Popular Posts

मई के आखिरी 7 दिन में ही हो गए 103 मरीज, 14 नए मिले, बढ़ाए बेड अब टीटीसी व सेल्स टैक्स अफसरों के क्वार्टर भी बने आइसोलेशन वार्ड

मई के आखिरी 7 दिन में ही हो गए 103 मरीज, 14 नए मिले, बढ़ाए बेड अब टीटीसी व सेल्स टैक्स अफसरों के क्वार्टर भी बने आइसोलेशन वार्ड

जिले में लगातार मिल रहे मरीजों के बीच रविवार को 6 ब्लॉक में 14 नए कोरोना पॉजिटिव की पहचान हुई। सबसे ज्यादा कहलगांव में 5, शाहकुंड में 2 और सबसे कम नारायणपुर, सुल्तानंज, नाथनगर, जगदीशपुर, खरीक, पीरपैंती और गोराडीह में 1-1 मरीज मिले। सभी की ट्रैवल हिस्ट्री है। वे क्वारेंटाइन सेंटरों में रह रहे थे। खरीक में 84 वर्षीया वृद्धा और पीरपैंती में 26 वर्षीया युवती पॉजिटिव मिली है।

इसी के साथ जिले में मरीजों की संख्या 181 हाे गई। मई माह के आखिरी सात दिनों में ही जिले में मरीजों की संख्या 103 हो गई। इधर, मरीजाें के बढ़ने के साथ ही व्यवस्थाएं बढ़ाई गईं। मायागंज में 25 अतिरिक्त बेड लगाए। यहां 100 से ज्यादा मरीजाें का इलाज चल रहा है। मेडिसीन औरगायनी के इंडाेर वार्ड में बेड लगाए हैं, बाथरूम बन रहा है। सभी हाॅल में सीसीटीवी कैमरे व टीवी लगेंगे। टीटीसी को भी आइसोलेशन वार्ड में बदला गया है। दो नर्स, एक डॉक्टर तैनात किए। यहां 300 मरीजों को रखा जा सकेगा। गंभीर लक्षण होने पर ही मायागंज भेजा जाएगा।

सेल्स टैक्स अफसरों की कॉलोनी भी तय
नए आइसोलेशन वार्ड बनने के बाद दोपहर 3.30 बजे सीएस डॉ. विजय कुमार सिंह और सदर अस्पताल की टीम ने जायजा लिया। सीएस ने बताया, काेयला घाट राेड में सेल्स टैक्स विभाग के अाॅफिसराें के लिए बने नए अावासीय काॅलाेनी काे भी चिह्नित किया गया है। यहां 24 क्वार्टर तीन-तीन कमरे के हैं। इनमें टाॅयलेट भी अटैच हैं। ऐसे में एक कमरे में दो-दो बेड लगेंगे। तीन कमरे में छह मरीज रहेंगे। यहां साफ-सफाई और बेड लगाने के निर्देश सीएस ने दिए। सेंटर में बेस फाेन भी लगेगा।
नए मरीजों के आने से भी बढ़ी परेशानी
रविवार शाम 5 बजे अाइसाेलेशन वार्ड में नए मरीजों को लाने से भी प्रबंधन की परेशानी बढ़ गई। यहां जगह ही नहीं थी। जैसे-तैसे मरीजों को भर्ती किया गया। घंटाघर स्थित टीचर्स ट्रेनिंग सेंटर के आइसाेलेशन सेंटर में भी मरीजों को रखा गया। रात 9 बजे के बाद 9 मरीजाें काे यहीं भर्ती किया गया। हालांकि तालमेल की कमी से काफी जद्दोजहद भी करनी पड़ी। शाम में मरीजों को भर्ती किया, लेकिन 10 मरीजाें को मायागंज अस्पताल से भेजे जाने की सूचना पर परेशानी बढ़ गई। यहां भी जगह नहीं बची थी।

नारायणपुर का बलहा कंटेनमेंट जोन, आज किया जाएगा सील
नारायणपुर के बलहा गांव का 36 वर्षीय युवक 14 मई को चंडीगढ़ से आया था। उसे क्वारेंटाइन सेंटर नगरपारा में रखा गया। 11 दिन बाद 24 मई को उसे घर भेजा था। 28 मई को ग्रामीण डाॅक्टर को परिजन ने तेज बुखार, सांस में तकलीफ व सर्दी-खांसी की शिकायत की। ग्रामीण डाॅक्टर ने मुखिया व पीएचसी को सूचना दी। 29 मई को अनुमंडलीय अस्पताल में सैंपल लिया था। उसके घर के 4 लोगों को भी सैंपल लेने भेजा गया है। एसडीओ मुकेश कुमार ने बताया, बलहा कंटेनमेंट जोन बनेगा।

