एडीआर के प्रमुख मेजर जनरल अनिल वर्मा बोले- चुनाव में साफ छवि के उम्मीदवारों के जीतने की संभावना 44 प्रतिशत ही
एडीआर के प्रमुख अवकाश प्राप्त मेजर जनरल अनिल वर्मा ने कहा कि चुनाव में बाहुबल एवं धनबल का पिछले 10 साल में क्रमशः 30 प्रतिशत और 21 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। इसकी प्रमुख वजह यह है कि उनके चुनाव में जीतने की संभावना अधिक होती है। पिछले 15 साल के विश्लेषण से यह पता चलता है कि साफ छवि के उम्मीदवारों के जीतने की संभावना 44 प्रतिशत ही होती है, वहीं आपराधिक छवि के लोगों के जीतने की संभावना 56 प्रतिशत होती है। उन्होंने मतदाताओं के मतदान के व्यवहार पर कहा कि शहरी मतदाताओं के लिए मुख्यतः रोजगार, पानी एवं अस्पताल ही प्राथमिकता होती है।
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं की प्राथमिकता में कृषि के लिए पानी एवं ऋण, अस्पताल, पेयजल आदि प्रमुख विषय होते हैं। मेजर जनरल वर्मा बिहार इलेक्शन वाच एवं एडीआर की ओर से चुनाव में धन-बल व बाहुबल के बढ़ते प्रभाव विषय पर आयाेजित वेबिनार में बोल रहे थे। भागलपुर विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग के अध्यक्ष प्रो. प्रेम प्रभाकर ने कहा कि सामाजिक स्तर पर नेतृत्व नहीं उभर रहा है। पार्टी तंत्र मजबूत हो रहा है। वहीं लोकतंत्र कमजोर हो रहा है।
चुनाव खर्च की सीमा निर्धारित करना मुश्किल होता जा रहा: प्रोफेसर शोभा कांत चौधरी ने कहा कि कानून का कवच ही सुरक्षा का संचार करेगा। प्रो. रोहिताश्व दुबे ने कहा कि चुनाव खर्च की सीमा निर्धारित करना तथा नियंत्रित करना मुश्किल होता जा रहा है। प्रो. पृथ्वीराज सिंह ने कहा कि तंत्र पूरी तरह निष्क्रिय होता जा रहा है। पटना हाईकाेर्ट के अधिवक्ता प्रभाकर कुमार ने कहा कि समाज जाति, संप्रदाय, वर्ग में बंटा है। जबतक सामाजिक बदलाव नहीं होंगे, सुधार नहीं हाेगा। अन्य जिलों से आए सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने महत्वपूर्ण सवाल खड़े किए।
आयोग को पार्टी को रद्द करने का भी मिलना चाहिए अधिकार
समाजसेवी एवं ब्रजकिशोर स्मारक प्रतिष्ठान के संस्थापक प्रेम कुमार वर्मा ने कहा कि चुनाव आयोग को उम्मीदवारों के परिचय के साथ तस्वीर सार्वजनिक करने की व्यवस्था पर सोचना चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार मणिकांत ठाकुर ने कहा कि चुनाव में धांधली के स्वरूप में बदलाव आ गया है। कोरोना काल में चुनाव के दौरान व्यापक गड़बड़ियों से इनकार नहीं किया जा सकता।
चेतना जगाने के लिए व्यापक रूप से अभियान चलाने की जरूरत है। चुनाव अब वर्चुअल होने लगे हैं। धीरे-धीरे नेता भी वर्चुअल हो जाएंगे। वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार पांडेय ने कहा कि एडीआर ने एक तस्वीर दिखाई है, पर आयोग को पार्टी को रद्द करने का भी अधिकार मिलना चाहिए। संचालन संयोजक राजीव कुमार ने किया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/adr-chief-major-general-anil-verma-said-candidates-with-clear-image-are-likely-to-win-44-percent-in-the-election-127542573.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/07/23/orig_adr_1595461008.jpg
0 Response to "एडीआर के प्रमुख मेजर जनरल अनिल वर्मा बोले- चुनाव में साफ छवि के उम्मीदवारों के जीतने की संभावना 44 प्रतिशत ही"
Post a Comment