Popular Posts

बोलने वाले बोलते रहें, हम लाेगों की सेवा करना जारी रखेंगे : सीएम

बोलने वाले बोलते रहें, हम लाेगों की सेवा करना जारी रखेंगे : सीएम

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बोलने वाले कुछ भी बोलते रहे, हम अपना काम करते हुए लोगों की सेवा करना जारी रखेंगे। सेवा करना ही हमारा धर्म है। युवा पीढ़ी के लोगों को यह पता होना चाहिए कि बिहार किस स्थिति से निकलकर आज यहां तक पहुंचा है। वर्ष 2005 तक बिहार में शिक्षा के लिए 4366 करोड़ का बजट था। अब यह बढ़कर 33191 करोड़ रुपए हो गया है। बिहार एक गरीब राज्य है। फिर भी राज्य में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बजट का 20 प्रतिशत खर्च कर रहे हैं। ये बातें उन्हाेंने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से राज्य की 3304 पंचायतों में नौवीं कक्षा की शुरुआत करते हुए कहीं।
उन्नयन बिहार को पूरे देश में किया गया स्वीकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नयन बिहार की शिक्षा पद्धति को पूरे देश में स्वीकार किया गया है। कोरोना संक्रमण के कारण टीवी के माध्यम से बच्चों के लिए शिक्षा की व्यवस्था की गई है। स्कूलों में वीडियो एवं कंटेंट के माध्यम से बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाने की व्यवस्था शिक्षा विभाग ने की है। हर घर तक बिजली पहुंचने से ऐसा किया जाना संभव हो सका है। बच्चों को स्मार्ट क्लास रूम का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का उच्च शिक्षा दर 24% है, जबकि बिहार का उच्च शिक्षा दर 13.9% है। राज्य में उच्च शिक्षा दर 30% करने के लक्ष्य पर काम किया जा रहा है।
बच्चों के बैंक खाते में भेजे गए 2892 करोड़ रुपए

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संकट के दौरान डीबीटी के माध्यम से स्कूली बच्चों के बैंक खाते में 2892.20 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए हैं। इसमें बालिका पोशाक योजना, छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री साइकिल योजना, मुख्यमंत्री बालिका प्रोत्साहन योजना, कन्या उत्थान योजना और मध्याह्न भोजन योजना की राशि शामिल है।

आर्यभट्ट ज्ञान विवि में एस्ट्रोनॉमी की शाखा जल्द

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय में हमने एस्ट्रोनॉमी समेत तीन शाखाओं को शुरू करने के संबंध में जो सुझाव दिया था, उसकी शुरुआत भी जल्द से जल्द करवाएं। आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय एक साधारण विश्वविद्यालय नहीं है। यह अपने-आप में एक विशिष्ट विश्वविद्यालय है। आर्यभट्ट महान खगोलशास्त्री थे। उन्होंने शून्य की जानकारी दी। पृथ्वी के व्यास की जानकारी दी।

...महाजन साहब, हम रिटायरमेंट के बाद भी आपको खाली नहीं बैठने देंगे
महाजन साहब, हम आपको रिटायरमेंट के बाद भी खाली नहीं बैठने देंगे। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव आरके महाजन 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। लेकिन हम उनको आगे भी जिम्मेदारी देते रहेंगे। उनकी देखरेख में शिक्षा विभाग ने शराबबंदी के पक्ष में, बाल विवाह व दहेज प्रथा के खिलाफ और जल-जीवन-हरियाली अभियान के पक्ष में मानव श्रृंखला बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राजद ने 113 चरवाहा विद्यालय खोले, वह उन्हीं के राज में बंद भी हो गए और पहलवान विद्यालय फाइलों में दब गया

उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि जिन लोगों ने बिहार में 113 चरवाहा विद्यालय खोले, वह उन्हीं के राज में बंद भी हो गए। पहलवान विद्यालय का प्रस्ताव तो फाइल में ही दब कर रह गया। एनडीए की सरकार ने गाय-भैंस चराने व चूहा पकड़ने वालों को स्कूलों से जोड़ा और उनकी पढ़ाई की व्यवस्था की। उपमुख्यमंत्री ने राजद-कांग्रेस को चुनौती दी कि वे बताएं उनके 15 वर्षों के राज में क्या एक भी नया शैक्षणिक संस्थान खोला गया? शिक्षा मंत्री कृष्ण नंदन प्रसाद वर्मा ने कहा कि हम लोगों से पहले 15 वर्षों में शिक्षा पर मात्र 34559 करोड़, जबकि एनडीए के 15 वर्षों में 2 लाख 61565 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। केवल शिक्षकों के वेतन पर 23 हजार करोड़ खर्च होता है। इस अवसर पर मुख्य सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, योजना सचिव मनीष वर्मा, आईपीआरडी सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह उपस्थित थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से राज्यसभा सांसद हरिवंश, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संजय कुमार सिंह, माध्यमिक शिक्षा के निदेशक प्राथमिक शिक्षा के निदेशक रंजीत कुमार सिंह, मदरसा शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष अब्दुल करीम अंसारी, मौलाना मजहरूल हक अरबी फारसी विश्वविद्यालय के कुलपति मोहम्मद खालिद मिर्जा, आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एके अग्रवाल और स्कूल ऑफ ज्योग्राफिकल स्टडीज की निदेशक डॉ. पूर्णिमा शेखर सिंह मौजूद थीं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Keep speaking, we will continue to serve the people: CM


from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/keep-speaking-we-will-continue-to-serve-the-people-cm-127649630.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/08/25/tuyyio_1598310042.jpg

0 Response to "बोलने वाले बोलते रहें, हम लाेगों की सेवा करना जारी रखेंगे : सीएम"

Post a Comment