केंद्रीय मंत्री ने कहा- सभी संप मशीन की हो जांच, इस बार पटना में न हो जलजमाव
केंद्रीय मंत्री व पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद ने अधिकारियों से कहा कि बरसात के पहले एेसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे राजधानीवासियों को इस साल जलजमाव का दंश न झेलना पड़े। सोमवार को उन्हाेंने नगर विकास सचिव आनंद किशोर, पटना नगर आयुक्त हिमांशु कुमार और बुडको के प्रबंधक निदेशक रमन कुमार के साथ फाेन पर पूरी योजना की समीक्षा की। मंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष बरसात के कारण पटना की स्थिति भयावह हो गई थी और कई इलाकों में हफ्तों तक लोग जलजमाव में फंसे रहे। उन्होंने तीनों पदाधिकारियों को वैसी स्थिति की पुनरावृत्ति फिर किसी कीमत पर नहीं हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने अधिक डूब वाले इलाकों में अतिरिक्त पंपों की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया।
अधिकारियों को निर्देश, खुद घूमकर करें कार्याें का निरीक्षण
लॉकडाउन के बाद खुद करेंगे निरीक्षण
केंद्रय मंत्री ने कहा कि गत वर्ष नालों की सफाई का अभाव और पानी की निकासी करने वाले सम्प स्टेशनों के खराब स्थिति के कारण ये परिस्थिति बनी। एेसे में पहले से ही इसकी व्यापक तैयारी होनी चाहिए। समीक्षा के क्रम में वरीय पदाधिकारियों ने बताया कि बड़े नालों की सफाई का काम तेजी से चल रहा है और जल्दी ही इलाकों के छोटे नालों की सफाई का काम तेजी से शुरू होगा। मंत्री ने कहा कि लॉकडाउन खत्म होते ही पटना आकर वे स्वयं सभी कार्यों निरीक्षण करेंगे और उसकी समीक्षा करेंगे।
समय रहते संप स्टेशन काे करें दुरुस्त
केंद्रीय मंत्री ने नगर विकास सचिव और बुडको के प्रबंधक निदेशक को स्पष्ट कहा कि सभी संप स्टेशन की एक-एक कर जांच होनी चाहिए। उन्हें समय रहते दुरुस्त किया जाए। डूब से अधिक प्रभावित इलाकों राजेन्द्र नगर, कदमकुआं, कंकड़बाग, राजीव नगर, इंद्रपुरी, पटेल नगर, पोस्टल पार्क, पाटलिपुत्र कॉलोनी, मीठापुर आदि इलाकों में स्थिति के अनुसार अलग से अतिरिक्त बड़े पंपों की व्यवस्था अभी से सुनिश्चित की जाए।
10 तक पूरी करें नाला उड़ाही, 11 से जांच और कार्रवाई
मानसून को ध्यान में रखते हुए नाला उड़ाही का कार्य तेज गति से कराया जा रहा है। नगर विकास विभाग ने पहले 3 मई तक बड़े नालों की उड़ाही पूरी करने और 4 से 10 मई तक उसकी जांच का निर्देश दिया था। लेकिन, अब नौ बड़े नालों की उड़ाही का कार्य 10 मई तक पूरा कराया जाएगा। इसकी जांच 11 मई से होगी। इसे एक सप्ताह में पूरा करा लिया जाएगा। जांच के लिए जिला प्रशासन के दंडाधिकारी व नगर निगम के अधिकारी की संयुक्त टीम का गठन किया जाना है। नगर विकास विभाग के स्तर से इस संबंध में डीएम व नगर आयुक्त को कार्य को पूरा कराने को कहा गया है। नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा ने कहा कि 11 मई से नाला उड़ाही कार्य की पूरी जांच कराई जाएगी। इसके लिए टीम का गठन किया जा रहा है। सरकार ने साफ कर दिया है कि नाला उड़ाही कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/union-minister-said-check-all-sampa-machines-this-time-there-may-not-be-water-logging-in-patna-127272500.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/05/05/077_1588636275.jpg
0 Response to "केंद्रीय मंत्री ने कहा- सभी संप मशीन की हो जांच, इस बार पटना में न हो जलजमाव"
Post a Comment