Popular Posts

भाई वीरेंद्र की जमीन-जायदाद की कीमत पांच साल में ढाई गुनी, गैरमजरुआ जमीन पर घर बना रह रहे गोपाल

भाई वीरेंद्र की जमीन-जायदाद की कीमत पांच साल में ढाई गुनी, गैरमजरुआ जमीन पर घर बना रह रहे गोपाल

दूसरे चरण में शामिल पटना जिले के 9 विधानसभा क्षेत्रों से मंगलवार को 23 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। पटना साहिब से भाजपा के नंदकिशोर यादव, फतुहा से राजद के रामानंद यादव, मनेर से राजद के भाई वीरेंद्र, कुम्हरार से राजद के धर्मेंद्र कुमार, बख्तियारपुर से भाजपा के रणविजय सिंह, फुलवारीशरीफ से माले के गोपाल रविदास, दानापुर से भाजपा की आशा देवी और राजद के रीतलाल राय ने पर्चा भरा।

इससे पहले 13 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। डीएम कुमार रवि ने कहा कि 16 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल होगा। 17 अक्टूबर को नामांकन की जांच होगी। 19 अक्टूबर तक नाम वापस लिया जा सकेगा। 3 नवंबर को मतदान होगा।
रीतलाल के समर्थकों को रोका
दानापुर अनुमंडल कार्यालय में मंगलवार को दानापुर और मनेर विधानसभा क्षेत्र से चार प्रत्याशियों का नामांकन किया। दानापुर विधानसभा क्षेत्र से राजद के रीतलाल राय, भाजपा की आशा सिन्हा और भारतीय जन क्रांति दल के विजय शंकर मिश्रा, जबकि मनेर से राजद के भाई वीरेंद्र और यूडीए जनता पार्टी के देवानंद यादव ने नामांकन पत्र दाखिल किया।

दानापुर के राजद प्रत्याशी रीतलाल राय समर्थकों की भारी भीड़ के साथ अपने घर से करीब छह किलोमीटर पैदल चलकर अनुमंडल कार्यालय के पास पहुंचे। समर्थकों को आरा गोलंबर के पास ही रोक दिया गया। भाजपा प्रत्याशी आशा सिन्हा भी अपने समर्थकों के साथ अपने घर सरारी से वाहनों के काफिले के साथ नामांकन करने पहुंचीं। उनके साथ रामजन्मभूमि न्यास बोर्ड के सदस्य कामेश्वर चौपाल भी थे। प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के नामांकन की वजह से दानापुर में कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही।
फुलवारीशरीफ विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन के भाकपा माले प्रत्याशी गाेपाल रविदास ने पर्चा भरा। उनके नामांकन के वक्त राजद, कांग्रेस और माले के नेता माैजूद थे। गाेपाल ने 2010 और 2015 में मसाैढ़ी से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। 2010 में मसाैढ़ी में उनका मुकाबला जदयू प्रत्याशी अरुण मांझी से हुआ था।

इस बार अरुण मांझी से ही उनका मुकाबला फुलवारीशरीफ में हाेगा। गाेपाल दास ने कहा कि मतदाताओं ने आशीर्वाद दिया ताे यहां आईटीआई, पाॅलीटेक्निक और महिला काॅलेज खुलवाएंगे। इसके अलावा नहर में पानी, किसानाें के लिए बाजार खुलावना प्राथमिकता हाेगी।
नामांकन करनेवाले उम्मीदवारों की सूची

  • दीघा : भारतीय पार्टी (लोकतांत्रिक)-विकास चंद्र, असली देसी पार्टी-रजनी कुमारी, राष्ट्रीय सहयोगी पार्टी-लीना प्रिया।
  • बांकीपुर : भारतीय लोक चेतना पार्टी-तेजस्वनी ज्योति, निर्दलीय-आनंग भूषण वर्मा।
  • कुम्हरार : राजद-धर्मेंद्र कुमार, सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट)-सूर्याकर जितेंद्र, निर्दलीय-विनोद कुमार पाठक, अमित कुमार।
  • पटना साहिब : भाजपा-नंदकिशोर यादव, निर्दलीय-रामनाथ महतो, राम किशोर प्रसाद।
  • दानापुर : भाजपा-आशा देवी, राजद-रीतलाल राय, भारतीय जनक्रांति दल-विजय शंकर मिश्रा।
  • मनेर : राजद-भाई वीरेंद्र, जनता पार्टी-देवानंद यादव।
  • फुलवारीशरीफ : भाकपा माले-गोपाल रविदास
  • फतुहा : राजद-रामानंद यादव, निर्दलीय-अजीत कुमार, सुधीर कुमार यादव।
  • बख्तियारपुर : भाजपा-रणविजय सिंह, निर्दलीय-रामजतन चौधरी

