जालसाजों के 8 खाते फ्रीज, 4 माह में पांच करोड़ का किया लेन-देन
नीट और जेईई में फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोह से जुड़े तारों को पुलिस तलाश रही है। पुलिस ने गिरोह के शातिरों की गिरफ्तारी के दौरान 25 लाख के सामान के साथ दो पासबुक, आठ चेकबुक और छह लाख के दो चेक बरामद किया था। बरामद चेक और पासबुक नीतीश, प्रशांत, उज्ज्वल और सौरभ के नाम से हैं। उज्ज्वल के अलावा गिरफ्त में आए पांच शातिरों के नाम से कोई खाता या एटीएम पुलिस को नहीं मिला है।
ये खाते एसबीआई, कोटक महिंद्रा, आईसीआईसीआई, आईडीबीआई और पीएनबी बैंक में हैं। पुलिस अब आठ खातों के बारे में जानकारी जुटा रही है। बैंक से कुछ खातों की जानकारी पुलिस को मिली है। एक-दो दिन में सभी खातों की जानकारी मिल जाएगी। पुलिस सूत्रों की मानें तो बीते चार महीने में उज्ज्वल और सौरभ के खाते से लगभग पांच करोड़ का ट्रांजक्शन हुआ है। हालांकि शातिरों के सभी खातों को पुलिस ने फ्रीज करवा दिया है। जांच कर रही टीम की मानें तो बैंक ट्रांजक्शन की पूरी जानकारी मिलते ही पटना पुलिस एक रिपोर्ट आर्थिक अपराध शाखा को भी उपलब्ध करवाएगी। अतुल और उज्ज्वल की काली कमाई भी अब जांच के घेरे में आएगी।
उज्ज्वल की गर्लफ्रेंड को तलाश रही पुलिस
इस बीच जानकारी मिली कि शातिर बोरिंग रोड स्थित फ्लैट से ही सारी डीलिंग करते थे। इसके लिए वहां चार-पांच लड़कियों को नौकरी पर रखा था। उनमें एक उज्ज्वल की गर्लफ्रेंड थी। कैंडीडेट से ये लड़कियां ही बात करती थीं। बात बनने पर उज्ज्वल या उसके साथी सामने आते थे। इतना ही नहीं बात बनने पर कैंडीडेट का मूल प्रमाणपत्र, तय राशि का आधा पैसा उज्ज्वल रख लेता था। पूछताछ में उज्ज्वल ने पुलिस को अपनी गर्लफ्रेंड के बारे में बताया है। उसकी तलाश पुलिस कर रही है। उज्ज्वल ने अपनी गर्लफ्रेंड से कहा था कि साल 2021 में वह उसे मेडिकल में एडमिशन दिलवा देगा।
कौन है मंटू, जिसकी डायरी पुलिस को मिली
उज्ज्वल के फ्लैट से अन्य सामान के साथ-साथ पुलिस ने एक डायरी भी जब्त की है। उस डायरी में कई डॉक्टर, इंजीनियर और कैंडीडेट के फोन नंबर सहित अन्य जानकारियां हैं। डायरी किसी मंटू तिवारी की है। मंटू तिवारी का ड्राइविंग लाइसेंस और एटीएम कार्ड भी मौके से मिला है। सवाल यही है कि यह मंटू तिवारी कौन है? वहीं अतुल के साथ-साथ पुलिस को नीतीश, प्रशांत, सौरभ और अभिषेक की भी तलाश है। अभिषेक वाराणसी का है और अतुल वत्स का खास है। दोनों पहले भी दिल्ली और राजस्थान पुलिस द्वारा पकड़े जा चुके हैं।
पटना, मुजफ्फरपुर और रांची में लगाया है पैसा
सरगना अतुल वत्स, अभिषेक और उज्ज्वल ने कई शहरों में करोड़ों का निवेश किया है। पुलिस को जानकारी मिली है कि तीनों ने पटना, रांची, मुजफ्फरपुर में करोड़ों का निवेश किया है। पुलिस इन सभी द्वारा किए गए निवेश की भी जानकारी जुटा रही है। इस निवेश के कई साक्ष्य भी पुलिस को फ्लैट से मिले हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/8-accounts-of-fraudsters-freeze-transactions-worth-five-crores-done-in-4-months-127612677.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/08/13/orig_75_1597274196.jpg
0 Response to "जालसाजों के 8 खाते फ्रीज, 4 माह में पांच करोड़ का किया लेन-देन"
Post a Comment