Popular Posts

दिन में सख्ती से ट्रैफिक व्यवस्था पटरी पर दिखी, लेकिन शाम में हुई धड़ाम

दिन में सख्ती से ट्रैफिक व्यवस्था पटरी पर दिखी, लेकिन शाम में हुई धड़ाम

नया ट्रैफिक प्लान लागू करने के साथ शनिवार को प्रशासन ने सख्ती दिखाई। डीएम, नगर आयुक्त, एसडीओ, डीएसपी समेत कई अधिकारी सड़क पर उतरे। जूरन छपरा रोड में अतिक्रमणकारियों पर तीन हजार का जुर्माना लगाया गया। साथ ही गिट्टी-बालू जब्त किया गया। दूसरी ओर, नो एंट्री और वनवे में घुसने के लिए लोग पुलिस जवान से जगह-जगह बकझक करते रहे।

सिकंदरपुर में तो हाथापाई तक की स्थिति आ गई। वनवे में बाइक काे भी नहीं घुसने देने की वजह से करबला चौक व सिकंदरपुर मोड़ पर पूरे दिन पुलिस जवान व बाइक चालक में तनातनी की स्थिति बनी रही। चौक पर तैनात दोनों जवान कभी सख्ती दिखाते तो कभी हाथ जोड़कर समझाते नजर आए। सिकंदरपुर मोड़ पर तो ट्रैफिक जवान से हाथापाई तक की स्थिति बनी।

जीरोमाइल, अखाड़ाघाट की ओर से आने वाले मोटरसाइकिल सवार को भी टावर चौक की ओर नहीं जाने देने पर सबसे ज्यादा तनातनी रही। प्रशासन की सख्ती की वजह से पूरे दिन शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पटरी पर रही। एसडीओ पूर्वी डॉ. कुंदन कुमार व टाउन डीएसपी रामनरेश पासवान करबाला चौक, सिकंदरपुर मोड़ व इमलीचट्टी पहुंचकर वनवे और नो एंट्री की मॉनिटरिंग करते रहे।

दोपहर बाद डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ट्रैफिक प्लान का जायजा लेते सड़क पर दिखे। नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय के नेतृत्व में डीएम आवास से जूरन छपरा तक अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान चलाया गया। दिन में ट्रैफिक व्यवस्था से लोगों को राहत दिखी।
शाम ढलती गई, पुलिसकर्मी सड़क से हटते गए और व्यवस्था होती गई बेपटरी; डीएम को करना पड़ा हस्तक्षेप

शाम होते ही सख्ती कम होने और अखाड़ाघाट रोड में जवानों के नहीं रहने से ट्रैफिक व्यवस्था धड़ाम हो गई। जीरोमाइल से लेकर कृष्णा टॉकीज तक दोनों तरफ वाहनों की ऐसी कतार लगी कि जो जहां था, वहीं फंस गया। पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। शादी-विवाह के सीजन में खरीदारी कर शहर से लौट रहे लोग सरैयागंज टावर से जीरोमाइल की ओर पैदल जाते दिखे।

कई लोगों के सिर पर अटैची व हाथ में झोला था। आखिरकार जिलाधिकारी को अखाड़ारोड में जाम की समस्या को लेकर हस्तक्षेप करना पड़ा। डीएम तक मामला पहुंचने के बाद सिकंदरपुर पुलिस हरकत में आई। प्रशासनिक आदेश में सुबह 9 बजे से 10 बजे रात्रि तक नो एंट्री के बावजूद शनिवार की रात 9 बजे से ही शहर में भारी वाहनों का प्रवेश शुरू हो गया था। इसकी वजह से मिठनपुरा से लेकर मोतीझील तक धूल उड़ती रही।

कृष्णा टॉकीज गली में नाला निर्माण से परेशानी

इधर, जीरोमाइल अखाड़घाट से आने वालों को सिकंदरपुर रोड से टावर जाने की इजाजत नहीं दी गई। कृष्णा टॉकीज से बाएं होकर टावर व छाता बाजार जाने का विकल्प दिया गया है। कृष्णा टॉकीज गली में नाला निर्माण की वजह से मिट्टी खोदी गई है। लंबे समय से नाला निर्माण के कारण जलजमाव की भी समस्या है। नया ट्रैफिक प्लान लागू होने के साथ ट्रैफिक का दबाव बढ़ने के बाद लोगों की परेशानी बढ़ गई।

टावर तक लगेगा डिवाइडर

अखाड़ाघाट रोड में जाम की समस्या से निपटने के लिए जीरोमाइल से सरैयागंज टावर तक डिवाइडर लगाना होगा। दोनों बांध को दुरुस्त करने पर भी विमर्श होगा। व्यवस्था सुचारु करने में आम लोगों को सहयोग करना होगा। -डॉ. कुंदन कुमार, एसडीओ पूर्वी



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Strictly the traffic system was on track during the day, but the blockade occurred in the evening


from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/muzaffarpur/news/strictly-the-traffic-system-was-on-track-during-the-day-but-the-blockade-occurred-in-the-evening-127984634.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/12/06/50_1607211053.jpg

0 Response to "दिन में सख्ती से ट्रैफिक व्यवस्था पटरी पर दिखी, लेकिन शाम में हुई धड़ाम"

Post a Comment