Popular Posts

बांकीपुर, कुम्हरार, पटना साहिब, दीघा, फतुहा, बख्तियारपुर, दानापुर, मनेर और फुलवारीशरीफ में आज सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान

बांकीपुर, कुम्हरार, पटना साहिब, दीघा, फतुहा, बख्तियारपुर, दानापुर, मनेर और फुलवारीशरीफ में आज सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान

विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार को पटना जिले के 9 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इनमें बख्तियारपुर, दीघा, बांकीपुर, कुम्हरार, पटना साहिब, फतुहा, दानापुर, मनेर और फुलवारीशरीफ विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 176 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 32 लाख 7 हजार 104 मतदाता करेंगे।

इसके लिए 4830 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिनका नाम मतदाता सूची में है, लेकिन मतदाता पहचान पत्र नहीं है, वे 12 वैकल्पिक पहचान पत्र दिखाकर मतदान कर सकेंगे। मतदान शुरू कराने और मॉनिटरिंग करने की जिम्मेदारी 305 माइक्रो ऑब्जर्वर को दी गई है। मतदान की लाइव वेबकास्टिंग 126 मतदान केंद्रों से होगी।

इसकी मॉनिटरिंग जिला स्तरीय कंट्रोल रूम और चुनाव आयोग की टीम करेगी। इसके अलावा मतदान केंद्रों की व्यवस्था की रिकॉर्डिंग करने के लिए 90 वीडियोग्राफर की प्रतिनियुक्ति की गई है। मतदाताओं के साथ मतदानकर्मियों को कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करना होगा।

एएन कॉलेज में होगी मतगणना
डीएम कुमार रवि ने कहा कि विधानसभा क्षेत्रवार बने डिस्पैच सेंटर से ईवीएम-वीवीपैट समेत अन्य सभी मतदान सामग्री वितरण करने का कार्य सोमवार शाम तक पूरा कर लिया गया है। मतदान के बाद सभी विधानसभा क्षेत्रों से ईवीएम-वीवीपैट को एएन कॉलेज स्थित बज्रगृह सह मतगणना स्थल में लाकर रखा जाएगा। यहां त्रिस्तरीय सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। पूरे परिसर की सीसीटीवी कैमराें से 24 घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है। 10 नवंबर को मतगणना होगी।

निजी गाड़ी से मतदान करने जाने की छूट
निजी गाड़ी से मतदान करने के लिए परिवार समेत जाने की छूट दी गई है। मतदान केंद्र के बाहर 200 की दूरी पर वाहन को पार्किंग कर पैदल जाना होगा।

पुलिस और होमगार्ड के 8 हजार जवान भी सुरक्षा में तैनात

पटना जिले के 9 विधानसभा क्षेत्राें के 4830 मतदान केंद्रों को अर्धसैनिक बलों के हवाले कर दिया गया है। अर्धसैनिक बलों की 150 कंपनियों के साथ ही जिला पुलिस बल और होमगार्ड के 8 हजार जवानों को सुरक्षा में लगाया गया है। एसएसपी उपेंद्र शर्मा ने कहा कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।

क्यूआरटी और फ्लाइंग स्क्वायड की टीम सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेगी। आठ जिलाें से पटना जिले की सीमाएं लगती हैं। सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है और चौकसी बढ़ा दी गई है। 60 चेकपोस्ट बनाकर सघन वाहन जांच हाे रही है। शहर में ऊंची इमारतों पर मंगलवार की सुबह से ही सुरक्षा बलों के जवान तैनात रहेंगे। मतदान केंद्रों के आसपास सादे लिबास में भी पुलिस बलों की तैनाती रहेगी।

एनडीआरएफ की 20 टीमें नदियों में पैट्रोलिंग कर रही हैं। इन टीमों को मनेर में रामपुर दियारा से अथमलगोला के घाटों तक लगाया गया है। मंगलवार को गंगा घाटों पर किसी तरह की आवाजाही भी प्रतिबंधित कर दी गई है। नदियों में नाव परिचालन भी मंगलवार को बंद रहेगा।

दियारा इलाके में शांतिपूर्ण मतदान के लिए एसटीएफ को भी लगाया गया है। दानापुर और मनेर के इलाके में एसटीएफ की दो, जबकि बख्तियारपुर, फतुहा और पटना सिटी में एक-एक टीम को तैनात किया गया है। इसके अलावा घुड़सवार दस्ते को भी लगाया गया है। हर थाने में क्यूआरटी की 10 टीमाें को लगाया गया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
अर्धसैनिक बलों की 150 कंपनियां बूथों पर तैनात।


from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/polling-from-7-am-to-6-pm-in-bankipur-kumharrar-patna-sahib-digha-fatuha-bakhtiyarpur-danapur-maner-and-phulwari-sharif-127877208.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/11/03/268021120pti02-11-2020000060b_1604357629.jpg

0 Response to "बांकीपुर, कुम्हरार, पटना साहिब, दीघा, फतुहा, बख्तियारपुर, दानापुर, मनेर और फुलवारीशरीफ में आज सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान"

Post a Comment