कोरोना को ध्यान में रख डीएम बनाएंगे कार्ययोजना, महिलाओं की भी लगेगी ड्यूटी
कोरोना संक्रमण के बीच विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी जिलों के डीएम को जिला और विधानसभास्तर पर कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को मतगणना केंद्र और स्ट्रांग रूम का प्रस्ताव भेजने के लिए भी कहा गया है। सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एचआर श्रीनिवास ने सभी जिलों के डीएम को यह दिशा-निर्देश जारी किया। उन्हें चुनाव आयोग द्वारा जारी ब्रॉड गाइडलाइन की जानकारी दी गई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि चुनाव के दौरान महिलाकर्मियों की भी ड्यूटी मतदान केंद्रों पर लगाई जाएगी। सभी डीएम को कहा गया कि मतगणना केंद्र और स्ट्रांग रूम के लिए वैसी जगह का चयन करें, जहां पर्याप्त जगह उपलब्ध हो और इसका प्रस्ताव निर्वाचन विभाग को तत्काल भेजें।
80% प्रवासियों का वोटर लिस्ट में जोड़ा गया नाम
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान प्रवासी श्रमिकों का नाम वोटर लिस्ट से जोड़ने की भी समीक्षा की गई। इस दौरान सभी डीएम ने कहा कि उनके जिले में 75 से 80 फीसदी प्रवासियों के नाम वोटर लिस्ट से जोड़ दिए गए हैं। कोरोना संक्रमण और सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखकर चुनाव आयोग के निर्देश पर बिहार में 34000 अतिरिक्त मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस तरह अब बिहार में मतदान केंद्रों की संख्या 1 लाख 6 हजार हो गई है। इसके लिए अतिरिक्त मतदानकर्मियों की आवश्यकता को देखते हुए महिलाओं की ड्यूटी चुनाव में लगाने का निर्देश दिया गया है। जिला पदाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि राजनीतिक दलों द्वारा किए जाने वाले चुनाव प्रचार और सभाओं के लिए ग्राउंड की क्षमता का आकलन करें।
जांच में गड़बड़ी मिले ताे ईवीएम और वीवीपैट मशीन काे तत्काल कंपनी काे वापस भेज दें
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि जांच में गड़बड़ी मिलने पर ईवीएम और वीवीपैट को तत्काल कंपनी को वापस भेज दें। बिहार में इस बार एम 3 मॉडल की ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा। सुबह 11:00 बजे से शुरू हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग दोपहर करीब सवा एक बजे तक चली। बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अलावा अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी गोपाल मीणा, रंजीता, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मिथिलेश साहू, संयुक्त सचिव कन्हैया प्रसाद, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बैजूनाथ कुमार सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी आदि मौजूद थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/dm-will-make-an-action-plan-keeping-corona-in-mind-women-will-also-get-duty-127649616.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/08/25/1580017733-041_1598309919.jpg
0 Response to "कोरोना को ध्यान में रख डीएम बनाएंगे कार्ययोजना, महिलाओं की भी लगेगी ड्यूटी"
Post a Comment