हथियारों के शाैकीन हैं मनेर के विधायक

मनेर के विधायक भाई वीरेंद्र की अचल संपत्ति पिछले पांच साल में करीब ढाई गुना बढ़ गई है। 2015 में उनके पास 55.21 लाख की जमीन, जायदाद व खेत आदि थे, जाे 2020 में बढ़कर 1.35 कराेड़ हाे गया है। वहीं 2015 में उनके पास बैंक बैलेंस 1 लाख 86 हजार 879 रुपए था, जाे 2020 में 5 लाख 83 हजार 802 रुपए हाे गया है। यानी इनमें भी करीब 3 गुना का इजाफा हुआ है। भाई वीरेंद्र पत्नी से अमीर हैं, पर उनके मुकाबले उनके पास साेने के जेवर आधे हैं। 2015 से 2020 के बीच दंपती ने काेई जेवर नहीं खरीदा।

2015 में पत्नी के पास 300 ग्राम साेने के गहने थे ताे पति के पास 150 ग्राम। 2020 में भी इतने ही वजन के गहने हैं। विधायक हथियाराें के शाैकीन हैं। उनके पास रायफल, बंदूक और रिवाॅल्वर है। विधायक के पास एक स्काॅर्पियाे है, जाे पांच साल पहले खरीदी गई थी। उनकी पत्नी के नाम से पांच साल पहले फीगाे कार थी, जाे अब नहीं है।

2015 में उनकी पत्नी का बैंक बैलेंस 1 लाख 81 हजार 371 रुपए था, जाे 2020 में बढ़कर 6 लाख 89 हजार 520 रुपए हाे गया। यानी बैंक बैलेंस में करीब चार गुना इजाफा हुआ। वहीं जमीन-जायदा व निवेश की बात करें ताे 2015 में पत्नी के पास 15 लाख 61 हजार 185 की मिल्कियत थी, जाे 2020 में 62 लाख हाे गई। यानी इसमें भी करीब चार गुना की बढ़ाेतरी हुई।

लाेन पर ली गई बाइक से चलते हैं माले प्रत्याशी, अभी किस्त के 27 हजार बाकी

फुलवारीशरीफ|फुलवारीशरीफ से माले प्रत्याशी गाेपाल रविदास मूल रूप से मसाैढ़ी के रहमतगंज के रहने वाले हैं। पटना विवि से बीए पास हैं। नामांकन में उन्हाेंने अपनी संपत्ति का जाे ब्याेरा दिया है, उसके मुताबिक उनके पास एक बाइक है, जाे उन्हाेंने लाेन पर लिया था। इसका अभी 27 हजार उनपर कर्ज है। वे गैरमजरुआ जमीन पर रहते हैं जिसका क्षेत्रफल 630 वर्गफीट है।

इसी पर मकान बनाकर मसाैढ़ी में रहते हैं। इसकी कीमत करीब एक लाख रुपए है। उनके पास नकद 20 हजार, जबकि बैंक में 36 हजार है। उनकी पत्नी कमला देवी के पास नकद 1 हजार और बैंक बैलेंस 2 हजार है। पति-पत्नी के पास काेई जेवर नहीं है। बीमा भी नहीं है।

हथियार के शौकीन रणविजय व उनकी पत्नी के नाम से दो वाणिज्यिक भवन
बख्तियारपुर के भाजपा प्रत्याशी रणविजय सिंह के पास चल संपत्ति 31 लाख 13 हजार और अचल संपत्ति 1 करोड़ 98 लाख की है। इनके पास एक राइफल और दो स्कार्पियो, 80 ग्राम सोना और 175000 रुपए नगद है। इसके अलावा वाणिज्यिक भवन 1 करोड़ 98 लाख 60 हजार का है।

