जिले के सात अपराधियों कीजुलाई में फोड़ दी गईं आंखें
07 April, 2020
Comment
किस्त : 17
ऑपरेशन गंगाजल अखबारों की सुर्खियों में जब स्थान पाने लगा, तब इसकी चर्चा सार्वजनिक होने लगी। पुलिस पर सियासी दबाव बढ़ा। लेकिन दबाव में पुलिस कुछ ज्यादा ही रौद्र रूप धारण करती चली गई। जिले में यह कांड थमने का नाम ही नहीं ले रहा था। आम जनता भी पुलिस के साथ हो गई। दूसरी ओर अपराधी भी सतर्क रहने लगे। मगर, लोगों का साथ मिलने से पुलिस को कार्रवाई में कोई परेशानी नहीं हुई। बल्कि वह और तेजी से अपने मिशन में जुट गई। नतीजतन जुलाई माह में सात-सात अपराधी पकड़े गए। उसमें सबौर थाना क्षेत्र के लैलक गांव का अनिल यादव और बाबूपुर मोड़ गांव का नंदलाल गोस्वामी, कहलगांव थाना क्षेत्र के कटोरिया निवासी लखनलाल मंडल, सन्हौला के लक्खी बेलदार और शंकर तांती, शाहकुंड थाना क्षेत्र के बेलथू गांव का रमण बिंद और मुंदीचक, भागलपुर का सालीग्राम साह का नाम शामिल था। इसमें कई दुर्दांत अपराधी थे। सबका हाल पूर्व में पकड़े गए अपराधियों जैसा ही हुआ। उधर, पटना में विपक्ष ऑपरेशन गंगाजल को अमानवीय करार देते हुए सरकार को घेरने लगा था। इधर, एसपी बीडी राम को पत्रकार घेरने लगे। अपनी सफाई में एसपी बारबार कहते कि उनके आने के पहले जिले में 12 घटनाएं हो चुकी थीं। मगर, उनकी इस बात को दरकिनार करते हुए मीडियाकर्मी बीडी राम को ही उछालने लगे।
जुलाई महीने की उक्त सभी घटनाएं संबंधित थाना में ही हुई। यानी अनिल यादव और नंदलाल गोस्वामी को सबौर थाना में पुलिस ने बेरहमी से पिटाई कर दोनों की आंखों को साइकिल के स्कोप से गोद उसमें तेजाब डाल दिया। लक्खी बेलदार और शंकर तांती को सन्हौला थाना में, लखनलाल मंडल को कहलगांव थाना में, रमण बिंद को शाहकुंड थाना में और सालीग्राम साह को कोतवाली (भागलपुर) थाना में पुलिस ने आंखें फोड़ दी और उसमें तेजाब डाल कर अंधा बना दिया। उसके बाद सबको न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। लैलक के अनिल यादव कहलगांव के दुर्नाम अपराधी सुदामा मंडल की प्रताड़ना से तंग आकर हथियार थाम लिया और पीछे मुड़कर नहीं देखा। -सुजीत कुमार ‘पप्पू’
भागलपुर अंखफोड़वा कांड
अगली किस्त : कैलाश मंडल गिरोह में शामिल होकर अनिल ने लिया बदला।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/bihar/bhagalpur/news/seven-criminals-of-the-district-were-blown-away-in-july-063636-6989433.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/04/08/
0 Response to "जिले के सात अपराधियों कीजुलाई में फोड़ दी गईं आंखें"
Post a Comment