आईजीआईएमएस के दो डॉक्टर और 14 मेडिकल स्टाफ, पीएमसीएच की एक नर्स, एयरपोर्ट थानाध्यक्ष संक्रमित
पटना जिले में बुधवार को 450 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही जिले में अबतक कोरोना संक्रमितों की संख्या 4422 पर पहुंच गई है। इससे पहले 16 जुलाई को 419 मरीज मिले थे। बुधवार को जो आंकड़े मिले हैं, उसमें प्राइवेट लैब में हो रही जांच में मिलने वाले मरीजों की संख्या भी शामिल हैं। आईजीआईएमएस में 19 सैंपल की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें संस्थान के दो डॉक्टर समेत 14 स्वास्थ्य कर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बाकी पांच भर्ती मरीज हैं।
पीएमसीएच में बुधवार को 376 सैंपल की जांच की गई। इसमें 84 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पीएमसीएच की एक नर्स भी संक्रमित हुई है। बाकी मरीज खजांची रोड, गर्दनीबाग, चीनाकोठी, राजापुर पुल, कुर्जी, गौरीचक, खगौल, पोस्टल पार्क, आनंद विहार कोलनी, गायघाट, दानापुर आदि इलाकों के रहने वाले हैं।
एम्स में बुधवार को 36 मरीज कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें पटना के 30 मरीज हैं। ये मरीज बिक्रम, महेशनगर, गर्दनीबाग, दो मरीज कंकड़बाग, दीघा, अनीसाबाद, जलालपुर, राजेंद्रनगर, गुलजारबाग, दानापुर, शास्त्रीनगर, नौबतपुर, पश्चिम बोरिंग कैनाल रोड, जक्कनपुर, मालसलामी, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग, फुलवारीशरीफ, फतुहा, बख्तियारपुर, बहादुरपुर, मेहंदीगंज, एसके पुरी, लालजी टोला, राजाबाजार आदि इलाकों के रहने वाले हैं।
उधर एयरपोर्ट थाने के एसएचओ कोरोना संक्रमित हो गए हैं उन्हें बुधवार की देर रात पटना एम्स में भर्ती कराया गया है उनको 10 जुलाई से बुखार आ रहा था जांच के बाद कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
एसबीआई के 20 कर्मी पॉजिटिव
राजधानी स्थित एसबीआई की विभिन्न शाखाओं के 20 कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। फतुहा स्टेशन रोड स्थित केनरा बैंक के एक कर्मी, बिहटा प्रखंड के आनंदपुर स्थित पाटलिपुत्र मध्य ग्रामीण बैंक की सहायक प्रबंधक और मनेर के व्यापुर स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के एक कर्मचारी के काेराेना संक्रमित हाेने पर तीनों बैंकाें काे बंद कर दिया गया है। एसबीआई की दानापुर-गोला रोड ब्रांच के प्रबंधक, राजा बाजार शाखा के 5, एक्जीबिशन रोड शाखा के 6 और पटना मेन ब्रांच स्थित एलसीपीसी सेल के 9 कर्मचारी संक्रमित हैं। संक्रमित सभी अधिकारी और कर्मी होम क्वारेंटाइन हो गए हैं।
वहीं पांच दिन पहले कैंप लगाकर लिए गए लगभग सौ कर्मचारी और अधिकारियों के सैंपल की रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। इससे पहले पटना वेस्ट के आरएम सहित रीजनल कार्यालय के कई कर्मी संक्रमित पाए गए थे। पटना मंडल के मुख्य महाप्रबंधक महेश गोयल ने कहा कि कर्मियों की सुरक्षा के लिए हरसंभव उपाय किए गए हैं। ग्राहकों के लिए सेवा निर्बाध रूप से जारी रहेगी। फतुहा के केनरा बैंक के कर्मियों काे जैसे ही एक स्टाफ के संक्रमित हाेने की जानकारी मिली, गेट पर कोरोना पॉजिटिव शाखा की तख्ती लटकाकर और ताला लगाकर चले गए। बैंक को दो-तीन दिन के लिए बंद किया गया है।
सूधा दूध की सप्लाई पर नहीं पड़ेगा कोई असर
