7373 बैलेट और 4479 कंट्रोल यूनिट के साथ 4698 वीवीपैट की है जरूरत
विधानसभा चुनाव के दौरान होने वाले मतदान को लेकर प्रथम रैंडमाइजेशन के बाद रविवार से सदर प्रखंड के भंटापोखर स्थित वेयरहाउस पर ईवीएम व वीवीपैट को अलग-अलग करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मालूम हो कि शनिवार को प्रथम रेंडमाईजेशन की प्रक्रिया पूरी की गई थी। उसके बाद निकाले गए सूची के अनुसार ही इसे अलग-अलग किया जा रहा है। इस प्रक्रिया को उप निर्वाच पदाधिकारी अनिल कुमार तिवारी और नोडल पदाधिकारी प्रमोद कुमार की देखरेख में शुरू की गई है। इसमें सभी आठों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाची पदाधिकारियों सहित सभी दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस बार के चुनाव में बैलेट यूनिट 7 हजार 373, कंट्रोल यूनिट 4 हजार 479 और वीवीपैट 4 हजार 698 का प्रयोग किया जाना है। नोडल पदाधिकारी ने बताया कि ईवीएम और वीवीपैट को अलग-अलग करने के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी से मिले निर्देश के बाद सभी मशीनों को स्ट्रॉग रूम में विधानसभावार रखा जाएगा। मौके पर भाजपा चुनाव आयोग सेल के उपसंयोजक संजीव प्रकाश, कृष्णमुरारी कुमार, जदयू नेता लालबाबू प्रसाद, राजद नेता शैलेंद्र यादव, लोजपा नेता सुनील पासवान सहित अन्य मौजूद रहे।
सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहेगा स्ट्रांग रूम
सीवान| विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में प्रशासनिक कवायद तेज हो गई है। चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराए जाने से लेकर ईवीएम व वीवीपैट की सुरक्षा सहित विधि व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने मानिटरिंग शुरू कर दी है। इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी अमित कुमार पांडेय ने जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मालविय चौक स्थित डॉयट भवन में बने स्ट्रांग रूम का विधिवत निरीक्षण किया।
डीएम ने स्ट्रांग रूम की भी जानकारी ली
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने स्ट्रांग रूम के रूप में इस्तेमाल किए जाने वाले कमरों को देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन कमरों में स्ट्रांग रूम बनाया जाना है। उन कमरों में बूथ वाइज खाका तैयार करना होगा। प्रत्येक खाका में संबंधित बूथ का ईवीएम व वीवीपैट रखा जाएगा। बताया कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में पर्याप्त सुरक्षाबलों को लगाया जाएगा। वहीं सीसीटीवी कैमरे से स्ट्रांग रूम का निगरानी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदान निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सख्त है।
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित रहने पर बीडीओ ने किया शोकॉज
दरौंदा| विधानसभा चुनाव को लेकर बूथ निरीक्षण के दौरान सूचना दिए जाने के वावजूद अनुपस्थित रहने वाले मध्य विद्यालय उजांय के हेडमास्टर रामाशंकर सिंह से बीडीओ दिनेश कुमार सिंह ने स्पष्टीकरण मांगा है। स्पष्टीकरण में कहा है कि 30 सितम्बर को हड़सर, कोथुआ सारंगपुर व सिरसांव पंचायत के सभी बूथों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बीएलओ, सेक्टर पदाधिकारी और विद्यालय के हेडमास्टर को बूथ पर उपस्थित रहना था। सूचना के वावजूद आपके स्कूल में ताला बंद रहना और आपका अनुपस्थित रहना घोर लापरवाही है। हेडमास्टर से दो दिनों के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्पष्टीकरण नहीं देने पर कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा। चुनावी प्रक्रिया में सावधानी बरतने को कहा गया है।
डीएम ने बूथों का लिया जायजा
महाराजगंज| विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिलाधिकारी अमित कुमार पांडेय ने रविवार की दोपहर महाराजगंज अनुमंडलीय कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चुनाव को लेकर की जा रही तैयारी से संबंधी जानकारी ली। उन्होंने मौके पार उपस्थित अधिकारियों से आदर्श चुनाव आचार संहिता का शत प्रतिशत अनुपालन कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कोविड को देखते हुए नए दिशानिर्देशों का अनुपालन करने को कहा। उन्होंने बताया कि कोरोना को लेकर इस बार के विधानसभा चुनाव में मतदान केंद्रों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। उन्होंने तमाम दलों को मतदान केंद्रों की सूची उपलब्ध कराते हुए मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट का हर हाल में शत प्रतिशत अनुपालन करने को कहा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/siwan/news/4698-vvpat-with-7373-ballot-and-4479-control-unit-needed-127779672.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/10/04/1_1601827728.jpg
0 Response to "7373 बैलेट और 4479 कंट्रोल यूनिट के साथ 4698 वीवीपैट की है जरूरत"
Post a Comment