पटना में जयप्रभा ब्लड सेंटर में खुलेगा प्लाज्मा बैंक, कहीं भी भर्ती मरीज को मिलेगा
कोरोना संक्रमण को देखते हुए जयप्रभा मॉडल ब्लड सेंटर में प्लाज्मा बैंक और आईजीआईएमएस व पारस एचएमआरआई अस्पताल में डोनेशन और प्लाज्माथेरेपी की सुविधा बहाल होगी। जयप्रभा मॉडल ब्लड बैंक (अब सेंटर) में प्लाज्मा कलेक्शन के लिए मशीन भी आ गई है। मशीन इंस्टाॅल करने का काम सोमवार से होगा। इसके बाद ड्रग कंट्रोलर से अनुमति मिलते ही यहां स्वस्थ हो चुके कोरोना मरीजों से प्लाज्मा कलेक्शन होने लगेगा। यहां से जरूरतमंद कोरोना मरीज को प्लाज्मा दिया जाएगा, चाहे उसका इलाज कहीं भी हो रहा हो। इसके लिए कोई शुल्क नहीं लगेगा। सिर्फ प्रोसेसिंग चार्ज देना होगा। प्रोसेसिंग चार्ज का अभी तय नहीं हुअा है। यह करीब 400 रुपए रहने की संभावना है।
आईजीआईएमएस : आईजीआईएमएस में भी प्लाज्मा डोनेशन और थेरेपी की व्यवस्था हो रही है। हालांकि यह नन कोविड अस्पताल है। लेकिन यहां के चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों के कोरोना संक्रमित होने पर संस्थान में ही इलाज की व्यवस्था है। संस्थान सूत्रों की मानें तो 12 अगस्त को पहला डोनेशन होने की उम्मीद है। डोनर ने सहमति दे दी है। प्लाज्मा उपलब्ध रहने पर दूसरे अस्पतालों में भर्ती कोरोना के मरीजों को प्लाज्मा दिया जाएगा।
पारस : पारस एचएमआरआई अस्पताल में प्लाज्मा थेरेपी और डोनेशन की सुविधा होगी। इसके क्षेत्रीय निदेशक डॉ. तलत हलीम ने कहा कि प्लाज्मा डोनेशन लेने और प्लाज्मा थेरेपी की पूरी तैयारी कर ली गई है। सिर्फ लाइसेंस मिलने का इंतजार किया जा रहा है। इसके लिए राज्य के स्वास्थ्य विभाग से भी मदद मिल रही है। महावीर कैंसर संस्थान में भी प्लाज्मा डोनेशन की व्यवस्था होगी।
पीएमसीएच के 3 डॉक्टर व 13 स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित
पटना जिले में रविवार को 461 मरीज मिले हैं। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 12869 हो गई है। पटना सिटी में 60, गोला रोड में 28, सगुना में 14, दानापुर में 16, कदमकुआं में 10, कंकड़बाग में 14, राजीवनगर व दीघा में 15, जगदेवपथ में 6 मरीज मिले हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई। पीएमसीएच में 327 सैंपल की जांच में 33 पॉजिटिव मिले। यहां के तीन डॉक्टर और 13 स्वास्थ्यकर्मी भी संक्रमित हुए हैं। आईजीआईएमएस में 394 सैंपल की जांच में 20 पॉजिटिव मिले। पीएमसीएच के कोविड अस्पताल में तीन मरीजों की मौत हुई। इनमें सोनू कुमार पूर्वी चंपारण, दिनेश कुमार पोद्दार गोपालगंज और रमेश शुक्ला पटना सिटी के रहने वाले थे।
बाढ़ अनुमंडल में मिले 19 कोरोना पॉजिटिव
बाढ़ अनुमंडल के विभिन्न पीएचसी में जांच में 19 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में 5, बेलछी पीएचसी में 5, पंडारक में 5, अथमलगोला में 4 लोग पॉजिटिव पाए गए। फतुहा पीएचसी में 84 लोगों की एंटीजन किट से जांच में 7 लोग पॉजिटिव पाए गए। बिक्रम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से स्वास्थ्य केंद्र व अख्तियारपुर मंझौली पंचायत भवन में कैंप लगाया गया। 66 लोगों की जांच में एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। नौबतपुर के कन्या प्राथमिक विद्यालय खजुरी में कैंप लगाकर 90 लोगों की जांच की गई जिनमें 5 पॉजिटिव पाए गए। पुनपुन पीएचसी में 136 लोगों की एंटीजन किट से जांच की गई जिनमें 16 की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई। इनमें एक पीएचसी का फार्मासिस्ट भी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/plasma-bank-to-open-in-jayaprabha-blood-center-in-patna-patient-admitted-anywhere-127603308.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/08/10/91_1597014658.jpg
0 Response to "पटना में जयप्रभा ब्लड सेंटर में खुलेगा प्लाज्मा बैंक, कहीं भी भर्ती मरीज को मिलेगा"
Post a Comment