पटना एयरपाेर्ट के पास स्थित काॅम्फेड के एक लेखा अधिकारी काेराेना संक्रमित हाे गए हैं। उन्हाेंने खुद काे हाेम क्वारेंटाइन कर लिया। वह पटेलनगर में रहते हैं। उनके पाॅजिटिव हाे जाने से काॅम्फेड काे बुधवार से शुक्रवार तक के लिए बंद कर दिया गया है। शनिवार और रविवार काे यहां छुट्टी रहती है। इसलिए काॅम्फेड अब साेमवार से खुलेगा। बंदी के दाैरान काॅम्फेड काे सेनेटाइज किया जाएगा।
लेखा अधिकारी के संपर्क में कई अधिकारी व कर्मी अाए हैं। काॅम्फेड, सुधा ब्रांड बिहार व झारखंड की रेगुलेटरी बाॅडी है। हालांकि इससे बिहार-झारखंड में दूध और दूध उत्पाद की सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा। विदित है कि मगध डेयरी गया के एमडी अवधेश कुमार करण की काेराेना से 15 जुलाई काे माैत हाे गई थी, वहीं फतुहा में स्थित शीत प्लांट के भी कई कर्मी संक्रमित हाे चुके हैं।
बाढ़ के 18 लोगों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
बाढ़ प्रखंड क्षेत्र के 18 लोगों की रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव आई है। बीडीओ अमरेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि सदर बाजार इलाके और ग्रामीण क्षेत्र की अगवानपुर पंचायत के कुछ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 20 जुलाई को 74 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे।
डीएम ही रिजर्व करेंगे निजी अस्पतालों में बेड
स्वास्थ्य विभाग ने सभी डीएम को निजी मेडिकल कॉलेज या हॉस्पिटल में कोरोना मरीज लिए बेड आरक्षित करवाने के लिए अधिकृत किया गया है। डीएम हॉस्पिटल में बेडों की संख्या को देखकर यह निर्णय करेंगे। निजी हॉस्पिटल में मरीजों से कितनी राशि ली जाएगी इसका निर्धारण भी डीएम करेंगे।
पटना सिटी इलाके में दो और संक्रमित मिले
पटना सिटी इलाका हॉट स्पॉट रहा है। इलाके में बुधवार को दो काेराेना मरीज मिले हैं। गुरु गोविंद सिंह अस्पताल के प्रबंधक शब्बीर खान ने बताया कि गुरहट्टा में एक 18 वर्षीय युवती औरपंचशील नगर कुम्हरार में 35 वर्षीय महिला में बीमारी की पुष्टि हुई है।
25 स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच में 108 पॉजिटिव
शहर के 25 स्वास्थ्य केंद्रों पर एंटीजन किट से कोरोना जांच हो रही है। इन केंद्रों पर बुधवार को जांच कराने 594 लोग पहुंचे। इनमें 444 लोगों की जांच की गई, जिनमें 108 लोग पॉजिटिव पाए गए। ीएम कुमार रवि ने सिविल सर्जन को सभी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है। आलमगंज में 2, बड़ी पहाड़ी में 4, दीघा मुसहरी में 1, दाउदपुर बगीचा में 1, पूर्वी लोहानीपुर में 5, गर्दनीबाग में 3, गुलजारबाग में 2, झखरी महादेव में 5, जयप्रभा में 4, कंकड़बाग में 5, मारूफगंज में 10, पोस्टल पार्क में 2, रुकनपुरा में 8, शास्त्रीनगर में 9, सचिवालय में 4, पश्चिमी लोहानीपुर में 3, होटल पाटलिपुत्र अशोक में 14, गर्दनीबाग में 3 और एनजीआरएच में 12 मरीज मिले हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/news/two-igims-doctors-and-14-medical-staff-one-nurse-of-pmch-airport-police-station-infected-127542527.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/07/23/96_1595460013.jpg
0 Response to "आईजीआईएमएस के दो डॉक्टर और 14 मेडिकल स्टाफ, पीएमसीएच की एक नर्स, एयरपोर्ट थानाध्यक्ष संक्रमित"
Post a Comment