80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आई आंधी से मची तबाही, घर पर वृक्ष गिरने से महिला की दबकर मौत
हिमालय में बने टर्फ लाइन के कारण मंगलवार देर रात बांका में अचानक तेज आंधी आई। देर रात करीब एक बजे 70-80 किमी की रफ्तार में आई आंधी तूफान व बारिश ने काफी तबाही मचाई। दर्जनों पेड़, घर और बिजली के पोल धाराशायी हो गये, वहीं शंभूगंज की एक वृद्ध महिला की झोपड़ी पर वृक्ष गिरने से उसमें दबकर मर गई। दर्जनों मकान के छप्पर उड़ गए। अर्द्धरात्रि में लोग बादल की गरज और तेज आंधी के कारण नींद खुलते ही भयभीत हो गए। करीब एक घंटे तक तेज आंधी के कारण सैकड़ों वर्ष पूर्व सड़क किनारे लगे पेड़ और बिजली के पोल धाराशाही हो गये।
जिस कारण बांका-अमरपुर-भागलपुर और भागलपुर-हंसडीहा पथ पर कई जगह विशाल पेड़ और बिजली के पोल व तार गिर जाने के कारण घंटों यातायात बाधित रहा। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। काफी मशक्कत कर विभागीय पदाधिकारी और कर्मचारियों ने पहल कर इस मार्ग पर यातायात बहाल कराया। बांका शहर के अलीगंज मोहल्ले में बिजली का पोल गिर जाने के कारण जिला मुख्यालय में रात 2 बजे से दिन के 10 बजे बिजली आपूर्ति पूर्णत: बाधित रहा। सुबह से ही विभागीय पदाधिकारी और कर्मचारी यहां पहुंचे और गिरे पोल व तार को ठीक करवाकर किसी प्रकार विद्युत आपूर्ति सुचारू कराया।
आंधी के कारण बुधवार को 10 डिग्री गिरकर अधिकतम पारा 32 डिग्री जबकि न्यूनतम पारा 24 डिग्री रिकार्ड किया गया। अलीगंज मोहल्ले में एक ताड़ का पेड़ गिर जाने से दो मिठाई दुकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। अलीगंज में सुनील साह एवं रीना देवी की मिठाई दुकान पर आंधी से ताड़ का पेड़ गिर गया और दुकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुकानदार सुनील साह ने बताया कि करीब 25 हजार का नुकसान हुआ है।
तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा जारी
आसमान में बादल छाए रहने के साथ जिले में कही-कही बारिश होने की संभावना है। तापमान में उतार-चढ़ाव होते रहेगा। फिलहाल गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। जुबली साहु, मौसम वैज्ञानिक, केवीके, बांका ।
अगले पांच दिनों का संभावित तापमान
दिन अधिकतम न्यूनतम
28 मई 32 डिग्री 24 डिग्री
29 मई 32 डिग्री 23 डिग्री
30 मई 33 डिग्री 25 डिग्री
31 मई 32 डिग्री 26 डिग्री
01 जून 34 डिग्री 22 डिग्री
किसान खेतों में जमा नहीं होने दें पानी
इस आंधी बारिश से आम के फसल को काफी नुकसान हुआ है। किसानों से अपील है कि वह खेतों में जमा पानी का निकास कर दें।-सुदामा महतो, कृषि पदाधिकारी, बांका ।
झोपड़ी पर पीपल का पेड़ गिरने से महिला की मौत
शंभूगंज के पौकरी पंचायत के लाखा गांव में एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला भूषणी देवी अपने तीन पोते राजीव कुमार, यशवंत कुमार एवं छोटू कुमार के साथ घर के समीप पीपल पेड़ के नीचे बने झाेपड़ीनुमा घर में रही थी। अचानक रात में हवा और बिजली की चमक देख दादी के साथ सो रहे तीनों पौत्र डर के मारे वहां से घर चले गए। लेकिन दादी झोपड़ी में ही रही। थोड़ी देर बाद पीपल के वृक्ष की एक टहनी झोपड़ी पर गिरी, जिसमें दब कर महिला सहित झोपड़ी में बंधी दो बकरी की मौत हो गई।
आपदा प्रबंधन के तहत लाभ दिलाने की दिलासा
घटना की सूचना अंचल व शंभूगंज थाना को दिया गया। सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। इस घटना को लेकर शंभूगंज पुलिस ने मृतक के पुत्र देवेन्द्र कुमार के बयान पर यूडी केस दर्ज किया गया। वहीं सीओ परमजीत सिरमौर ने पीड़ित को आपदा प्रबंधन के तहत लाभ दिलाने की बात कही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/bhagalpur/banka/news/the-devastation-caused-by-the-storm-at-a-speed-of-80-kmph-the-woman-died-after-being-hit-by-falling-trees-at-home-127347942.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/05/28/08_1590622256.jpg
0 Response to "80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आई आंधी से मची तबाही, घर पर वृक्ष गिरने से महिला की दबकर मौत"
Post a Comment