उपवास रख कर गौरी-गणेश की पूजा करेंगी महिलाएं
सुहागिन महिलाओं का महान पर्व हरितालिका तीज व्रत शुक्रवार को मनाया जाएगा। गुरुवार को व्रत रखने वाली महिलाओं ने नहाय-खाय के साथ पर्व का आगाज कर दिया। पर्व को लेकर बाजारों में गुरुवार को खासी भीड़ देखी गई। खासकर ज्वेलरी व श्रृंगार दुकानों पर सुहागिन महिलाओं की अच्छी भीड़ देखी गई लेकिन दुकानों में सोशल डिस्टेंसिंग के प्रति सतर्कता बरती गई। तीज को लेकर हर हिन्दू परिवार में अग्रिम उत्साह का माहौल बना है। नहाय खाय के दिन घरों में विशेष पकवान बनाए गए। कोरोना संक्रमण के खतरों के बीच दिन में महिलाओं ने जमकर खरीदारी की।
हरतालिका तीज व्रत को लेकर कई किंवदतिंया प्रचलित हैं। काली मंदिर के मुख्य पुजारी जनमेजय मिश्रा ने बताया कि भगवान शिव और माता पार्वती के पुनर्मिलन के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। माता पार्वती ने शंकर भगवान को पति के रूप में पाने के लिए कठोर तप किया था। मान्यता है कि माता पार्वती के इस तप को देखकर भगवान शिव ने उन्हें दर्शन दिए और इस दिन पार्वती जी की अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया। हरितालिका तीज हर साल भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाते हैं। इस व्रत को हरितालिका तीज या तीजा भी कहते हैं। हरतालिका तीज को बेहद कठिन व्रत माना जाता है।
हरितालिका तीज व्रत के नियम
- हरतालिका तीज व्रत में जल ग्रहण नहीं किया जाता है। अगले दिन सुबह पूजा के बाद जल पीकर व्रत खोलने का विधान है।
- हरतालिका तीज व्रत एक बार शुरू करने पर फिर इसे छोड़ा नहीं जाता है। हर साल इस व्रत को पूरे विधि-विधान से करना चाहिए।
तीज की पूजा विधि
हरितालिका तीज पर भी भगवान शिव और मां पार्वती की पूजा की जाती है। ऐसा माना जाता है कि प्रदोष काल में हरितालिका तीज की पूजा करने से विशेष लाभ प्राप्त होता है। शाम के समय सुहागिन महिलाएं साफ-सुथरे, सुंदर कपड़े पहनें और 16 श्रृंगार करें। उसके बाद गीली मिट्टी से भगवान शिव, मां पार्वती और भगवान गणेश की प्रतिमा बनाएं। भगवान शिव का पंचामृत से अभिषेक करके उनको वस्त्र अर्पित करें। मां पार्वती को श्रृंगार सामग्री चढाएं। हरितालिका व्रत की कथा सुनें। पूरे विधि-विधान से भगवान की आरती उतारें।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/jehanabad/news/women-will-worship-gauri-and-ganesh-by-fasting-127636213.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/08/21/83_1597963937.jpg
0 Response to "उपवास रख कर गौरी-गणेश की पूजा करेंगी महिलाएं"
Post a Comment