सुल्तानगंज की चेन से जुड़ गया भुवालपुर का युवक, शाहकुंड में 2
नाथनगर के भुवालपुर का युवक सुल्तानगंज के किशनपुर और भुवालपुर के ही संक्रमित युवक की चेन से जुड़ा है। वह 13 मई को मुंबई से 4 अन्य ग्रामीणों के साथ ट्रक से आया था। इसमें करीब 50 लोग थे। 17 मई को सभी होम क्वारेंटाइन में थे। 21 मई को किशनपुर के युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद 23 मई को भुवालपुर के पांचों के सैंपल लिए। इधर, महाराष्ट्र से आया शाहकुंड के सजौर का 18 वर्षीय व राधानगर का दिल्ली से आया युवक संक्रमित मिला।

कहलगांव में 5 मरीज दिल्ली से आए थे
दिल्ली से कहलगांव आए 5 में धनौरा पंचायत के कटोरिया गांव के दो और वंशीपुर पंचायत के देवरी महेशपुर गांव के तीन लोग हैं। अनुमंडल अस्पताल डाॅ. लखनलाल मुर्मू ने बताया, सभी 24 मई को आए थे। उन्हें गनपत सिंह हाईस्कूल में क्वारेंटाइन सेंटर पर रखा गया। 29 मई को 35 लोगों के सैंपल भेजे गए थे। इसमें पांच संक्रमित मिले। बाकी 30 रिपोर्ट निगेटिव रही। बताया जा रहा है कि पांचों दो दिन तक क्वारेंटाइन सेंटर में रुकने के बाद घर गए थे। ग्रामीणों के विरोध के बाद उन्हें दोबारा सेंटर पहुंचाया गया। उनके साथ 40 लोग आए थे। इनमें वंशीपुर पंचायत के करीब दर्जन भर लाेग थे।
गोराडीह का युवक मुंबई से आया था, करता था मजदूरी
मुंबई से एक सप्ताह पहले युवक गोराडीह आया था। उसे विनरौध हाईस्कूल के क्वारेंटाइन सेंटर में रखा था। दो दिन पहले सैंपल लेकर अल्पसंख्यक छात्रावास में शिफ्ट किया। चिकित्सा प्रभारी साकेत रंजन ने बताया, 45 वर्षीय मजदूर प्रखंड के मोहनपुर पंचायत के रहने वाला है।
पीरपैंती में प्रवासी के संपर्क में अाई महिला पॉजिटिव
पीरपैंती के रिफातपुर गांव के क्वारेंटाइन सेंटर पर कोरोना पॉजिटिव प्रवासी के संपर्क में 26 वर्षीय महिला आई थी। वह संक्रमित हुई। उसके संपर्क में आए 14 लोगों को कहलगांव शारदा पाठशाला क्वारेंटाइन सेंटर में शनिवार को भेजा था। उनके सैंपल लिए थे। इनमें महिला पॉजिटिव मिली। प्रवासी दिल्ली के महरौली से आया था। जिस कमरे में वह था, उसमें कई प्रवासी रहे थे।

चार ने कोरोना को दी मात अस्पताल से हुए डिस्चार्ज
मायागंज अस्पताल के आइसाेलेशन वार्ड से 4 लोगों ने काेराेना को मात देकर जिंदगी की जंग जीती। नाै मरीजाें के सैंपल जांच में भेजे गए थे। इनमें 4 की रिपोर्ट रात 8.45 बजे निगेटिव आई। सन्हौला के सुनील मंडल, नीरज मंडल, सुल्तानगंज के विपिन कुमार, शाहकुंड के संतोष मंडल को अस्पताल प्रबंधन ने डिस्चार्ज कर दिया। बाकी पांच की रिपोर्ट फिलहाल पॉजिटिव आई है। अधीक्षक डाॅ. आरसी मंडल ने बताया, जल्द ही बाकी की रिपोर्ट भी निगेटिव आएगी।

मेडिसिन और गायनी वार्ड में बाथरूम का काम थाेड़ा बाकी है। पीने के पानी की व्यवस्था की जा रही है। टीवी और सीसीटीवी कैमरा लगने के बाद वार्ड चालू होगा। -डाॅ. आरसी मंडल, अधीक्षक, मायागंज अस्पताल



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
In the last 7 days of May, 103 patients were found, 14 new found, beds increased, now TTC and Sales Tax officers quarters also became isolation ward.


from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/bhagalpur/news/in-the-last-7-days-of-may-103-patients-were-found-14-new-found-beds-increased-now-ttc-and-sales-tax-officers-quarters-also-became-isolation-ward-127361822.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/06/01/02_1590968440.jpg

0 Response to "मई के आखिरी 7 दिन में ही हो गए 103 मरीज, 14 नए मिले, बढ़ाए बेड अब टीटीसी व सेल्स टैक्स अफसरों के क्वार्टर भी बने आइसोलेशन वार्ड"

Post a Comment