आदर्श बनेगा हरनौत रेलवे स्टेशन, स्विच सिस्टम से लैस होंगे रेलवे फाटक
बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया रेलखंड में हरनौत के क्रॉसिंग रेलवे स्टेशन को यात्री सुविधा के लिए आदर्श बनाने की तैयारी शुरू कर दी गयी है। इसके लिए पहले स्टेशन परिसर में सुलभ शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। पे एंड यूज के आधार पर लोग इसका उपयोग कर सकेंगे। स्टेशन प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि स्टेशन परिसर में रेलवे की काफी जमीन है। भविष्य की संभावना को देखते हुए विभिन्न संसाधनों के विकास में इसका उपयोग किया जाना है। सुलभ शौचालय भी यात्री सुविधा का महत्वपूर्ण संसाधन है।
उन्होंने कहा इसी वर्ष निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना है। रेलवे की जमीन संबंधी कार्यकलाप राजगीर में आईओडब्ल्यू के माध्यम से क्रियान्वित किये जाते हैं। सुलभ शौचालय बनने से यात्रियों को सुविधा भी मिलेगी और आसपास की आबादी साफ-सफाई के प्रति प्रेरित होगी और रेलवे का राजस्व भी बढ़ेगा। वाहनों के आवागमन पर ट्रेन परिचालन के कारण रुकावट कम होगी : हरनौत रेलवे स्टेशन के उत्तर और दक्षिण बने रेलवे फाटक अब स्विच सिस्टम से लैस होंगे। इससे संबंधित रोड में वाहनों के आवागमन पर ट्रेन परिचालन के कारण रुकावट कम होगी।
स्टेशन प्रबंधक ने बताया कि हरनौत के जलगोविंद पथ में फाटक संख्या आठ और गोनावां रोड में फाटक संख्या दस को स्विच सिस्टम से लैस करने का काम किया जा रहा है। यह काम रेल यातायात एवं दूरसंचार निरीक्षक, मोकामा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसे दो से तीन माह में पूरा होने की उम्मीद की है। स्थानीय लोगों की मानें तो खासकर गोनावां रोड में वाहनों का आवागमन ज्यादा है। नालंदा के ग्रामीण क्षेत्र के साथ पटना के ग्रामीण क्षेत्र और शेखपुरा की ओर जाने व उधर से आने वाले यात्री व मालवाहक वाहन का प्रतिदिन आना जाना लगा रहता है।
मैनुअल तरीके से रेलवे फाटक बंद करने व खोलने से श्रम के साथ समय भी लगता है। जिससे चंद मिनटों में रेल लाइन के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग जाती है। सवारी डिब्बा मरम्मत कारखाना के कर्मियों को अक्सर जाम की समस्या झेलनी पड़ती है। इसके लिए कर्मी रेल ओवर ब्रिज बनाने की मांग कर रहे थे। स्विच सिस्टम से उन्हें भी समस्या से निजात मिलेगी।
भविष्य में संभावनाओं के खुले हैं द्वार: बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया रेलखंड के दोहरीकरण की भी मांग वर्षों से है। बताया जाता है कि इसके लिए विभागीय स्तर से सर्वे भी हो चुका है। रेलखंड के दोहरीकरण में सुरक्षा मानकों को लेकर रेल सुरक्षा आयुक्त की हरी झंडी मिलने की बात भी कही जा रही है। जानकारों की मानें तो इसका प्रस्ताव प्राथमिकता के तौर पर मंत्रालय को भेजा गया है। वहां इसकी स्वीकृति और बजट बनने के बाद ही आगे की कार्रवाई संभव है।
कैंटीन व आरपीएफ पोस्ट की है मांग: स्टेशन पर यात्री सुविधा व सुरक्षा के लिए कैंटीन व आरपीएफ पोस्ट की मांग भी काफी समय से की जा रही है। दैनिक यात्रियों का कहना है कि स्टेशन परिसर में उपलब्ध संसाधनों को अक्सर असामाजिक तत्व नुकसान पहुंचाते हैं। जिससे इसकी सुविधा यात्रियों को नहीं मिल पाती है। पर्व-त्योहार व लग्न के सीजन में अन्य जिलों अथवा दूसरे प्रदेशों से काफी संख्या में लोग लौटते हैं। सुरक्षा के अभाव में अक्सर उनके ठगे व लूटे जाने की आशंका बनी रहती है। इस वजह से स्टेशन पर आरपीएफ की स्थाई पोस्ट की मांग काफी समय से की जा रही है। कभी-कभार दूर जाने वाले यात्रियों को चाय-नाश्ते आदि के लिए भटकना पड़ता है। स्टेशन प्रबंधक ने बताया कि स्थानीय रेल कारखाने में आरपीएफ पोस्ट है। आवश्यकतानुसार उन्हें बुलाया जाता है। कैंटीन के संबंध में निर्णय दानापुर डिवीजन से होना है।
रेलवे के लिए सोने का अंडा देने वाला हो सकता है रेलखंड
इस रेलखंड का दोहरीकरण होने से झारखंड व उड़ीसा के साथ दक्षिण भारत की दूरी भी घटेगी। इससे रेलवे के लाभुकों की संख्या में गुणात्मक वृद्धि का अनुमान है। खासकर पर्यटन के क्षेत्र में विकास की काफी संभावनाएं हैं। उक्त राज्यों में जाने के लिए क्षेत्र के लोगों के लिए आज भी सड़क यातायात ही पहला विकल्प है। रेल की सुविधा के लिए पटना की दौड़ लगानी पड़ती है। जानकारों की मानें तो रेलखंड के तकनीकी व अन्य संसाधनों के विकास के लिए चल रहे कामों से भविष्य में संभावनाओं के नये द्वार भी खुलने के आसार हैं। इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक ने कहा कि रेलखंड के सर्वे के संबंध में जानकारी है। शेष आने वाला वक्त ही बतायेगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/harnaut/news/adarsh-railway-station-to-be-built-railway-gates-to-be-equipped-with-switch-system-127410883.html
https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/06/15/orig_62_1592175770.jpg
0 Response to "आदर्श बनेगा हरनौत रेलवे स्टेशन, स्विच सिस्टम से लैस होंगे रेलवे फाटक"
Post a Comment