Popular Posts

लगातार बारिश से बढ़ने लगी लोगों की परेशानी, निचले इलाकों में हालात सबसे अधिक मुश्किल

लगातार बारिश से बढ़ने लगी लोगों की परेशानी, निचले इलाकों में हालात सबसे अधिक मुश्किल

राजधानी में पिछले दो दिनों में हुई लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव हो गया। निचले इलाकों में जलजमाव की समस्या रविवार को हुई बारिश के बाद दिखने लगी थी। हालांकि, देर रात तक पानी निकालने में निगम प्रशासन को कामयाबी मिली। लेकिन, सोमवार सुबह हुई तेज बारिश ने फिर निचले इलाकों में जलजमाव का कारण बनी। इन इलाकों में नाले के लबालब भरे हुए हैं जिससे बारिश का पानी सड़क पर भरने लगता है। और लोगों को आने-जाने में परेशानी होने लगती है। हालांकि, पटना नगर निगम नालों की पूरी सफाई का दावा करता है लेकिन बारिश रुकने के बाद सभी नालों से पानी का बहाव पूरी तरह नहीं हो पा रहा है। इसको देखते हुए अंचलों की ओर से कार्रवाई शुरू की गई है। वार्डों में लगाए गए सफाई मजदूरों को स्पष्ट तौर पर निर्देश दिया गया है कि मैनहोल को खोलकर उसकी सफाई करते रहें, ताकि पानी को निकलने में मदद मिले।
तीन घंटे में कंकड़बाग से निकला पानी
कंकड़बाग में भी बारिश के बाद जलजमाव हुआ लेकिन अशोक नगर जीरो प्वाइंट संप हाउस, योगीपुर संप हाउस, एनबीसीसी संप हाउस को एक्टिव कर तीन घंटे में कॉलोनी व आसपास जमा पानी को हटा दिया गया। हालांकि, इन इलाकों में सड़कों पर बने गड्ढ़े लोगों के लिए मुसीबत बन रहे हैं।
ये है खतरे का कोड वर्ड : ... जो समझा, वो बचा, नजर चूकी हुआ जख्मी

बारिश होने के बाद खुले मैनहोल लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। न्यू पाटलिपुत्र कॉलोनी की सड़कों पर मैनहोल के ढक्कन खुले हुए हैं। पूर्व पार्षद संजीव कुमार ने आरोप लगाया कि खुले मैनहोल व कैचपिट बारिश में सड़क पर चलने वालों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकते हैं।

स्थानीय लोगों ने सोमवार की सुबह बारिश के बाद इन खुले मैनहोल में बांस या अन्य लकड़ी डालकर लोगों को सचेत करने की कोशिश की है। स्थानीय दीपक कुमार ने बताया कि कई बार इन मैनहोल के खुले ढक्कन में साइकिल का चक्का फंसने से लोग गिर जा रहे थे।

26 डीजल पंप के जरिए हो रही पानी की निकासी

पटना| बारिश का पानी निकालने के लिए बुडको की ओर से विशेष तैयारी की गई है। इस कार्य को पूरा कराने के लिए बिजली पंप के साथ-साथ डीजल पंप को भी ऑपरेटिव कर दिया गया है। बुडको के एमडी रमन कुमार स्वयं इस पूरी व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। 26 संप हाउस पर लगे डीजल पंप को चालू कर सोमवार को हुई बारिश के बाद पानी निकालने का कार्य किया गया। पीआरओ चंद्रभूषण कुमार ने बताया कि 38 संप हाउस से सीसीटीवी के जरिए पानी निकालने की कार्रवाई की जानकारी ली गई। राजधानी के सभी संप हाउस को ऑपरेटिव बनाए रखने के लिए नियंत्रण कक्ष से पूरी जानकारी ली जा रही है।

अधिक बारिश के कारण जलजमाव
बांकीपुर व कंकड़बाग अंचल में भी जलजमाव हुआ। कदमकुआं से लेकर राजेंद्र नगर रोड नंबर एक व दो, मैकडोवेल गोलंबर के आसपास सड़क पर पानी भरा रहा। हालांकि, शाम तक पानी अधिकांश इलाकों से निकल गया। कई निचले इलाकों में जलजमाव को दूर करने के लिए नगर निगम के कर्मचारी लगे हुए थे। बांकीपुर अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पानी जमने जैसी स्थिति के बाद पानी निकालने की कार्रवाई की जा रही है। अंचल के मुख्य सफाई निरीक्षक कृष्णकांत शुक्ला ने कहा कि नालों की सफाई का कार्य किया गया है। इस कारण पानी निकालने में सफलता मिल रही है। अधिक पानी बरसने के बाद कुछ देर जलजमाव होता है। लेकिन तमाम इलाकों से पानी निकालने में सफलता मिल गई है।

पाटलिपुत्र : खराब सड़कों के कारण हुआ जलजमाव
पाटलिपुत्र अंचल में पाटलिपुत्र कॉलोनी, न्यू पाटलिपुत्र कॉलोनी और नेहरू नगर के इलाकों में जलजमाव जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। इन इलाकों में सड़कों की टूटी रहने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति से निजात दिलाने के लिए विशेष रूप से कार्य किए जाने का दावा किया गया था। पिछले दिनों बारिश की रफ्तार थमने के बाद इस प्रकार के कार्य किए जाने की बात कही गई। सरकार के स्तर पर भी इस दिशा में दिए गए निर्देश को पूरा करने में कामयाबी नहीं मिली।

बाइपास के दक्षिणी इलाकों में स्थिति खराब
अनीसाबाद पुलिस कॉलोनी में भी जलजमाव हुआ। बेउर के शिवनगर, मित्रमंडल कॉलोनी, मौर्या विहार कॉलोनी, श्रीकृष्ण विहार कॉलोनी, शिवाजी नगर, महावीर कॉलोनी, तेज प्रताप नगर, भीखाचक, सरिस्ताबाद व दशरथा तक मुहल्लों में पानी जमा होने की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा मीठापुर से लेकर रामकृष्णा नगर तक के इलाकों में जलजमाव हुआ। इन इलाकों में पंप लगाना ही विकल्प है। इस कार्य के लिए अब नगर निगम के स्तर पर योजना तैयार की जा रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
The problems of people started increasing due to continuous rain, the situation in the lowlands is the most difficult


from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/the-problems-of-people-started-increasing-due-to-continuous-rain-the-situation-in-the-lowlands-is-the-most-difficult-127535520.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/07/21/012_1595286497.jpg

0 Response to "लगातार बारिश से बढ़ने लगी लोगों की परेशानी, निचले इलाकों में हालात सबसे अधिक मुश्किल"

Post a Comment