मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर दूसरे दिन भी ठप रहा परिचालन, इस रूट की ट्रेनें छपरा के रास्ते चलीं
दरभंगा-समस्तीपुर रेलखंड के हायाघाट और मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज रेलखंड के सुगौली में बाढ़ का पानी रेलवे ब्रिज के गार्डर तक पहुंच जाने से ट्रेनों का परिचालन रविवार को दूसरे दिन भी बाधित रहा। इसके कारण मुजफ्फरपुर जंक्शन से खुलने वाली सप्तक्रांति सुपरफास्ट, अवध एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को छपरा के रास्ते रूट डायवर्ट कर चलाया गया। इससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। मोतिहारी, चकिया मेहसी, बेतिया, नरकटियागंज आदि स्टेशनों से इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले अपने गंतव्य तक जाने से वंचित रह गए। वहीं, दिल्ली की ओर से आने वाली इन ट्रेनों में भी उक्त स्थानों के यात्री सीधे मुजफ्फरपुर आए। जहां से फिर उन्हें अपने घर जाने में काफी परेशानी हुई। इधर, जयनगर-समस्तीपुर रूट पर चलने वाली ट्रेनें अपने निर्धारित रूट दरभंगा-समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर के बजाए दरभंगा-सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर के रास्ते चलीं। जयनगर-अमृतसर सरयू यमुना स्पेशल ट्रेन, दरभंगा-नई दिल्ली बिहार संपर्कक्रांति स्पेशल ट्रेन अप व डाउन, दरभंगा-लोकमान्य तिलक टर्मिनल स्पेशल ट्रेन, दरभंगा-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन अप व डाउन का रूट बदला गया है। अमृतसर से जयनगर जानेवाली शहीद व पवन एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन का समस्तीपुर में आंशिक समापन किया गया है। वहीं सुगौली-मझौलिया के बीच पुल संख्या-248 के ऊपरी हिस्से तक पानी पहुंच जाने के कारण सप्तक्रांति सुपरफास्ट, सत्याग्रह एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस का परिचालन छपरा-सीवान के रास्ते हो रहा है। वहीं, चंपारण सत्याग्रह मोतिहारी के बजाए बेतिया में ही शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया गया।
मालगाड़ी परिचालन पर भी असर
रेल रूट बाधित होने से मालगाड़ियों के परिचालन पर भी असर पड़ने लगा है। मालगाड़ियों का भी परिचालन मार्ग बदला जा रहा है। हालांकि, रेल अधिकारियों का कहना है कि माल ढुलाई पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है।
जंक्शन पर निर्माणाधीन लगेज और व्हीकल स्कैनर का कमांडेंट, डीईएन ने लिया जायजा
जंक्शन पर इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी सिस्टम लागू करने को लेकर कवायद तेज हो गई है। इसको लेकर रविवार को सोनपुर मंडल के आरपीएफ कमांडेंट और डीईएन-3 ने संयुक्त रूप से जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने आरपीएफ इंस्पेक्टर वीपी वर्मा और एईएन अब्दुल समद के साथ जंक्शन पर लग रहे लगेज स्कैनर और व्हीकल स्कैनर के निर्माण में हो रही देरी के बारे में जानकारी ली। वहीं शीघ्र इसे चालू करने को कहा। अधिकारियों ने कहा कि इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी सिस्टम चालू करने के लिए जंक्शन को पूरी तरह सुरक्षित किया जाएगा। इसके तहत एंट्रेंस और आउट गेट को छोड़कर सभी गेट को बंद कर दिया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/muzaffarpur/news/the-muzaffarpur-narkatiaganj-railway-line-came-to-a-standstill-on-the-second-day-trains-on-this-route-went-through-chhapra-127556199.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/07/27/
0 Response to "मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर दूसरे दिन भी ठप रहा परिचालन, इस रूट की ट्रेनें छपरा के रास्ते चलीं"
Post a Comment