पत्नी सरिता देवी के पास 17 लाख 65 हजार 948 रुपए और अचल संपत्ति 33 लाख की है। इसमें 200 ग्राम सोना और 500 ग्राम चांदी का गहना है। इसके अलावा वाणिज्यिक भवन 13 लाख रुपए का है। इनके खिलाफ ट्रेन रोकने, सरकारी कार्य में बाधा, हथियार से लैस होकर बलवा करने के केस दर्ज हैं।

रामानंद यादव के पास 2.11 कराेड़ की संपत्ति, 300 ग्राम सोना और 3 कार

फतुहा विधानसभा क्षेत्र के राजद के विधायक और महागठबंधन के उम्मीदवार रामानंद यादव ने मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय पहुंच निर्वाची पदाधिकारी सह डीसीएलआर के समक्ष नामांकन पर्चा भरा। 65 वर्षीय डॉ. रामानंद यादव के पास 2.11 करोड़ की संपत्ति है। अपने शपथ पत्र में उन्हाेंने बताया है कि उनके पास 300 ग्राम सोना है, जिसकी अनुमानित कीमत 14 लाख 40 रुपए है। उन्होंने बीएससी एलएलबी और पीएचडी की शिक्षा प्राप्त की है। वे अवकाश प्राप्त एसोसिएट प्रोफेसर हैं। पेंशनभोगी हैं। वाहन के नाम पर उनके पास स्कूटर, दो कार और एक स्कॉर्पियो है।

करोड़पति धर्मेंद्र और उनकी पत्नी दोनों डॉक्टर, कोई आपराधिक मामला नहीं

कुम्हरार के राजद प्रत्याशी धर्मेंद्र कुमार पेशे से डॉक्टर हैं। इनके पास कुल चल संपत्ति 1 करोड़ 35 लाख, 76 हजार 422 रुपए और अचल संपत्ति 4 करोड़ 50 लाख रुपए की है। धर्मेंद्र के पास दो वैगन आर गाड़ी, 100 ग्राम सोना और 1 किलोग्राम चांदी है। जबकि, उनकी डॉक्टर पत्नी के पास कुल चल संपत्ति 50 लाख 85 हजार 483 रुपए और अचल संपत्ति 40 लाख रुपए की है। इसमें एक गाड़ी, 100 ग्राम सोना और 1 किलोग्राम चांदी है। धर्मेंद्र के खिलाफ कोई आपराधिक मामला नहीं है। उन्होंने एफिडेविट में एक भी आपराधिक मामले का जिक्र नहीं किया है।

कांग्रेस प्रत्याशी पर छह लाख के गबन का केस

नाला राेड के प्लाई दुकानदार श्रेया बजाज ने पटना स्नातक के कांग्रेस उम्मीदवार दिलीप कुमार के खिलाफ 6 लाख रकम गबन करने की लिखित शिकायत की है। स्वर्णकार संघ द्वारा आयोजित बैठक में रविवार काे राजनीतिक पार्टी के लोगों के बिना अनुमति शामिल होने पर आचार संहिता उल्लंघन की प्राथमिकी फुलवारी थाने में दर्ज कराई गई है।

रीतलाल पर हत्या, अपहरण समेत 33 केस

दानापुर के राजद के उम्मीदवार रीतलाल राय पर हत्या, अपहरण, रंगदारी, गाेलीबारी, आर्म्स एक्ट, लाॅकडाउन का उल्लंघन करने, सरकारी काम में बाधा डालने समेत 33 केस दर्ज हैं। वे सभी मामलों में जमानत पर हैं। रीतलाल पर आशा सिन्हा के पति सत्यनारायण सिन्हा की हत्या का भी आराेप है। आशा सिन्हा के पति की हत्या 2003 में हुई थी। काेर्ट में इस मामले का ट्रायल चल रहा है। रीतलाल ने पटना स्थानीय निकाय क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव जेल से ही बताैर निर्दलीय लड़ा और जीत गए। इसी साल 18 अगस्त काे जेल से छूटे हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Brother Virendra's land and property cost two and a half times in five years, Gopal living at home on non-residential land


from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/brother-virendras-land-and-property-cost-two-and-a-half-times-in-five-years-gopal-living-at-home-on-non-residential-land-127811728.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/10/14/62_1602634227.jpg

0 Response to "भाई वीरेंद्र की जमीन-जायदाद की कीमत पांच साल में ढाई गुनी, गैरमजरुआ जमीन पर घर बना रह रहे गोपाल"

Post a Comment