एनएच पर जाम, मोहल्लों की सड़कों पर पानी...ये समस्याएं बहुत पुरानी, नाली का निर्माण नहीं होना बनेगा सबसे बड़ा मुद्दा
(आलोक कुमार) कभी यहां सम्राट अशोक की फुलवारी थी। इसलिए बाद में नाम फुलवारीशरीफ पड़ा। आज यहां फुलवारी नदारद है और नए-नए मोहल्ले लगातार उग रहे हैं। ज्यादातर हिस्सा पानी-पानी है। जलनिकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। हालत यह है कि जबसे बरसात शुरू हुई भुसौला दानापुर के पास जानीपुर रोड बंद है, क्योंकि सड़क पर जलजमाव है।
जलजमाव और उसके साथ कोरोना के समय नेताओं का जनता से मुंह मोड़ लेना, कोरोना के दौरान इलाके में बढ़ी बेरोजगारी और महंगाई के साथ मेन रोड का जाम इसबार चुनाव के मुख्य मुद्दे हैं। अनीसाबाद गोलंबर से एम्स तक सड़क पर रेंगते वाहन रोज की कहानी है।
बेउर की कृष्ण बिहार कॉलोनी, साईंचक, गंगा विहार कॉलोनी, महावीर कॉलोनी समेत पुराना बेउर गांव जो अब शहर बन गया है, कहीं भी सड़क नहीं दिखती। बेउर जेल से आगे बढ़ने पर सड़क का और बुरा हाल है। पता चला कि नमामि गंगे प्रोजेक्ट के नाम पर निर्माण कंपनी ने पूरे बेउर इलाके की सड़कों को खोद कर गंदे पानी के तालाब में तब्दील कर दिया है।
बेउर ही नहीं शहरी क्षेत्र के रामकृष्णानगर, जगनपुरा, मित्रमंडल कॉलोनी, साकेत विहार, पुर्णेन्दू नगर, न्यू एतवारपुर, एतवारपुर, कुरथौल गांव के सामने बसी नई कॉलोनी आदि नए बसे मोहल्ले में कमोबेश एक जैसी समस्या है कि नाली और बरसात के पानी का निकास नहीं है, इसलिए सालों भर पानी जमा रहता है।

मुरादपुर पासवान जाति बहुल गांव है। करीब 1200 वोटर हैं यहां। चिंता देवी कहने लगीं-सगरो चमक रहा है अउर हमनी के गांव मुसहरी से भी बदतर स्थिति में है। ये चंद वजहें हैं जिनके चलते फुलवारीशरीफ की फिजां फिलवक्त बदली-बदली सी है।
इस क्षेत्र का हमेशा सरकार में प्रतिनिधित्व रहा है। एक उपचुनाव को छोड़ दें तो 1995 से लगातार श्याम रजक यहां से जीतते और मंत्री बनते रहे हैं। चाहे पार्टी कोई भी हो। इसलिए क्षेत्र का लंबे समय तक प्रतिनिधित्व करने वाले श्याम रजक से ही लोग समस्याओं का समाधान भी चाहते हैं और उन्हें ही इसके लिए जिम्मेदार भी मानते हैं। रजक इस सीट पर छठवीं बार मैदान में होंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/fulwarishrif/news/jam-on-nh-water-on-the-streets-of-mohallas-these-problems-are-very-old-the-construction-of-drain-will-not-become-the-biggest-issue-127775491.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/10/03/orig_app160164283988img-20201002-wa0004_1601677666.jpg
0 Response to "एनएच पर जाम, मोहल्लों की सड़कों पर पानी...ये समस्याएं बहुत पुरानी, नाली का निर्माण नहीं होना बनेगा सबसे बड़ा मुद्दा"
Post a Comment