Popular Posts

सड़क का पानी पड़ने पर जमादार ने ट्रक ड्राइवर को चप्पल से पीटा

सड़क का पानी पड़ने पर जमादार ने ट्रक ड्राइवर को चप्पल से पीटा

बीच सड़क पर फिल्मी स्टाइल में एक छह फीट का व्यक्ति विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक के आगे अपनी बुलेट खड़ी करता है। फिर ड्राइवर को ट्रक से नीचे उतरवाता है। गाली देते हुए ड्राइवर को पहले चप्पल से दोनों गाल पर मरता है, फिर थप्पड़ मरता है। इसके बाद ट्रक की चाबी लेकर ड्राइवर को अपनी बुलेट पर बैठकर थाना लाता है। वहां ड्राइवर से सादे कागज पर दस्तखत कराकर उसे बिना चाबी दिए थाने से बाहर निकल जाने को कहता है। यह गुंडागर्दी मुरलीगंज थाने के जमादार अब्बास हुसैन की है।
घटना रविवार की सुबह एनएच-107 पर मुरलीगंज के कोसी कॉलोनी के समीप की है। ड्राइवर की गलती सिर्फ इतनी थी कि जर्जर सड़क पर बने गड्‌ढे में जमा बरसात का पानी ट्रक के चक्के से उछलकर जमादार अब्बास हुसैन के कपड़े पर पड़ गया। लेकिन पीड़ित ड्राइवर ने जैसे ही साक्ष्य के साथ पूरे मामले की जानकारी एसपी योगेंद्र कुमार को दी, तो उन्होंने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल सदर इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार को जांच करने मुरलीगंज भेज दिया। जहां उन्होंने दोनों पक्षों का बयान लिया। तत्काल ड्राइवर को चाबी वापस कर दी गई है। सबों ने यही कहा कि जमादार ने गुंडई की। पुलिसवाला है, तो क्या किसी को मामूली बात पर रोड चप्पल से पीटेगा।

राजस्थान का है ट्रक ड्राइवर
ट्रक के मालिक सह ड्राइवर खेमचंद ने बताया कि वह राजस्थान का रहने वाला है। यहां ट्रक पर बांस लोडिंग का काम करता है। बिहार से बांस लेकर राजस्थान ले जाया करता है। उन्होंने बताया कि रविवार की सुबह करीब 9:30 बजे वह मुरलीगंज होते हुए बांस लोडिंग करने तुलसीया जा रहा था। उसके साथ चार मजदूर भी थे। एनएच-107 पर कोसी कॉलोनी के समीप गड्‌ढे में बारिश का पानी जमा हुआ था। गड्‌ढा होने के कारण वाहन की स्पीड भी काफी कम थी। बावजूद थोड़ा सा छींटा बुलेट सवार पुलिस अधिकारी पर पड़ गया।

ड्राइवर ने मान ली थी गलती
सिविल ड्रेस में बुलेट पर सवार पुलिस पदाधिकारी ने आगे बढ़कर उसकी गाड़ी रोकी और गाड़ी से नीचे उतारकर गाली- गलौज करते हुए थप्पड़ और चप्पल से मारपीट शुरू कर दी। उसने बताया कि उसने अपनी गलती भी मान ली। बावजूद बुलेट पर बैठाकर वे उसे थाने ले गए और एक सादे कागज पर हस्ताक्षर ले लिया। बताया कि मैंने अपने मोबाइल से पुलिस अधीक्षक मधेपुरा को फोन किया और मामले की जानकारी दी। पूरे घटनाक्रम के दौरान लगभग एक घंटे तक ट्रक बीच सड़क पर ही खड़ा रहा।

जनता का सवाल - जर्जर सड़क के लिए जिम्मेदारों के साथ भी ऐसा करेंगे?
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने कहा कि सड़क इसलिए जर्जर है, क्योंकि अधिकारी और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि इसपर ध्यान नहीं देते हैं। लोगों ने सवाल किया कि, क्या सड़क में बने गड्ढे के लिए जमादार अब्बास हुसैन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि के साथ बदसलूकी तो दूर खड़ी-खोटी भी सुना सकेंगे। लोगों ने कहा कि पुलिस का चेहरा आम जनता के प्रति फ्रेंडली होना चाहिए। इस तरह सरे राह पिटाई सरे राह कानून के रक्षक नहीं कर सकते हैं।

मिलने के बाद देंगे जानकारी
घटना के बाबत पक्ष जानने के लिए आरोपी जमादार को कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। बाद में उन्होंने फोन कर कहा कि मिलने के बाद जानकारी देंगे। अब्बास हुसैन, जमादार

जांच कर एसपी को दी जाएगी रिपोर्ट
मामले की जानकारी होने के बाद एसपी के आदेश से मैं ट्रक ड्राइवर के साथ हुई घटना की जांच कराने मुरलीगंज आया था। सभी पक्षों का बयान लेकर जांच रिपोर्ट एसपी को सौंप दी जाएगी।
प्रशांत कुमार, इंस्पेक्टर, मधेपुरा



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
मुरलीगंज में ट्रक ड्राइवर को पीटते जमादार।


from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/bhagalpur/murliganj/news/jamadar-beat-up-truck-driver-with-sandal-when-road-water-falls-127758314.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/09/27/1_1601223763.jpg

0 Response to "सड़क का पानी पड़ने पर जमादार ने ट्रक ड्राइवर को चप्पल से पीटा"

Post a Comment