यात्रियों की सुरक्षा के लिए बस स्टैंड में तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट
मधेपुरा शहर में नगर परिषद की ओर से 3.5 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक नया बस स्टैंड बनकर तैयार है। लेकिन न तो इसका टेंडर हो सका है और न ही नगर परिषद की पहल के बावजूद बसें वहां खड़ी की जा रही हैं। ऐसे में जबकि नगर परिषद ने अपने संसाधन से तत्काल व्यवस्था शुरू करनी चाही, तो बस मालिकों ने असुरक्षा का हवाला देते हुए वहां जाने से इंकार कर दिया। इसके बाद अब नगर परिषद की मांग पर डीएम नवदीप शुक्ला ने वहां पुलिस के साथ-साथ मजिस्ट्रेट की तैनात कर दी है। ताकि विधि-व्यवस्था सामान्य रह सके। इसके तहत डीएम कार्यालय द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि नवनिर्मित बस स्टैंड से ही वाहनों का परिचालन किया जाना है। लेकिन ऐसा देखा जा रहा है कि वाहन चालक सीधे पुराने बस स्टैंड पर चले जाते हैं। जो सर्वथा अनुचित है। इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा नए बस स्टैंड से वाहन का परिचालन सुनिश्चत करने के लिए एक सप्ताह के लिए सशस्त्र बल, पुलिस पदाधिकारी एवं प्रभारी पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति का आग्रह किया गया है। जिसके बाद पुराने बस स्टैंड पर सुबह 6 से 10 बजे और शाम 6 से रात के 10 बजे रात तक मजिस्ट्रेट व सिंहेश्वर पुलिस केंद्र में पदस्थापित दारोगा मदन कुमार को सशस्त्र बल के साथ तैनात किया गया है। जबकि न्यू बस स्टैंड पर सुबह 6 से 10 बजे और शाम 6 से रात के 10 बजे तक मजिस्ट्रेट व मधेपुरा थाने में पदस्थापित जमादार रणजीत कुमार सशस्त्र बल के साथ मौजूद रहेंगे। इनका काम विधि- व्यवस्था को सामान्य रखना है।
बस मालिकों से की जाएगी बात
अपराधिक तत्वों की हरकतों की शिकायत कभी भी किसी ने खुलकर नहीं की है। फिर अगर ऐसा है, तो जल्द ही मैं बस मालिकों के साथ बैठकर बात करुंगा। वहीं वाहन व सामान की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किए जाएंगे।
प्रवीण कुमार, ईओ, नगर परिषद, मधेपुरा
नए स्टैंड से ही करना है वाहनों का परिचालन
नप अंतर्गत नवनिर्मित बस स्टैंड मधेपुरा से ही वाहनों का परिचालन किया जाना है। लेकिन बस मालिकों ने असुरक्षा की बात कहकर वहां जाने से साफ इंकार कर दिया है। ऐसे में प्रशासन के समक्ष नए बस स्टैंड पर वाहनों का परिचालन व ठहराव बड़ी चुनौती बन गई। विदित हो कि नए बस स्टैंड के ठेके के लिए तीन बार निविदा निकाली गई। बावजूद बोली में किसी ने भाग नहीं लिया। इस कारण से टेंडर फाइनल नहीं हो पाया। ऐसे में नगर परिषद ने अपने स्तर से स्टैंड को संचालित करने का निर्णय लिया।
पहले ही दिन धमकाने पहुंच गए अवांछित तत्व
बस मालिकों का कहना है कि जगह सुनसान ही नहीं एक साइड में रहने के कारण नाइट बस का ठहराव किसी जोखिम से कम नहीं है। एक बस मालिक ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि एक दिन डीटीओ के कहने पर हमलोग सभी नाइट बस वहां लगाए थे। लेकिन थोड़ी देर के बाद वहां अवांछित लोगों का जमावड़ा होने लगा। वे लोग शराब के लिए रुपए की मांग करने लगे। इतना ही नहीं कुली से सामान उतारने और ले जाने पर भी रंगदारी वसूलने की मांग की गई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/muzaffarpur/madhepura/news/magistrate-will-be-posted-in-bus-stand-for-the-safety-of-passengers-127704946.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/09/10/4_1599755994.jpg
0 Response to "यात्रियों की सुरक्षा के लिए बस स्टैंड में तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट"
Post a Comment