‘इस बार 29 दिन के सावन माह की शुरुआत और अंत भी सोमवारी से’
इस बार सावन माह 29 दिन का है। सबसे बड़ी बात यह है कि सावन की शुरुआत और समापन भी सोमवार को ही है। श्रावण मास छह जुलाई सोमवार से शुरू होने वाला है। शुक्लपक्ष की अष्टमी तिथि के क्षय होने के कारण सावन माह 29 दिन का है। इस बार सावन महीने की शुरुआत उत्तराषाढ़ा नक्षत्र और वैधृति योग में होगी। ज्योति शास्त्र के अनुसार बृहस्पति का अपनी ही राशि धनु में होना शुभ है। इसके साथ ही चंद्रमा मकर राशि में रहेगा। सावन में 25 से ज्यादा शुभ योग इस बार बन रहे हैं। इस महीने में पांच सोमवार का शुभ संयोग बनने से यह महीना और भी खास रहेगा। हालांकि धार्मिक न्यास बोर्ड के आदेश से बिहार के सभी शिवालयों को चार अगस्त तक के लिए बंद कर दिया गया है। इस कारण से कांवर यात्रा भी नहीं निकलेगी। जबकि बिहार प्रसिद्ध सिंहेश्वर नाथ महादेव मंदिर को स्थानीय न्यास ने अगले दो माह के लिए बंद कर दिया है। ऐसे में श्रद्धालुओं से कहा गया है कि वे अपने-अपने घरों में ही शिव की आराधना करें। सावन में सिंहेश्वर मंदिर के बंद होने के कारण इस बार न तो घंटे की आवाज सुनाई देगी और न ही बोल बम का जयघोष सुनाई देगा। वहीं लाखों शिवभक्त मनोकामना लिंग का जलाभिषेक भी नहीं कर पाएंगे।
सावन का पहला और आखिरी दिन सोमवार
सावन महीने की शुरुआत 6 जुलाई को सोमवार से होगी और समापन भी तीन अगस्त सोमवार को होगा। ऐसा ही संयोग तीन साल पहले 2017 में बना था। ज्योति शास्त्र के अनुसार इस बार सावन महीने में 11 सर्वार्थसिद्धि, 3 अमृत सिद्धि और 12 दिन रवियोग रहेंगे। इन शुभ योगों में की गई भगवान शिव की पूजा से विशेष फल प्राप्त होता है। पूजा-पाठ में शिवजी का अभिषेक करने से आयु, धन और स्वास्थ्य में वृद्धि होती है। सिंहेश्वर संस्कृत हाईस्कूल के एचएम पंडित दुर्गानंद झा बताते हैं कि श्रावण कृष्ण पक्ष प्रतिपदा की शुरुआत 5 जुलाई रविवार को सुबह 10.15 से होगी। जो दूसरे दिन सोमवार को सुबह 9.25 तक रहेगी। सोमवार को प्रतिपदा उदयातिथि में होने के कारण सावन की शुरुआत सोमवार से ही मानी जाएगी। श्रावण महीने में सोमवार 6, 13, 20, 27 जुलाई व 3 अगस्त को है। 20 जुलाई को सोमवती व हरियाली अमावस्या है। 3 अगस्त को रक्षाबंधन है।
तीन कृष्णपक्ष और दो शुक्लपक्ष का होगा साेमवार : दुर्गानंद
पंडित दुर्गानंद झा बताते हैं कि इस बार सावन में पांच सोमवार पड़ेंगे। जिसमें तीन सोमवार कृष्णपक्ष और दो शुक्लपक्ष में होंगे। धर्म ग्रंथों के श्रावण माह में हर सोमवार को व्रत और भगवान शिव की पूजा करने से हर तरह की परेशानियां खत्म हो जाती हैं और बीमारियों से भी छुटकारा मिल जाता है। तिथि के अनुसार सावन सोमवार से ही सोलह सोमवार व्रत की शुरुआत होती हैं। सावन माह में 10 जुलाई को मौनी पंचमी, 14 जुलाई को मंगला गौरी व्रत, 16 जुलाई को एकादशी, 18 जुलाई को प्रदोष, 20 जुलाई को हरियाली अमावस्या, सोमवती अमावस्या, 23 जुलाई को हरियाली तीज के साथ ही 25 जुलाई को नागपंचमी और 3 अगस्त को रक्षाबंधन हैं। कोविड-19 वायरस को लेकर इस बार सिंहेश्वर में एक माह तक लगने वाले श्रावणी मेला का आयोजन नहीं किया गया है। ऐसा पहली बार हुआ है कि वायरस को लेकर श्रावणी मेला पर प्रतिबंध लगा है। लेकिन शिव भक्तों में में उतना ही उत्साह और उमंग देखा जा रहा। श्रद्धालु अभी से ही सावन में भोलेनाथ की पूजा की तैयारी में जुट गए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/bhagalpur/singheswar/news/this-time-the-beginning-and-end-of-the-29-day-sawan-month-is-also-from-somwari-127469958.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/07/02/dbcl27215936891552mad5_1593705210.jpg
0 Response to "‘इस बार 29 दिन के सावन माह की शुरुआत और अंत भी सोमवारी से’"
Post a Comment