नोनही मठ में छह तो सिकरिया-लोदीपुर के तीन लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव
जिले में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को भी जिले के काको प्रखंड के नोनही मठ गांव में एक दो वर्षीय मासूम बच्ची सहित छह लोग और सदर प्रखंड के सिकरिया-लोदीपुर में तीन लोगों के संक्रमित होने का मामला सामने आया है। संक्रमित हुए लोगों में काको प्रखंड के नोनही गांव में एक दो वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हरियाणा के गुड़गांव से आए पांच प्रवासियों के अलावा उनकी ही चेन में फंसा परिवार का एक अन्य सदस्य शामिल है। गुड़गांव से गांव के पांच लोग तकरीबन तीन दिन पहले गांव में आए थे।
उनमें सिम्टोमेटिक लक्षण पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उनके परिवार के सभी सदस्यों के सैंपल लेकर जांच को भेजा था। गांव में एक साथ छह लोगों को संक्रमित पाए जाने के बाद लोगों में संक्रमण को लेकर भय व्याप्त है। चिकित्सा पदाधिकारी डा. शिवकुमार प्रसाद ने मामलों की पुष्टि करते हुए बताया के जल्द ही संक्रमितों के घरों व उसके आसपास के इलाकों को सील कर वहां सेनिटाइजेशन का काम किया जाएगा।
मंगलवार को ही गांव को कर दिया गया था सील
गौरतलब हो कि मंगलवार को ही प्रखंड के सैदाबाद में भी छह लोग पॉजिटिव पाए गए थे। आबादी वाले इलाकों में रहने के कारण उक्त गांव को भी पहले ही सील कर दिया गया है। इलाके में लगातार आबादी में बढ़ रहे संक्रमण से आम लोगों के साथ ग्रामीणों की चिंता पर भी बल पड़ रहा है। इधर सदर प्रखंड के सिकरिया-लोदीपुर गांव में भी शुक्रवार को तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहां भी सभी लोग दूसरे प्रदेश से आए थे। वे लोग पिछले कई दिनों से गांव में आबादी के बीच रह रहे थे। संक्रमित हुए सभी लोगों को इलाज के लिए आइसोलेशन सेंटर भेज दिया गया है।
मोदनगंज: ओकरी पीएचसी की टीम के सभी बीस लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव, खतरा टला
ओकरी पीएचसी में कार्यरत सभी कर्मियों डॉक्टर, नर्स, चपरासी, क्लर्क सहित कुल बीस लोगों का सैम्पल तीन दिन पूर्व जांच के लिए भेजे गए थे। सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ. विनोद कुमार चौधरी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सभी कर्मियों का जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। रिपोर्ट नहीं आई थी तब तक कुछ संशय की स्थिति बनी हुई थी।
काको: हेल्थ मैनेजर सहित कुल छह लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बना था संशय
पड़ाेस के काको पीएचसी के हेल्थ मैनेजर, दो चिकित्सक सहित कुल छह लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद ओकरी पीएचसी के कर्मी भी अपनी स्वास्थ्य को लेकर चिंतित थे। जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी ने राहत की सांस ली है। मालूम हो की कोराेना की इस जंग में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सतर्कता बरत रहा है ताकि किसी को कोई परेशानी नहीं हाे।
अब पॉजिटिव केसों की संख्या बढ़कर 216 तक पहुंची, 190 की ठीक होकर घर वापसी
कोरोना के लगातार बढ़ रहे संक्रमण के बीच उसे मात देने वालों की संख्या भी प्रतिदिन बढ़ रही है। शुक्रवार को भी दो लोग ठीक होकर अपने घरों को लौट गए। इस प्रकार अब तक जिले में कोरोना को हराने वालों की संख्या 190 तक जा पहुंची है। विभागीय सूत्रों के अनुसार अब तक जिले से कुल 2833 लोगों के सैंपल जांच को भेजे जा चुके हैं जिनमें से 2405 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। हालांकि 212 लोगों के जांच रिपोर्ट की अब भी प्रतीक्षा की जा रही है।
राहत की बात यह है कि अब तक संक्रमित हुए लोगों में से लगभग नब्बे प्रतिशत ठीक हो चुके हैं। मात्र 26 केस अब तक एक्टिव हैं, जो पिछले दस दिनों के अंतराल में संक्रमित हुए हैं। हालांकि चिंता यह है कि सभी शेष एक्टिव केस आबादी वाले इलाकों में रह चुके हैं। मोदनगंज के बंछिली के एक 27 वर्षीय युवक की कोरोना से मौत हुई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/jehanabad/news/six-in-nonhi-math-and-three-people-of-sikaria-lodipur-report-corona-positive-127428130.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/06/20/95_1592607498.jpg
0 Response to "नोनही मठ में छह तो सिकरिया-लोदीपुर के तीन लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव"
Post a Comment