मेयर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग में दो दिन बाकी, अपने पक्ष में पार्षदों को एकजुट करने में जुटे मेयर व विरोधी गुट
पटना नगर निगम में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कोरोना संक्रमण के बीच नगर निगम के मेयर सीता साहू के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव ने निगम के राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। विपक्ष जहां इस बार मजबूत दिख रहा है, वहीं मेयर गुट अपनी खोई ताकत को फिर जुटाने की तैयारी में है। इस बीच विपक्षी एकता के प्रयास में जुटे पूर्व डिप्टी मेयर विनय कुमार पप्पू के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद उनकी स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। वे फोन के जरिए विपक्षी एकता को मजबूत करने में जुटे हैं। वहीं, मेयर गुट ने भी पार्षदों का साथ हासिल करने के लिए संपर्क अभियान तेज कर दिया है।
कोरोना संक्रमण के प्रभाव ने पार्षदों को एकजुट कर अपनी ताकत दिखाने जैसी स्थिति पर रोक लगा दी है। मेयर गुट की ओर से पिछली बार अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से पहले ही अपनी ताकत का प्रदर्शन कर दिया गया था। हालांकि, इस मामले पर विपक्षी गुट की ओर से जोरदार हमला किया गया है। विरोधी खेमे के पूर्व डिप्टी मेयर का कहना है कि पिछली बार मेयर गुट की ओर से करीब 10 पार्षदों को डिप्टी मेयर का प्रत्याशी बनाने की बात कह दी गई थी। इस कारण कई पार्षद साथ चले गए थे। इस बार उनके पास पार्षदों को अपने पक्ष में करने के लिए कोई मुद्दा नहीं है।
हम करेंगे विकास की बात, हमारे पास बहुमत
मेयर गुट के सशक्त स्थायी समिति सदस्य इंद्रदीप कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि हम तो विकास की बात करेंगे। हमारे पास पूर्ण बहुमत है। पिछले तीन साल में जितना कार्य हुआ है, उतना तो नई नगर निकाय व्यवस्था लागू होने के बाद से नहीं हो पाई। जिन पार्षदों को बरगलाकर व भय दिखाकर विपक्षी खेमे ने अविश्वास प्रस्ताव के आवेदन पर दस्तखत करा लिया था, वे अब हमारे खेमे में आ चुके हैं। हम हर पार्षद के घर पर जाकर उन्हें तमाम स्थिति की जानकारी दे रहे हैं। हमारी टीम पार्षदों को सही व गलत की जानकारी दे रही है। विपक्ष का भ्रम अधिक दिनों तक टिकने वाला नहीं है। विपक्षी खेमा जो लगातार मेयर को कुर्सी से उतारने की बात कर रहा है, वह यह तो बता दे, उनके पास मेयर का उम्मीदवार कौन है?
सभी पार्षद स्वविवेक पर निर्णय लेने में सक्षम
डिप्टी मेयर मीरा देवी ने मेयर गुट पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पटना नगर निगम का हर पार्षद मेयर बनने की क्षमता रखता है। हर किसी में नेतृत्व का गुण मौजूद है। इसलिए, मेयर गुट को इस अहंकार में नहीं रहना चाहिए कि कोई और मेयर बनने की क्षमता नहीं रखता है। उनकी क्षमता पर किसी को सवाल नहीं उठाना चाहिए। जहां तक अविश्वास प्रस्ताव में वोटिंग का सवाल है, विपक्षी खेमा पूरी तरह से एकजुट है। सशक्त है और इसका पता सदन में चल जाएगा। पार्षदों को अपने विवेक पर निर्णय लेना है कि नगर निगम में भ्रष्टाचार का राज चलेगा या विकास का। डिप्टी मेयर ने कहा कि मेयर गुट को हमारे मेयर उम्मीदवार पर अधिक नहीं सोचना चाहिए। जो पार्षद मेयर को हटा सकते हैं, वे नए मेयर का चुनाव भी कर लेंगे। इस बार पार्षदों ने परिवर्तन का निर्णय ले लिया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/two-days-left-in-voting-on-the-motion-of-no-confidence-against-the-mayor-mayor-and-anti-faction-engaged-in-uniting-the-councilors-in-his-favor-127562763.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/07/29/
0 Response to "मेयर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग में दो दिन बाकी, अपने पक्ष में पार्षदों को एकजुट करने में जुटे मेयर व विरोधी गुट"
Post a Comment