंगिक रहेंगे। उक्त बातें कुलपति डॉ. आरकेपी रमण ने कही। वे शुक्रवार को महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित पुष्पांजलि एवं प्रार्थना सभा तथा महात्मा गांधी की समसामयिक प्रासंगिकता (कोरोना महामारी के विशेष संदर्भ में) विषयक परिचर्चा की अध्यक्षता कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में किया गया। उन्होंने कहा कि गांधी का संपूर्ण जीवन एक आदर्श है। उनके जीवन के हर एक पहलुओं पर शोध हो सकता है। उन्होंने कहा कि गांधी प्रकृति के साथ जीवन जीते थे। वे सादा जीवन, उच्च विचार के जीते-जागते उदाहरण थे। आज कोरोना काल में हमें गांधी की जीवनशैली को अपनाने की जरूरत है। कार्यक्रम के दौरान डीएसडब्ल्यू डॉ. अशोक कुमार, कुलसचिव डॉ. कपिलदेव प्रसाद, शिक्षक संघ के महासचिव डॉ. अशोक कुमार, जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. सुधांशु शेखर ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन करते हुए समन्वयक डॉ. अभय कुमार ने किया। पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। प्रांगण रंगमंच की तनुजा सोनी ने वैष्णव जन तो तेने कहिए भजन प्रस्तुत किया। जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. सुधांशु शेखर ने कुलपति को अपनी पुस्तक गांधी विमर्श भेंट की।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/muzaffarpur/madhepura/news/bapus-contribution-to-the-devotion-and-service-of-the-country-can-never-be-forgotten-manju-devi-127773553.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/10/02/orig_1_1601656063.jpg
0 Response to "देश की भक्ति और सेवा में बापू के योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता : मंजू देवी"
Post a Comment