Popular Posts

बिजली गिरने से सात मौतें; देर रात आंधी-पानी, पटना में कई जगह गिरे पेड़, मुन्नाचक में पांच मंजिला मकान का छज्जा गिरा

बिजली गिरने से सात मौतें; देर रात आंधी-पानी, पटना में कई जगह गिरे पेड़, मुन्नाचक में पांच मंजिला मकान का छज्जा गिरा

नौतपा के छठे दिन मौसम को लेकर एक सुखद खबर है। शनिवार को पटना समेत कई जिलों में बारिश हुई। इस दौरान ठनका गिरने से प्रदेश में 7 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक 24 से 48 घंटों में पटना सहित बिहार के कटियार, भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगड़िया, गया, नालंदा, बेगूसराय, पूर्णिया, सुपौल सहित 25 जिलों में आंधी-तूफान के साथ मध्य स्तर की बारिश की संभावना है। इस दौरान बहने वाली तेज हवा से उमसभरी गर्मी से राहत मिलेगी।

मौसम विभाग ने इन जिलों में 31 मई और एक जून को बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान धूलभरी आंधी-तूफान की भी संभावना है। जिन जगहों पर बारिश नहीं होगी, वहां पर आसमान में बादल छाए रहेंगे। उत्तर-पश्चिम बिहार के पूर्व-पश्चिम चंपारण, सारण, सीवान, गोपालगंज और उत्तर-मध्य बिहार के सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया में 31 मई के बाद मौसम शुष्क होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, मौसम में ये बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और बिहार, उत्तर प्रदेश से होते हुए झारखंड के ऊपरी हिस्सों पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र का असर है।

देर रात लोगों को निकाला गया

वार्ड नंबर 44 के मुन्नाचक के पास जर्जर पांच मंजिला मकान का छज्जा और कुछ हिस्सा शनिवार रात आंधी के कारण गिर गया। इससे अफरातफरी मच गई। जानकारी मिलते ही नगर निगम की टीम व पुलिस वहां पहुंची। वार्ड 44 की पार्षद माला सिन्हा व उनके पति सितेश रमन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने उसमें रहने वाले परिवारों को मकान खाली करने को कहा। देर रात हाेने के कारण उन्होंने भवन खाली करने से इंकार कर दिया। इसके बाद पिछले हिस्से से लोगों को निकाल कर आगे कर दिया गया।

मकान को खतरनाक घोषित कर दिया गया
दोबारा बारिश शुरू होने पर नगर निगम की टीम फिर पहुंची और मकान को खाली करा दिया। मकान को खतरनाक घोषित कर दिया गया है। उधर, हाईकोर्ट के पास बेली रोड पर एक पेड़ गिर गया। बाइक से जा रहा एक युवक उस पेड़ से टकरा गया और बाइक के साथ दूर जा गिरा और बेहोश हो गया। पैकेट में रखे ड्राइविंग लाइसेंस से उसकी पहचान दानापुर कैंट के रहने वाले विशाल कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गंभीर स्थिति में पीएमसीएच में एडमिट करवाया। युवक के सिर में चोट आई है। वहीं उसकी बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।

पेड़ से टकरा युवक घायल, बेली रोड पर एक घंटे ट्रैफिक बाधित

सड़क पर पेड़ गिरने से लगभग एक घंटे तक बेली रोड पर यातायात बाधित रहा। इस दौरान आने जाने वाली गाड़ियों को रूट बदलकर आना-जाना पड़ा। पुलिस ने नगर निगम को मामले की जानकारी दी और जेसीबी की मदद से पेड़ को उठाकर सड़क से हटाया गया। थानेदार राम शंकर सिंह ने कहा कि युवक को अस्पताल में एडमिट कराया गया है। उनके परिजनों को भी जानकारी दे दी गई है।

कई जगह तार पर गिरी पेड़ की टहनी
शनिवार की शाम आंधी-पानी के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में एक से डेढ़ घंटे तक बिजली सप्लाई बंद रही। सैदपुर पावर सब स्टेशन से निकलने वाले 11 केवी विश्वविद्यालय फीडर का तार टूटने के कारण भिखना पहाड़ी, मुसल्लहपुर हाट, महेंद्रू इलाके में रात 10 बजे के बाद अाैर पाटलिपुत्र कॉलोनी में पेड़ गिरने के कारण रात 8:30 बजे के बाद बिजली सप्लाई चालू हुई। अल्पना मार्केट में तार पर पेड़ की टहनी फंसने, राजेंद्रनगर में 11 केवी तार पर बैनर फंसने के कारण, बालमी इलाके में 11 केवी फीडर पर पेड़ की डाली गिरने, डीएम आवास के पास 11 केवी पीजी-2 फीडर पेड़ गिरने से सप्लाई बाधित हुई।

25 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट
शनिवार की शाम होते ही आंधी-पानी के बीच 45 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने लगी। 50 मिनट में 17.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। साढ़े आठ बजे बारिश बंद हो गई और तेज हवा चलने लगीl अचानक पौने 10 बजे फिर बारिश शुरू हो गई, जो देर रात तक जारी रही। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर पटना सहित कटिहार, भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगड़िया, गया, नालंदा, बेगूसराय, पूर्णिया, सुपौल सहित 25 जिलों में अलर्ट जारी किया हैl 24 से 48 घंटों के अंदर आंधी के साथ बारिश से गर्मी से राहत मिलेगी। पटना में शनिवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
वार्ड नंबर 44 के मुन्नाचक के पास जर्जर पांच मंजिला मकान का छज्जा और कुछ हिस्सा शनिवार रात आंधी के कारण गिर गया।


from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/seven-deaths-due-to-lightning-late-night-thunderstorms-trees-fell-in-many-places-in-patna-the-balcony-of-a-five-storey-house-fell-in-munnachak-127358627.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/05/31/orig_baarish_1590882904.jpg

0 Response to "बिजली गिरने से सात मौतें; देर रात आंधी-पानी, पटना में कई जगह गिरे पेड़, मुन्नाचक में पांच मंजिला मकान का छज्जा गिरा"

Post a Comment